अंजू केशव की गजलें
![]() |
| अंजू केशव |
नाम - अंजू केशव
निवास - जमशेदपुर, झारखंड
जन्मतिथि - 24 अप्रैल
शिक्षा - स्नातकोत्तर, जेट उत्तीर्ण
पुस्तक - सन्नाटे में शोर बहुत है (ग़ज़ल-संग्रह)
गीत, ग़ज़ल, कहानी, लघुकथा आदि साहित्य की विविध विधाओं में लेखन,
विभिन्न पत्र-पत्रिकाओं और साझा संग्रहों में प्रकाशित
अक्सर सामने दिखने वाला तथ्य ही सच नहीं होता। सच के तमाम पहलू और भी होते हैं। लेकिन इन्हें देखने परखने की फुरसत आज भला किसके पास है? देखने के लिए जो संवेदनाजनित दृष्टि चाहिए वह इस दौर में लगातार छिजती जा रही है। आदर्श और नैतिकता बीती और अप्रासंगिक बातें होती जा रही हैं। इस दौर में सोचने समझने को जैसे स्थगित सा कर दिया गया है। फिर भी कुछ लोग हैं जो सोचने और सिहरने वाले हैं। रचनाकार इसीलिए आम जनता के बीच होते हुए भी थोड़ा अलग होता है। वह उन उपेक्षितों की बात करता है जिन पर किसी की नज़र नहीं पड़ती। अंजू केशव जिजीविषा से भरी रचनाकार हैं। वे जानती हैं कि दुखड़ा रोने से काम नहीं चलता। जिसके पास उम्मीदें हैं, उसके पास सब कुछ है। वह हारी हुई लड़ाई भी जीत सकता है। अंजू जन्म जन्मान्तर जैसी काल्पनिक बातों में यकीन नहीं करतीं। उन्हें यह हकीकत पता है कि यह जिंदगी फ़क़त एक बार ही तो मिलती है। अंजू की ये उम्दा पंक्तियाँ देखिए : "हँसते रहिए कि फक़त ये ही इलाजे ग़म है/ कारगर कब हुआ हर वक़्त का दुखड़ा रोना/ सोचिए सिर्फ़ अब आगे का सफ़र हो कैसा/ वक़्त जो बीत गया सोच उसे क्या रोना/ जिंदगी मिलती है बस एक दफा ही सबको/ तो चलो छाँट दें उसमें से हम अपना रोना।" आइए आज पहली बार पर हम पढ़ते हैं अंजू केशव की ग़ज़लें।
अंजू केशव की गजलें
1
जीने की तमन्ना हो या मरने का इरादा
लो छोड़ दिया ख़ुद से भी डरने का इरादा
इतरा के कहा ख़्वाब नें है पास मेरे ग्लू
है अब नहीं मेरा भी बिखरने का इरादा
बहती हुए पानी की ये किलकारियाँ तो सुन
फिर पूछ भी लेना कभी झरने का इरादा
है याद वचन कोई भी क्या सप्तपदी के
या है तेरा उससे भी मुकरने का इरादा
आईने को भी साफ किया धूल हटाई
मेरा भी है अब ख़ूब सँवरने का इरादा
सीखा तो नहीं तैरना पर सीख ही लेंगे
जब कर लिया पानी में उतरने का इरादा
दिखने लगे हैं चारों तरफ उसको तो मरहम
लगता है कि ज़ख़्मों का है भरने का इरादा
2
आज दौलत आपके जो हाथ आई है
सोचिए कि इसमें कितनों की कमाई है
एक दिन फिर आज गुजरा हँस के जब मेरा
ज़िंदगी से ये कहा तुझको बधाई है
जब परिंदा पास आया तब समझ पाया
है तो ये बरगद मगर ये बोनसाई है
सिर्फ कहने को न है कि 'हँस सलामत रह'
सच में ये तरकीब मेरी आजमाई है
हर ख़ुशी पाबंद है माना उजालों के
पर जनम लेता अँधेरे में कन्हाई है
है खिलाफ इक दूसरे के जिस्म का हर अंग
ख़्वाब आँखें देखतीं मुँह में जम्हाई है
बादलो! बरसो कि तन की हो सियाही कम
लूट लेती चैन ये काली कमाई है
3
जो सपने है नहीं वो सिर्फ सपने हैं
उगे बंजर पे जैसे कोई बिरवे है
अभी तक देते हैं हम तो बड़ों को मान
अभी तक हम ज़रा से यार! पिछड़े हैं
भरेंगे सिर्फ मरहम से नहीं वो तो
लगे जो घाव बातों के वो गहरे हैं
