हेमन्त शर्मा का आलेख 'लौटती स्मृति का फूल है हरसिंगार'
![]() |
'लौटती स्मृति का फूल है हरसिंगार'
हेमन्त शर्मा
‘हरसिंगार’ फूलने लगे हैं। इसे देख मन मगन है, चित्त पुलकित। बांछें खिली हुई हैं (श्रीलाल जी के शब्दों में शरीर में जहां भी होती हैं)। यह मदमाता, शर्मीला और नशीला फूल आधी रात चुपके से फूलता है। और फूलते ही झड़ने लगता है। जब भैरवी अपने आरोह पर होती है, आसावरी पूरे उठान पर होती है, तो इसका सौंदर्य चरम पर होता है। चिरैया बोलती है। धरती जल्दी जग जाती है। तभी हरसिंगार की टहनियां मन की गांठ की तरह खुलती हैं और उसके फूल टहनियों के बंधन से मुक्त हो पेड़ से झड़ने लगते हैं। धरती श्वेत-सिंदूरी फूल की चादर ओढ़ लेती है। केसरिया रंग रति का और सफेद यौवन का प्रतीक है। सवेरा होते-होते हरसिंगार शांत और स्थिर हो जाता है। वातावरण उसकी भीनी गंध से उच्छ्वासित होता है।
जैसे जहाज का पंछी जहाज पर लौटता है। पखेरू शाम ढलते घोंसलों की तरफ लौटते हैं। चींटियां लौटती हैं अपने बिलों में, वैसे ही मेरा मन इस मौसम में बार-बार हरसिंगार की तरफ लौटता है। मुझे जिन फूलों से (अंग्रेजी वाले नहीं) बहुत प्यार है उसमें एक ‘पारिजात’ भी है। हरसिंगार को ही ‘पारिजात’, ‘शेफाली’, या ‘शेवली’ भी कहते हैं। ये सभी शारदीय सौंदर्य के एक ही नाम है। उनके रूप, गंध, सौंदर्य, रंग-संयोजन सब एक ही हैं। नाम चाहे जो बोलिए, किसी नाम से पुकारिए, रूप और गंध नहीं बदलते हैं। हरसिंगार का फूलना ही शरद के अस्तित्व का ऐलान है।
मेरे मोहल्ले में शरद के आने की मुनादी ‘हरसिंगार’ कर रहा है। नवरात्र का श्रृंगार है ‘पारिजात’। यह देवी का पसंदीदा फूल है। हरसिंगार बड़ा शर्मिला होता है। रात में चुपके से खिलता है और सुबह होने से पहले झड़ जाता है। फूलने और झड़ने की यह क्रिया कोई देख न ले, इसके लिए वह छुपता, शर्माता और लजाता है, क्योंकि यह ऋतु बहकने की है। हरसिंगार की मादक गंध मन में विचलन पैदा करती है। चित्त उल्लसित होता है। इसकी गंध से गहरे नींद में सोए देवता भी उठ जाते हैं, तो फिर मनई की क्या बिसात। मचलती प्रकृति और बहकता मन शरद की मूल प्रकृति है। हरसिंगार शरद को अगोरता है। बादलों की धमाचौकड़ी रुकने का इंतजार करता है। गुलाबी ठंड में इसके सौंदर्य का पर्दा चुपके से उठता है। सूरज की किरणों का हल्का ताप भी इसके फूल बर्दाश्त नहीं कर पाते। शरद की सुबह इसकी ताजगी से लबालब होती है।
