कवि हरीश चन्द्र पाण्डे का सुनीत मिश्र द्वारा लिया गया साक्षात्कार
कवि हरीश चन्द्र पाण्डे से बात करते हुए सुनीत मिश्र युवा कवि और शोधार्थी सुनीत मिश्र ने अपने एम फिल कार्य के अंतर्गत कवि हरीश चन्द्र पाण्डेय से एक महत्वपूर्ण साक्षात्कार लगभग एक वर्ष पहले लिया था । अपने बारे में लगभग न बोलने वाले , मृदु-भाषी रचनाकार हरीश जी अपनी कविताओं में जिस तरह मुखर हो कर बोलते हैं उससे उनकी प्रतिबद्धता स्पष्ट हो जाती है। इस साक्षात्कार के जरिए हम अपने प्रिय कवि के उस व्यक्तित्व और रचना-कर्म से रु-ब-रु हो सकेंगे , जिससे हम अभी तक लगभग अपरिचित रहे हैं। तो आइए आज पहली बार पर पढ़ते हैं कवि हरीश चन्द्र पाण्डे का सुनीत मिश्र द्वारा लिया गया साक्षात्कार। कवि हरीश चन्द्र पाण्डे का सुनीत मिश्र द्वारा लिया गया साक्षात्कार 1. आपका पारिवारिक परिवेश कैसा था, आपका बचपन किस तरह बीता और प्रारंभिक शिक्षा कहाँ से और कैसे हुई ? मैं ग्रामीण परिवेश में पला-बढ़ा हूँ। मेरी आठवीं तक की शिक्षा गाँव के पास ही महाकालेश्वर में हुई। हाईस्कूल घर से आठ-नौ किलोमीटर दूर द्वाराहाट...