मनीष चौरसिया की रपट 'वीथिका का आयोजन : Generation - पीढियां'
इलाहाबाद संग्रहालय प्रयागराज में बीते 15 मार्च 2026 को वीथिका के अन्तर्गत 'Generation-पीढ़ियां' का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में वरिष्ठ रचनाकार डॉ. सूर्यबाला, नई पीढ़ी की सशक्त रचनाकार आकृति विज्ञा 'अर्पण' के साथ साथ प्रो. बसंत त्रिपाठी, डॉ. शिशिर सोमवंशी, डॉ. जनार्दन, ब्रिगेडियर रजनीश त्रिवेदी, और वरिष्ठ रंगकर्मी श्री प्रवीण शेखर जैसे चिंतनधर्मी वक्ता शामिल हुए। इस कार्यक्रम की एक रपट हमें लिख भेजी है इलाहाबाद विश्वविद्यालय के शोध छात्र मनीष चौरसिया। तो आइए आज पहली बार पर हम पढ़ते हैं मनीष चौरसिया की रपट 'वीथिका का आयोजन : Generation - पीढियां'। रपट 'वीथिका का आयोजन : Generation - पीढियां' मनीष चौरसिया बात उन दिनों की है जब एम. ए. (2021-23) में प्रो. बसंत त्रिपाठी के कहने पर मनोज रूपड़ा की कहानी 'रद्दोबदल' पढ़ी थी। कहानी यह दिखाती है कि कैसे आधुनिकता की दौड़ में रिश्तों में रद्दोबदल (बदलाव) आ गया है। अब रिश्ते भावों की जगह उपयोगिता (utility) और भौतिक लाभ पर टिके हैं। एक-दूसरे के प्रति सम्मान और सहयोग की भावना कम होती जा रही है। लोग स्वार...