सड़क पर सुबह टहलने के मेरे आनंद को हरसिंगार के लाल डंठल वाले झड़े फूलों की चादर दोगुना करती है। पं. विद्यानिवास मिश्र कहते हैं, “शेफाली झर रही है, ऐसे झरना ही उसका सौंदर्य है। हरसिंगार का झरना उसके धैर्य की अंतिम सीमा है। मन का पहला उकसान है। प्रणय वेदना की सबसे भीतरी परत है”। इस एक वाक्य में हरसिंगार से कहीं अधिक जीवन छिपा है। हम सुंदरता को प्रायः उसके खिलने में खोजते हैं, उसके झड़ने में नहीं। हमें लगता है कि जो बचा रहे वही सुंदर है, जो टिका रहे वही मूल्यवान है। लेकिन हरसिंगार इस धारणा को चुपचाप उलट देता है। उसका सौंदर्य शाख पर खिलने में जितना है, धरती पर बिखरने में भी उतना ही या उससे अधिक है। शायद इसलिए कि पूर्णता का एक अर्थ अपने को छोड़ देना भी है।
बसंत से जो रिश्ता बेला का है, हरसिंगार से वही रिश्ता शरद का है। शरद मानसून की उत्तरकथा है। बारिश प्रकृति का स्नान पर्व है। प्रकृति और निखर जाती है। कुदरत के कैनवास पर नीला, साफ, ताजा आकाश, खिलती रात, शरद यानि हरसिंगार, कमल और कुमुदिनी के खिलने का मौसम। ये फूल प्रकृति के उल्लास और आनंद की सूचना देते हैं। हरसिंगार गंदलेपन से मुक्ति का प्रतीक भी है। बारिश के बाद जैसे प्रकृति अपने चेहरे से धूल पोंछ लेती है, वैसे ही शरद में आकाश अपने भीतर की पारदर्शिता वापस पा लेता है। चीजें वही रहती हैं, लेकिन देखने की दृष्टि बदल जाती है। शरद का सौंदर्य इसी में है कि वह दुनिया को नया नहीं बनाता, बस उसकी धुंध हटा देता है।
नोएडा में इस बार बादल दगा दे गए। लुका-छुपी, दगाबाजी बादलों का यह स्वभाव है। पर मेरे दरवाजे पर बरसों से खड़ा हरसिंगार कभी दगा नहीं देता। तुलसीदास भी इस माहौल पर मगन हैं
‘वर्षा विगत शरद रितु आई, देखहूं लक्ष्मण परम सुहाई’।
उन्हें भी सुबह-सुबह धरती पर हरसिंगार की चादर सुहाती है। तुलसी तो कांस और हरसिंगार से बातें करते चलते हैं। हरसिंगार के शर्मीले फूल संकेत देते हैं कि पितृपक्ष के बाद त्यौहारों का सिलसिला शुरु होगा। क्योंकि शरद उत्सवप्रिय है। इस एक ऋतु में जितने उत्सव होते हैं, पूरे साल नहीं होते। उत्सव किसी समाज की जीवित परम्परा होते हैं। उत्सवों के जरिए हम अतीत से ताकत लेते हैं। पर ये सारे उत्सव पारिजात को झड़ने से रोक नहीं पाते हैं। रात भर में धरती हरसिंगार की सफेद चादर से पट जाती है। सुबह तक ये ताजगी से भरे रहते हैं। दिन चढ़ते ही सपनों की तरह मुरझा जाते हैं। सृष्टि में केवल यही फूल हैं जिन्हें जमीन पर गिरने के बावजूद देवता स्वीकार करते हैं।
![]() |
विद्या निवास जी कहते हैं, हरसिंगार बरसात के उत्तरार्द्ध का फूल है। जब बादलों को अपना बचा-खुचा सर्वस्व लुटा देने की चिंता होती है, जब मघा और पूर्वा में झड़ी लगाने की होड़ लगती है। हरसिंगार के फूलों की झड़ी भी निशीथ के गजर के साथ ही शुरू होती है और शुरू हो कर तभी थमती है जब पेड़ में एक भी वृंत नहीं रह जाता। सबेरा होते-होते हरसिंगार शांत और स्थिर हो जाता है, उसके नीचे की जमीन फूलों से फूल कर बहुत ही झीनी गंध से उच्छवासित हो उठती है। हरसिंगार चुपचाप बिना किसी साज-बाज के अपना पुष्पदान करता है, किसी चातक की