सेवाराम त्रिपाठी का आलेख 'मुक्ति भी एक सपना है'


सेवाराम त्रिपाठी 


जीवन अपने तरीके से आगे बढ़ता रहता है। इसके चलने के कोई तयशुदा मानक नहीं हैं। स्वाभिमान के साथ जीने वाले भी अवसर के मुताबिक थोड़ा झुक जाते हैं। यह झुकना जीवन को बचा ले जाता है। जीवन में थोड़ी लोच लचक होनी भी चाहिए। तभी जीने का मज़ा भी है। लेकिन इसका मतलब यह भी नहीं कि झुकना ही जीवन का पर्याय बन जाए। स्वामी विवेकानंद का कहना याद आ रहा है- “झुको केवल उतना ही, जितना सही हो। बेवजह झुकना केवल दूसरों के अहम और वहम दोनों को बढ़ावा देता है।” वहम का बढ़ते जाना अच्छी बात नहीं। यह बिला वज़ह अहमक भी बनाता है। असहमति की आवाज़ लोकतन्त्र की आत्मा होती है। जहाँ असहमति को सुनने का धैर्य नहीं वहां जनतंत्र का दिखावा भर होता है। असहमति का मतलब ही होता है कि हम केवल अपनी आवाज़ें दूसरों पर न थोपें, दूसरों की अंतर्ध्वनियों को भी सुनें। वरिष्ठ आलोचक सेवाराम त्रिपाठी लिखते हैं "असहमति की अवमानना जनतंत्र को खोखला करना है। इसका काम अगर-मगर और जगर की दुनिया सजाने और भरमाने से नहीं चल सकता। उसी प्रकार जनपक्षधरता के ठेकेदारों ने भी अपने लिए एक खूबसूरत सुविधावाद चुन लिया है। वो किस शुचिता के चक्कर लगा रहे हैं, लेकिन ऐसे क्रांतिवीरों के मनोविज्ञान को जान-पहचान लिया गया है। उनके सभी नक़्शे भी ओपन हो चुके हैं। भविष्य नक्शों में नहीं टिक सकता, वह जीवन यथार्थ के व्यवहारशास्त्र से बनता है और वहीं सक्षम कार्रवाई भी करता है। किसी ने कहा है, कि सच को बोझ बना दिया जाए और झूठ को इज्ज़त में कन्वर्ट कर दिया जाए। यह सूरतेहाल किसी भी स्थिति में स्वीकार्य नहीं है।" जनतंत्र के सिमटने का मतलब है आजादी का सिमट जाना। बकौल सेवाराम त्रिपाठी "लोकतंत्र को ठिकाने लगा कर आप न तो जनपक्षधर संगठनों, मानवीय मूल्यों और उसकी व्यावहारिकी को बचा सकते हैं और न नैतिकताओं की रक्षा कर सकते हैं। ज़ाहिर है कि खोखली चीज़ें किसी काम की नहीं होतीं।" आइए आज पहली बार पर हम पढ़ते हैं सेवाराम त्रिपाठी का आलेख 'मुक्ति भी एक सपना है'।


आलेख

'मुक्ति भी एक सपना है'


सेवाराम त्रिपाठी 


“गर देश की सुरक्षा ऐसी होती है

कि हर हड़ताल को कुचल कर 

अमन को रंग चढ़ेगा 

कि वीरता बस सरहदों पर मर कर 

परवान चढ़ेगी 

कला का फूल बस 

राजा की खिड़की में ही खिलेगा 

अक़्ल, हुक्म के कुएँ पर 

रहट की तरह ही धरती सींचेगी 

मेहनत राजमहलों के दर पर 

बुहारी ही बनेगी 

तो हमें देश की सुरक्षा से खतरा है।"

(अवतार सिंह पाश)