हो चाहे स्कूल या कॉलेज का कैंपस
यहाँ बाबू औ' बेबी के ही किस्से हैं
पड़ोसी की भी चीखें सुन कहाँ पाते
हुए दीवारों के भी कान बहरे हैं
ये सोशल मीडिया जितना दिखाता है
नहीं बच्चे तो नालायक भी उतने हैं
अलग फ्लेवर इसे भी चाहिए हर वक्त
ओ यार! इस ज़िंदगी के कितने नखरे हैं
4
मचा अंदर की औरत शोर मुझसे छूट जाती है हमेशा लड़ के वो मुँह जोर मुझसे छूट जाती है
पहुँचती आसमां तक हैं पतंगे मेरी जैसे ही सँभालूँ चाहे जितनी डोर मुझसे छूट जाती है
चुरा लेती हैं तब क्या-क्या कहाँ से कैसे बतलाऊँ
कभी जब नींद बन कर चोर मुझसे छूट जाती है
दिलासा गर नहीं इसको दिया अच्छे दिनों का तो
मेरी उम्मीद भी घुसखोर मुझसे छूट जाती है
ख़तम होते नहीं नखरे हैं आँखों की नमी के भी अगर पोछूँ पलक तो कोर मुझसे छूट जाती है
लदा है घर की दिनचर्या का इक बेताल कंधे पर
कि अक्सर ही सुहानी भोर मुझसे छूट जाती है
परी कोई तो है मुझमें पता है ये मुझे लेकिन पकड़ने पर लगा कर जोर मुझसे छूट जाती है
5
ठीक होता है किसी का न हमेशा रोना
कोई सुनता नहीं हर बार है उसका रोना
कभी दुनिया से था शिकवा कभी किस्मत का गिला
रोने वालों को तो हर बात पे आया रोना
आपके दर्द की कीमत है फक़त इतनी ही
लोग कहते हैं कि इनका तो है रहता रोना
चाँदनी के तो न जाने बने किस्से कितने
देखता कौन चरागों का है तन्हा रोना
हँसते रहिए कि फक़त ये ही इलाजे ग़म है कारगर कब हुआ हर वक़्त का दुखड़ा रोना
सोचिए सिर्फ़ अब आगे का सफ़र हो कैसा वक़्त जो बीत गया सोच उसे क्या रोना
जिंदगी मिलती है बस एक दफा ही सबको
तो चलो छाँट दें उसमें से हम अपना रोना
6
कोई है साथ पर साथी नहीं है
दिल ऐसे रिश्तों का कैदी नहीं है
भले ही आप नावाकिफ हों खुद से
मुझे कोई गलतफहमी नहीं है
थकन है सो उतर जाएगी जल्दी
मगर हिम्मत अभी हारी नहीं है
किसी की जान का क्या रब्त इससे
किसी के माथे पर बिंदी नहीं है
दुबारा स्नेह माँ वाला है दुर्लभ
अगर घर में कोई बेटी नहीं है
बचाना ख़ुद को मेरे आँसुओं से
ये केवल आँख का पानी नहीं है
बने रहना सदा अपनी नजर में
कि इसके बाद कुछ बाकी नहीं है
7
आपको माना कि बारिश चाहिए
बादलों की भी तो ख्वाहिश चाहिए
क्या ही लेना है इसे कुछ भी जले
तीलियों को सिर्फ आतिश चाहिए
है तो औरत ही भले सीता ही है
तो उसे भी आज़माइश चाहिए
कर तो सकते आपका हम काम हैं
पर किसी की तो सिफारिश चाहिए
आइने की ज़िद अगर है टूटना
पत्थरों को कैसी कोशिश चाहिए
दोस्ती चाहे चिरागों से न हो
पर अँधेरों से तो रंजिश चाहिए
योजनाओं से न चलती सिर्फ ये
है सियासत इसको साज़िश चाहिए
8
विचारों का ही मंथन नित किया है
ग़ज़ल को इस तरह जीवित किया है
तुम्हारे साथ जितने पल गुजारे
उन्हीं को ज़िंदगी घोषित किया है
यूँ कैसे बाँटता है चाँद ठंढक
अनल जब उसने अवशोषित किया है
चलो करते हैं अब स्वीकार उसको
जो दुख कुदरत ने प्रस्तावित किया है
तुम्हें संसार ही लगता है दुश्मन
मन अपना इतना क्यों कुंठित किया है
हुई बदनामी हो या नाम सब कुछ
नियति ने ही अप्रत्याशित किया है
तो घबराना है क्यों आलोचना से
इसी ने आपको चर्चित किया है
9.