पुकार की वह प्रतीक्षा नहीं करता, किसी झिल्ली की झंकार की वह याचना नहीं करता और किसी चपला के आलिंगन का वह इंतजार नहीं करता। वह देता चला जाता है... जब तक उसकी टहनियों में एक भी फूल बचा रहता है। हरसिंगार की पूरी फिलॉसफी इन्हीं चार शब्दों में है। प्रकृति में कोई चीज अपने होने की घोषणा नहीं करती। नदी बहती है, पेड़ छाया देता है, फूल गंध देता है। किसी का धन्यवाद लेने के लिए रुकता नहीं। शायद देना तभी तक दान है, जब तक उसमें पाने की प्रतीक्षा न हो।
सुप्पउ तइओ वि गओ जामो त्ति सहीओ कीस मं भणह।
सेहालिआण गंधो ण देइ सोत्तुं सुअह तुम्हे॥
प्राकृत भाषा के ग्रंथ ‘गाथासप्तशती’ की यह पंक्तियां भी शेफाली के मादक सौंदर्य और गंध को बताती हैं। इसमें रात का तीसरा पहर बीत जाने पर सखियां नायिका से सोने के लिए कहती हैं, तो नायिका कहती है हरसिंगार/शेफालिका की मादक सुगंध उसे सोने नहीं दे रही। उसके विरह को यह फूल और विस्तार दे रहा है। सातवाहन वंश के राजा ‘हाल’ की इन पंक्तियों का रचना काल पहली शती से तीसरी शती के बीच का है।
हरसिंगार का जिक्र अमरकोश में भी है-
पञ्चैते देवतरवो मन्दारः पारिजातकः।
सन्तानः कल्पवृक्षश्च पुंसि वा हरिचन्दनम्॥
इसके मुताबिक स्वर्ग के पांच दिव्य वृक्ष हैं उनमें ‘मन्दार’, ‘पारिजात’, ‘सन्तान’, ‘कल्पवृक्ष’, और ‘हरिचन्दन’ हैं। पारिजात या हरसिंगार को देवताओं का फूल माना जाता है। 'पारिजात' शब्द का अर्थ है 'स्वर्ग से अवतरित'। यह फूल रात में खिलते हैं और सूर्योदय की पहली किरण के साथ वृक्ष की शाखाओं से नीचे गिर जाते हैं, इसलिए इसे रात में खिलने वाली ‘चमेली’ भी कहते है।
हिन्दी में इस फूल को हरसिंगार या परिजात, संस्कृत में पारिजात और शेफालिका, मराठी में पारिजातक, गुजराती में हरशणगार, बंगला में शेफालिका, शिउली, तेलुगू में पारिजातमु या पगडमल्लै, तमिल में पवलमल्लिकै, मज्जपु, मलयालम में पारिजातकोय, पविझमल्लि, कन्नड़ में पारिजात, उर्दू में गुलजाफरी, अंग्रेज़ी मे नाइट जेस्मिन और लैटिन में निक्टेन्थेस आर्बर-ट्रिस्टिस कहते हैं। हरसिंगार का पेड़ सिर्फ 10 से 15 फीट ऊंचा हो कर ही आपका मन मोह लेता है। इस पेड़ के फूल, पत्ते और छाल औषधि के तौर पर भी काम आते है। वैसे तो पूरे भारत में यह पेड़ पाया जाता है, पर पश्चिम बंगाल में इसे राजकीय पुष्प का दर्जा है। मध्य भारत और हिमालय की नीची तराइयां इसे ज्यादा प्रिय हैं। आयुर्वेद से सभी निघन्टू इसे हलका, रूखा, तिक्त, कटु, गर्म, वात-कफनाशक, ज्वार नाशक, मृदु विरेचक, शामक, उष्णीय और रक्तशोधक बताते है। आयुर्वेद में ‘सायटिका रोग’ की यह दवा है।