जनपक्षधरता हमारे जीवन विकास का बहुत बड़ा स्वरूप है, जो ज़िंदगी के फैलाव और घनत्व को ठीक से आँक सकता है। जनपक्षधर संगठनों, मूल्यों ने इस परिप्रेक्ष्य में बहुत लंबे समय तक काम किया था। तब उसके पास एक बहुत बड़ा लक्ष्य था- गुलामी का प्रतिरोध, अँधेरे का प्रतिरोध और हर हाल में आज़ादी के लिए संघर्ष करना। यही नहीं मानवीय मुक्ति के लिए हर संभव प्रयास करना। हर प्रकार के अँधेरों के ख़िलाफ़ लड़ना और जूझना। लक्ष्य तो अब भी है और परिभाषाओं के तरकश के तीर अभी भी हैं। लेकिन वो जज़्बा धीरे-धीरे क्षरण का शिकार होता जा रहा है। कुछ चीज़ें दिखावटों, मुखौटों और उलटबांसियों में तब्दील होती जा रहीं  हैं। हमारे जीवंत उसूल, यत्र-तत्र-सर्वत्र सिद्धांतों की तोड़-भांज में फेंके जा रहे हैं। यूँ इरादों  की लगातार आवाजाही है और मसाइल भी वही हैं, लेकिन उनकी दिशाएँ और फिजाएँ काफ़ी बदल गई हैं। दुःखद स्थिति यह है कि हो हल्ला जारी है। स्वार्थों के साँप वहाँ भी फ़न फटक रहे हैं। एक ऐसे समाज की संरचना करना जहाँ भेदभाव न हो। शोषणमुक्त सामाजिक सांस्कृतिक समरसता की स्थितियों का अनिवार्यतः निर्माण होता रहे। यह सपना नहीं यथार्थ है। हमारा जीवन यथार्थ, वैचारिकी, जनतंत्रात्मकता, सामूहिकता, सामाजिकता और प्रगाढ़ पारिवारिकताओं की दुनिया और आपसी स्नेह संबंधों का निर्झर हुआ करता था, प्रश्न है कि अब कथनी-करनी का माद्दा कहाँ है? बिचौलिए इसी में अपनी लीलाएँ करते हुए दिखाई देते हैं और उन उसूलों पर मर मरने मिटने वालों का हौसला और सपनों को मटियामेट करने का इरादा तक खत्म किया जा रहा है। जिसके लिए हमारा जीना और मरना था। हमारी हर साँस सामूहिकता, सामाजिकता और आचरणों के वैभव के साथ ली जाती थी। जनपक्षधरता और जीवन-मूल्यों के आसमान और उसकी धरती के निर्वाह का कचूमर निकाला जा रहा है। शातिर मनोविज्ञान और कुत्सित इच्छाओं ने एक नया पैंतरा अपनाया है कि कि कुछ भी हो सब पर कब्ज़ा कर लो। लोकतंत्र के कनबोज में हम लगातार झापड़ रसीद कर रहे हैं और उसकी  लगातार अवमानना भी कर रहे हैं। लोकतंत्र को निरंतर बहरा, गूँगा, कोढ़ी, अपाहिज़ और अपराधी बनाया जा रहा है।

आज़ादी के पहले का वह दौर संघर्ष, समर्पण और भाईचारे के भीषण जज़्बे का था। एक विशेष प्रकार की शांति-सद्भाव, प्यार-अपनत्व और भरोसों की पुकार का हुआ करता था। जनतांत्रिकता की अंतर्ध्वनियों की विभिन्न आवाज़ें भी थीं और बाँकपन के बजाय मानवीय मूल्यों और इरादों की नदी भी बहती थी और उसमें एक दूसरे के प्रति समर्पण भाव ज़िंदा था। अपनत्व का बहुत बड़ा जज़्बा हुआ करता था क्योंकि उसमें साझापन, सहजता और विश्वास के साथ मिलजुल कर काम करने वाला भाव भी था। अब तो असहमति की आवाज़ों को हम आशंकाओं में गिन रहे हैं। ऐसा व्यवहार कर रहे हैं। उसके स्वरूप से ही चिढ़ रहे हैं। उन पर धोबिया-पछाड़ दाँव का इस्तेमाल कर रहे हैं और उन्हें ध्वस्त करने में जी जान से जुटे हैं। लोकतंत्र को ठिकाने लगा कर आप न तो जनपक्षधर संगठनों, मानवीय मूल्यों और उसकी व्यावहारिकी को बचा सकते हैं और न नैतिकताओं की रक्षा कर सकते हैं। ज़ाहिर है कि खोखली चीज़ें किसी काम की नहीं होतीं।

समय बदलता चला गया। देश आज़ाद हुआ और गणतंत्र को हमनें स्वीकारा, लेकिन अगर मगर की आवाज़ें कई तरह के खेल विकसित करती रहीं हैं।  संविधान को लगातार कुचला जाता रहा और उसी के साथ जनसरोकारों और प्रतिबद्धताओं का जाप भी चलता रहा है। किस सामाजिकता की खोह से यह सब कुछ साहित्य -संस्कृति और कलाओं के संसार में धड़म-धड़ैया हो रहा है। बहुत कठिन है डगर पनघट की। फिलिस्तीनी कवयित्री तौफ़ीक़ ज़याद के शब्दों में- 

