विश्व सिनेमा पर विमल चन्द्र पाण्डेय का आलेख “मैप ऑफ़ द ह्यूमन हार्ट” : अद्भुत संयोगों से भरी अद्भुत प्रेम कहानी
विश्व के विभिन्न देशों में बनी कुछ महत्वपूर्ण फिल्मों पर पैनी नजर डाली है हमारे कवि-कहानीकार मित्र विमल चन्द्र पाण्डेय ने । विमल की फिल्मों में भी काफी रूचि और दखल है। इन दिनों वे कुछ अच्छी फ़िल्में बनाने के क्रम में मुम्बई जैसी मायानगरी में संघर्ष कर रहे हैं। वे इस संकल्प के साथ मुम्बई गए हैं कि वहाँ वे साफ़-सुथरा काम करेंगे न कि बेसिर-पैर की फिल्मों और धारावाहिकों पर। पहली प्रस्तुति के क्रम में न्यूजीलैंड के निर्देशक विन्सेंट वार्ड की फिल्म ‘द मैप ऑफ द ह्यूमन हार्टस की चर्चा प्रस्तुत है । विश्व सिनेमा पर एक सिलसिलेवार प्रस्तुति पढ़ सकेंगे । विमल चन्द्र पाण्डेय “मैप ऑफ़ द ह्यूमन हार्ट” : अद्भुत संयोगों से भरी अद्भुत प्रेम कहानी बचपन में अपनी पाठ्य पुस्तक में एस्किमो बालक नाम का एक चैप्टर पढ़ा था जिसमे पहली और आखिरी बार सील और वौलरस नाम के जीवों की तसवीरें देखीं थीं और इग्लू के बारे में जाना था । कुछ तस्वीरों में कई एस्किमो बालक स्लेज की सवारी कर रहे थे । स्लेज यानि एक ऐसी गाड़ी जिसे कुत्ते खींचते हैं । बहुत अच्छा लगा था लेकिन उस उम्र...