हरसिंगार का रासायनिक संघटन भी गजब है. इसके फूलों में सुगंधित तेल होता है। रंगीन पुष्प नलिका में ‘निक्टैन्थीन’ नामक रंग द्रव्य ‘ग्लूकोसाइड’ के रूप में होता है जो केसर में स्थित ‘ए-क्रोसेटिन’ जैसा होता है। बीज मज्जा से पीले भूरे रंग का स्थिर तेल निकलता है। पत्तों में टैनिक एसिड, मेथिल-सेलिसिलेट, एक ग्लाइकोसाइड मैनिटाल एक राल, कुछ उड़नशील तेल, विटामिन ‘सी’ और ‘ए’ पाया जाता है। यह दैवीय पौधा कई आयुर्वेदिक गुणों से भरपूर है। आयुर्वेद के अनुसार पारिजात के 15 से 20 फूलों के रस का सेवन करने से हृदय संबंधित परेशानियों से राहत मिलती है। कहते हैं कि इसकी पत्तियों को पीस कर पीने से इम्युनिटी भी मजबूत होती है। हरसिंगार का पेड़ दक्षिण एशिया और दक्षिण पूर्व एशिया का मूल निवासी है। यह भारत, नेपाल, बांग्लादेश, थाईलैंड और इंडोनेशिया में व्यापक रूप से उगाया जाता है। हरसिंगार उष्णकटिबंधीय और उपोष्णकटिबंधीय जलवायु को पसंद करता है।
पारिजात वृक्ष की पौराणिक कथा रोचक है। हरिवंश पुराण में पारिजात वृक्ष की उत्पत्ति समुद्र मंथन के दौरान बताई जाती है। पारिजात समुद्र मंथन से निकले 14 रत्नों में से एक है। यह देवताओं को मिला था। स्वर्ग में इंद्र ने इसे अपने 'नंदनकानन' वाटिका में रोपा। यानी यह स्वर्ग का वृक्ष है। समुद्र मंथन से निकलने के बाद पारिजात वृक्ष स्वर्ग से धरती तक कैसे पहुंचा? इसकी भी कहानी दिलचस्प है। एक बार श्रीकृष्ण अपनी 'पटरानी' रूक्मिणी के ‘व्रतोद्यापन-समारोह' में रैवतक-पर्वत गये। उस उत्सव की समाप्ति पर देवर्षि नारद भी वहां आ गये। नारद जी पारिजात फूल लिये हुए थे। उन्होंने वह फूल कृष्ण को भेंट किया। कृष्ण ने उसे रूक्मिणी को दे दिया। रूक्मिणी ने उस फूल को अपने बालों में लगा लिया। इससे उनकी कान्ति और सुन्दरता द्विगुणित हो गयी। यह देख नारद उनकी प्रशंसा करते हुए यह कह गए कि इस पुष्प के कारण रूक्मिणी अपनी पटरानियों से हजार गुना सुन्दर लग रही हैं।
वहां सत्यभामा की दासियां भी खड़ी थीं। उन्होंने द्वारका लौट कर सत्यभामा को नारद का कहा बता दिया। इस बात से सत्यभामा नाराज हो कोपभवन में पहुंच गईं। जब कृष्ण सत्यभामा के महल पहुंचे तो उन्हें कोप भवन में देख कर चिंतित हुए। उन्होंने सत्यभामा के रोष का कारण जाना और उन्हें पारिजात वृक्ष ला कर देने का वचन भी दिया। कृष्ण ने इस काम के लिए नारद को याद किया। नारद आए। कृष्ण ने नारद को अपना दूत बना कर इन्द्र के पास भेजा, ताकि देवराज कृष्ण को अपना अनुज मान कर सत्यभामा की प्रसन्नता के लिए पारिजात वृक्ष भिजवा दें।