"मैं लौटूंगा

तब तक संभाल कर रखना

मेरी आवाज़ मेरी महक, मेरा रूप

संभाल कर रखना  सब कुछ

ओ मेरी फूलों की क्यारियाँ” 

सत्ताएँ तो आज़ादी और जनतंत्र की आवाज़ों को निरंतर ख़त्म करने पर सुनियोजित तरीके से लगी हैं। क्या जनसरोकारों की हाँक लगाने वाले भी यही धतकरम करेंगे।

हम यदि ठूँठ नहीं हुए तो हमें आत्मालोचन और आत्मावलोकन भी करना होगा। कभी चाणक्य ने कहा था कि- “सम्मान से समझौता नहीं करना चाहिए, क्योंकि ये अभिमान नहीं बल्कि स्वाभिमान है। व्यक्ति का आत्म-सम्मान ही उसकी असली पूँजी है। इसे किसी भी क़ीमत पर सुरक्षित रखना चाहिए। क्योंकि इसके खो जाने पर धन, पद, रिश्ते सब बेकार हो जाते हैं।” ज़ाहिर है, कि हमें अपने निर्णयों के प्रति बहुत कठोर होना पड़ता है। लेकिन किसी प्रकार का सम्मोहन और सुविधाशास्त्र रचते हुए नहीं। सुविधाएँ कठोर निर्णय लेने से रोकती हैं। लेकिन वो कौन सी स्थितियाँ हैं, कौन सा सुविधावादी विज्ञान है और कौन सा आचारशास्त्र और संहिता है, जिसके लिए हम आज़ादी और जनतंत्र की हत्याएँ करते हुए जंग जीतने की फ़िराक़ में हैं।

जब निर्णय ले लिया है कि किसी भी सूरत में  जनपक्षधरता के लिए और जनतांत्रिक मूल्यों और अंतर्ध्वनियों को सुनने-समझने, पहचानने के लिए ही काम करना है तब किसी भी प्रलोभन को गंभीरता से त्याग देना चाहिए। किसी भी निर्णय को पद-प्रतिष्ठा के खूंटों से बाँधा नहीं जा सकता। लालची और जबरिया ठंसने  की मुद्रा अख्तियार करने वाले उससे मुक्त नहीं हो सकते। यह एक तरह का मकड़जाल है, जो भी थोड़ा सा सम्मान है, वही नहीं बचेगा, तो फ़िर जीना कैसा और उसका अर्थ ही क्या? और उसका औचित्य ही क्या? राष्ट्रपति की तरह रबर स्टैंप बन कर जीना भी  क्या कोई जीना हो सकता है? आप अपनी रोज़-रोज़ फजीहत कराएँ और प्रलोभनों के संजाल में फंसे रहें। इसलिए ऐसी किसी  स्थिति की कल्पना भी नहीं की जानी चाहिए। 

समय से बड़ा कोई शिक्षक नहीं होता। धैर्य से बड़ी कोई दुनिया नहीं होती। सच बोलने वाला किसी से नहीं डरता। इसलिए सच प्रायः अकेला होता है। लेकिन सच के रास्ते पर चलने वाले हर स्थिति का सामना कर ने से नहीं हिचकिचाते। आदमी से छोड़िए, वो काल से भी नहीं डरते। सच से ताक़तवर कोई चीज़ संभवतः इस दुनिया में नहीं होती है। सच तो सच है और वो लोकतांत्रिक आवाज़ों को ख़त्म करके किसी भी सूरत में नहीं पाया जा सकता। ज़ाहिर है कि झूठा प्रचारतंत्र बहुतों को गच्चा खिलाता है, लेकिन एक दिन वह वाह-वाही की मुबारक दुनिया सजाते होते हुए भी आख़िर में नेस्तनाबूद हो जाता है। इसे हर हाल में रेखांकित होना चाहिए। और इसे किसी भी सूरत में भूला भी नहीं जा सकता और न ही भुलाया जा सकता।

जनतांत्रिक मूल्यों की हत्या करके आप किस शुचिता को ओढ़ बिछा सकते हैं? हमारे समय में जनतांत्रिक अंतर्ध्वनियों और जीवन यथार्थ की संकल्पना, सच्चाई और उसकी आवाज़ों को गंभीरता से सुनने, समझने, पहचानने के समूचे उपक्रमों और रास्तों को छेंक दिया गया है। परम शुचिता के खंडहरों में नैतिकता, संवेदनशीलता और मनुष्यता को विकसित करने और जोड़ने के समूचे रास्ते  ही जाम कर दिए गए हैं। इनके ऊपर तानाशाही मनोविज्ञान ने पूरी तरह से कब्ज़ा कर लिया है। ये प्रवृतियाँ सबको एक साथ झुकाना चाहती हैं। विवेकानंद का कहना याद आ रहा है- “झुको केवल उतना ही, जितना सही हो। बेवजह झुकना केवल दूसरों के अहम और वहम दोनों को बढ़ावा देता है।”

