राजीव आनंद का आलेख 'डॉ. हरिवंश राय बच्चन: भारत के बेमिसाल व सर्वाधिक लोकप्रिय कवि'
हरिवंश राय बच्चन आज 27 नवंबर प्रख्यात कवि हरिवंश राय बच्चन की 107वीं जयंती है । इस अवसर विशेष पर पहली बार के लिए एक आलेख लिख भेजा है मित्र राजीव आनन्द ने । तो आइए पढ़ते हैं यह आलेख डॉ. हरिवंश राय बच्चन: भारत के बेमिसाल व सर्वाधिक लोकप्रिय कवि राजीव आनंद डॉ. हरिवंश राय बच्चन का परिचय बहुत ही मुख्तसर सा है जो वे खुद दिया करते थे कि ‘‘मिट्टी का तन, मस्ती का मन, क्षण भर जीवन, मेरा परिचय । ’’ छायावाद के प्रखर और आधुनिक प्रगतिवाद के मुख्य स्तम्भ माने जाने वाले डॉ. हरिवंश राय बच्चन ने कैम्ब्रिज विश्वविद्यालय से पी-एच. डी. की डिग्री डब्ल्यू. बी. यीट्स के कार्यों पर शोध कर प्राप्त किया था । यह उपलब्धि हासिल करने वाले वे पहले भारतीय थे । अंग्रेजी साहित्य में पी-एच. डी. की उपाधि लेने के बाद उन्होंने हिन्दी को भारतीय जन की आत्मभाषा मानते हुए हिन्दी क्षेत्र में साहित्य सर्जन का महत्वपूर्ण फैसला लिया तथा आजीवन हिन्दी साहित्य को समृद्ध करने में लगे रहे । कैम्ब्रिज से लौटने के बाद डॉ. बच्चन आकाशवाणी के इलाहाबाद क...