नारद से यह प्रस्ताव सुन देवराज इन्द्र ने कृष्ण को जबाब भिजवाया कि पारिजात वृक्ष देवताओं के उपयोग की वस्तु है, उसे मानव लोक में भेज देने पर मनुष्यों को अनायास ही स्वर्ग के सुख प्राप्त होने लगेंगे। फिर वे धर्म का त्याग कर देंगे और स्वर्ग की प्राप्ति के लिए भी सत्कर्म नहीं करेंगे। इंद्र के इस तर्क से कृष्ण सहमत नहीं हुए। उन्होंने पारिजात वृक्ष को बलपूर्वक लेने की धमकी दी। तब नारद ने दोबारा जा कर इन्द्र को समझाया। इन्द्र ने भी पारिजात न देने की ज़िद पकड़ ली। फिर कृष्ण ने अमरावती पर आक्रमण करने का एलान किया। इन्द्र देवगुरू बृहस्पति के पास पहुंचे। उनसे सलाह ली। बृहस्पति ने क्षीरसागर के तट पर पहुंच कर इन्द्र के पिता कश्यप को सारी बातें बताई। कश्यप ने इस समस्या का हल निकालने के लिए महादेव का आवाहन किया। महादेव शंकर ने युद्ध को अवश्यंभावी देखते हुए सलाह दी कि कश्यप और अदिति स्वयं जा कर युद्ध को रोकें। कृष्ण ने गरूड़ पर सवार हो कर अमरावती पर आक्रमण कर दिया। इन्द्र और कृष्ण में घोर युद्ध हुआ। अन्त में अदिति और कश्यप ने पहुंच कर दोनों का समझाया और युद्ध रुकवाया। साथ ही शची से सत्यभामा को 'पारिजात’ वृक्ष उपहार में दिलवा दिया।
जिस वक्त कृष्ण जबरन पारिजात वृक्ष को धरती पर ला रहे थे तभी कुपित देवराज इंद्र ने इस पौधे को श्राप दिया कि इस पेड़ के फूल सिर्फ रात में ही खिलेंगे और इस पेड़ पर कभी फल नहीं आएगा। पारिजात की एक पौराणिक कथा यह भी है कि जब यह वृक्ष पृथ्वी पर आया, तब कृष्ण की पत्नी रुक्मिणी उसके फूल के लिए अड़ गयीं। उस समय कृष्ण ने इस वृक्ष को यह वरदान दिया कि यह पेड़ भले ही सत्यभामा के बगीचे में है, लेकिन इसके फूल रुक्मिणी के बगीचे में गिरेंगे।
एक दूसरी कथा बताती है- पाण्डवों की माता कुन्ती, शिव भक्त थीं। हर रोज शिवोपासना करती थीं। एक बार जब अर्जुन दिव्यास्त्रों तथा नृत्य एवं संगीत की शिक्षा के लिए इन्द्रलोक गए तब इन्द्र ने अर्जुन को एक पारिजात का वृक्ष माता कुन्ती के लिए दिया। ताकि वह शिवोपासना में पारिजात के दिव्य फूलों का इस्तेमाल कर सकें। इन्द्र से मिले उस वृक्ष को अर्जुन ने जिस जगह पर लगाया था उसका नाम अर्जुन की माता कुन्ती के नाम से ‘किन्तूर’ पड़ा। यह किन्तूर गांव उत्तर प्रदेश के बाराबंकी में है। अर्जुन के द्वारा स्थापित वह पारिजात का वृक्ष आज भी किन्तूर गांव में है। लोग उसकी पूजा करते है।
पारिजात को 'संगीताश्रयी द्रुम' भी कहा गया है। उसके आश्रय में सदा उत्सव और संगीत रमता था। वहां गन्धर्व राज ‘चित्ररथ’ अपने बेटे के साथ देवताओं को प्रसन्न करने के लिए वाद्ययंत्र बजाते थे। इसका उल्लेख भी है कि ऊर्णायु, चित्रसेन, हाहा, हूहू, डुम्बर, तुम्बुरु तथा अन्य गन्धर्वगण छह गुणों से युक्त गीतों का गान करते थे। उर्वशी, विप्रचित्ति, हेमा, रम्भा, हेमदन्ता, घृताची और सहजन्या आदि अप्सराएँ इसी वृक्ष की छाया में अपने नृत्य व गीत कला का प्रदर्शन करती थीं।