सच जान लो ये दाएँ न बाएँ बताएँगी
कुदरत का हर मिज़ाज हवाएँ बताएँगी
कोई बताए या न बताए मगर तुम्हें
रस्ता सही है कौन दिशाएँ बताएँगी
चुप होगी हर किताब मगर धर्म की व्यथा
हर युग में कौरवों की सभाएँ बताएँगी
होते हैं किस तरह के बिना रीढ़ के वजूद
ये दर्द ठीक-ठीक लताएँ बताएँगी
है ज़िंदगी तो आपकी पर हाल आपका
टेबल पे जो रखी हैं दवाएँ बताएँगी
कैसे उजाड़ देता है मठ को जमावड़ा
ये चार-चार बेटों की मांँएँ बताएँगी
10.
हैं गलतफहमी में जो भी रो रहे हैं
सोच कर ये दुख वो अपने धो रहे हैं
बाद में कोई गिला मत कीजिएगा
आज ही ये देखिए क्या बो रहे हैं
आपको चढ़ना है तो है बदहवासी
लोग कुछ कंधों पे पर्वत ढो रहे हैं
खोजने थे संस्कृति के बीज जिनको
भीड़ में वो आज खुद ही खो रहे हैं
ठीक है बदलाव के नायक नहीं हम
हाँ! मगर बदलाव में कुछ तो रहे हैं
भूलिए उनको कभी मत ज़िंदगी में
आपकी तामीर में जो-जो रहे हैं
बोलिए कैसे निभे रिश्ता अकेले
जबकि रिश्ते में हमेशा दो रहे हैं
11
उठेंगी मंजिलें ज़्यादा तो ढाँचा टूट जाएगा तुम्हारा इस तरह प्यारा घरौंदा टूट जाएगा
कहा है लक्ष्मी तो मान भी लो लक्ष्मी उनको अगर टूटेंगी बहुएँ तो बसेरा टूट जाएगा
जगा देना समय पर नौनिहालों को जरा अपने रहे सोते तो फिर सपना सलोना टूट जाएगा
बनाने में इसे मत झूठ का तड़का लगाना तुम न जुड़ पाएगा फिर जब ये भरोसा टूट जाएगा
नहीं काफी हैं सुविधाएँ उसे थोड़ा समय तो दो बिना माँ-बाप के आँखों का तारा टूट जाएगा
ये शायर की है मिट्टी है गुँधी ये भावनाओं से इसे साँचे में ढालोगे तो साँचा टूट जाएगा
अगर सब कुछ बचाना है झगड़ भी लें कभी मिल कर
रहे चुप हम तो ये रिश्ता हमारा टूट जाएगा
12
तेरे रस्ते की मंजिल जब मेरा दर हो जाएगा दीवारों दरवाजों का ये ढाँचा घर हो जाएगा
रस्सी ! तेरा आना-जाना रोज अगर हो जाएगा फिर तो पत्थर बचना चाहे लाख, असर हो जाएगा
ख़्वाबों को पिंजरे में तुमने बंद रखा है अरसे से ऐसे तो मासूम परिंदा ये बेपर हो जाएगा
दर्द तुम्हारे बरसेंगे जब मेरी आँखों से साथी अपना ये कच्चा रिश्ता उस रोज अमर हो जाएगा
तोड़ो दुनिया वालो ! चाहे जितना तुम दिल का शीशा
बचना उन लम्हों से जिनमें दिल पत्थर हो जाएगा
जब तक सींच रहे हैं आँसू जिंदा हैं तब तक सपने
सूख गए जिस दिन ये उस दिन सब बंजर हो जाएगा
ना-मुमकिन ख़्वाहिश का पौधा नोच अभी डालो जड़ से
जीना दूभर कर देगा जिस रोज शजर हो जाएगा
**
(इस पोस्ट में प्रयुक्त पेंटिंग्स कवि विजेन्द्र जी की हैं।)




आपकी गजलों को पढ़कर बहुत अच्छा लगा । मन के अंदर तक उतर जाने वाले शब्द ।जीवन के हर पहलू का बखूबी चित्रण किया है आपने ।
जवाब देंहटाएं