महाकवि कालिदास भी पारिजात पर मोहित हैं। हरसिंगार के सौन्दर्य का वर्णन कालिदास से भवभूति और तुलसी दास से यश मालवीय तक कर गए हैं। कालिदास के साहित्य में जो देवतरू दर्ज है उनमें से पारिजात प्रमुख है। उनके यहां पारिजात का अर्थ- ‘समुद्र से उत्पन्न’ है। महाकवि का कहना है- “कल्पवृक्षों में सबसे सुन्दर पारिजात ही है।” कालिदास का मानना है कि इसकी “मादक सुगन्ध, चिन्ता और थकान को दूर करने वाली है।” यह वृक्ष इन्द्र पत्नी को सदैव प्रिय है।
महाकवि कालिदास ने अपनी रचनाओं, छंद में पारिजात का उल्लेख नौ जगह पर किया है-
1. कल्पद्रुमाणामिव परिजातः
2. आविर्भूतमपां मध्ये पारिजातमिवापरम्:
3. द्वितीय. सखी. भाच्या: पारिजातं शुभागिनी:
4. पारिजातकूसुमै: प्रसाधयन्:
5. स पारिजातोद्भवपुश्पमय्या सजा:
6. तौ. पारिजाप्रसवप्रसंगो मरुत्:
7. किरीटकाटिच्युतपारिजातपुश्पात्करेणार्ना मतेन मूर्वना:
8. स पारिजात प्रसवस्रगाढयंमू:
9. ललितपारिजातशयनीये भवन्ति:
सब मानते है कि यह फूल चमत्कारी है, इसके छूने मात्र से थकान दूर हो जाती है। इसे घर में जरूर लगाना चाहिए। धर्म ग्रंथों में कई दैवीय पौधों का जिक्र है, जिन्हें केवल प्रणाम करने, पूजा करने या फिर छूने मात्र से ही सारी तकलीफें दूर होती हैं और सभी कामनाओं की पूर्ति होती है। कहते हैं कि वनवास काल के दौरान सीता पारिजात के पुष्पों के हार बना कर पहनती थीं। इसलिए ही इसका एक नाम ‘श्रृंगार हार’ भी पड़ा। वास्तुशास्त्र की मान्यता है कि पारिजात का वृक्ष जिसके भी घर में या फिर आस-पास भी होता है, उस घर के सभी तरह के वास्तुदोष दूर हो जाते हैं। पारिजात के फूलों का खासतौर पर भगवान विष्णु और माता लक्ष्मी के पूजन के लिए इस्तेमाल किया जाता है। शास्त्रों में इसे अत्यंत पवित्र माना गया है।
हरसिंगार को देख कर लगता है कि शरद केवल एक ऋतु नहीं है। वह प्रकृति का वह क्षण है जब बहुत कुछ बीत जाने के बाद चीजें अपने असली रूप में दिखाई देने लगती हैं। बारिश जा चुकी है। आकाश साफ है। रात उजली है। और देहरी पर हरसिंगार के फूल बिखरे हैं। हरसिंगार लौटती हुई स्मृति का फूल है। वह बहुत देर तक टिकता नहीं। लेकिन जितनी देर रहता है, उतनी देर में शरद को पहचान दिला देता है। और फिर झड़ जाता है।
सुंदरता का काम हमेशा टिके रहना नहीं होता. कभी-कभी उसका काम केवल इतना होता है कि वह हमारे भीतर कोई गांठ खोल दे, कोई पुरानी स्मृति जगा दे और हमें याद दिला दे कि जीवन में जो सबसे मूल्यवान है, वह हमेशा हमारे हाथ में रहने के लिए नहीं आता। वेद भी कहते हैं कि पूर्णता ही परमानंद है। मनुष्य पारिजात को तब पाता है जब यह पुष्प पूर्णता को प्राप्त कर लेता है। इसकी पूर्णता इसे एक बंधन से मुक्त करती है। क्रम टूटता है। और पारिजात सबका हो जाता है। प्रकृति का, धरती का, हवाओं का, जीवों और मनुष्य का। शरद आ गया है. हरसिंगार फिर खिल रहा है। और सुबह की सड़क पर उसके झड़े हुए फूलों को देख कर लगता है... कुछ चीजें टूट कर ही पूरी होती हैं।




बहुत ख़ूब
जवाब देंहटाएं