भारतीय राजनीतिक परिदृश्य में और सत्ता-व्यवस्था में क़ाबिज़ शक्तियों ने न केवल असहमति की आवाज़ों को पूरी तरह से अपने सुविधावाद के लिए नकार दिया है, बल्कि पूरी तरह से रौंद डाला है। असहमति की अवमानना जनतंत्र को खोखला करना है। इसका काम अगर-मगर और जगर की दुनिया सजाने और भरमाने से नहीं चल सकता। उसी प्रकार जनपक्षधरता के ठेकेदारों ने भी अपने लिए एक खूबसूरत सुविधावाद चुन लिया है। वो किस शुचिता के चक्कर लगा रहे हैं, लेकिन ऐसे क्रांतिवीरों के मनोविज्ञान को जान-पहचान लिया गया है। उनके सभी नक़्शे भी ओपन हो चुके हैं। भविष्य नक्शों में नहीं टिक सकता, वह जीवन यथार्थ के व्यवहारशास्त्र से बनता है और वहीं सक्षम कार्रवाई भी करता है। किसी ने कहा है, कि सच को बोझ बना दिया जाए और झूठ को इज्ज़त में कन्वर्ट कर दिया जाए। यह सूरतेहाल किसी भी स्थिति में स्वीकार्य नहीं है।

हमारे दिमागों में सदिच्छा से ऐसे विचार प्रायः उद्भूत नहीं होते। सद इच्छाओं का स्टॉक क्रमशः कम हो रहा है। हमें निरंतर अनेक प्रश्नों से गुत्थम-गुत्था होना पड़ता है और ये कोई एक-दो दिन की बातें भी नहीं हैं। यह अनवरत एक विशेष प्रक्रिया है। प्रश्न कभी भी अपराध की शक्ल में नहीं आने चाहिए।  असहमतियाँ जताने की इच्छाएँ आप  किसी भी सूरत में खारिज़ नहीं कर सकते। उनमें लोक का एक अंदरूनी भोलापन होता है। राम के लंका से लौटने पर ‘धोबी प्रसंग' स्मरण करना होगा। जिसमें सीता जी को ले कर गंभीर सवाल उठाए गए थे। राम ने उसका सामना किया था। लोक में उठ रहे सवालों को, इन आवाज़ों को हमें किसी छल-प्रपंच और छद्मों की तरह नहीं देखना चाहिए। लेकिन अक्सर हो यही रहा है। न जाने कितने अपने मन की अर्गलाओं के बंदी हो चुके हैं। जो नहीं होना चाहिए, वो धड़ल्ले से हो रहा है, जिसे होना चाहिए उसको साज़िशन ठेंगा दिखा दिया जाता है। जानने-समझने के लिए भी ये चीज़ें वृहत्तर हिलोर की तरह धूमधाम से प्रकट होती हैं। और कभी-कभी चीज़ों के भेदन के लिए भी संदर्भ, प्रसंग और उसकी व्याख्याएँ चर्चे के रूप में विकसित कर दी जाती हैं। जनतंत्र अब तक की सर्वाधिक उपयोगी व्यवस्था है। असहमति जनतंत्र का सर्वाधिक मूल्यवान तत्व, लक्षण और गुण है। हम केवल अपनी आवाज़ें दूसरों पर न थोपें, दूसरों की अंतर्ध्वनियों को भी सुनें। उनकी सृजनात्मक संभावना और वास्तविकताओं से भी साक्षात्कार करें। उन्हें किसी भी स्थिति में नज़रअंदाज़ न करें। लेकिन गुमानों और अपनी उस्तादी से हम उन्हें सुनने समझने और पहचानने की कोशिश ही नहीं कर रहे हैं। अपनी होशियारी की बातें ही करते हैं। शुद्धता के हाँके भी डालते हैं और उनकी गौरव की यात्राएँ भी निकालते हैं। सच के अपने कई प्रारूप होते हैं, लेकिन आज़ादी, जनतंत्र दोनों सिकुड़-सिमट रहे हैं। राजेश जोशी के शब्दों में-


“सिकुड़ते हुए जनतंत्र में

सिर्फ़ संदेह बचा है

भरोसा नहीं बचा

चुप्पियों की दीमकें खा रही हैं

हमारी किताबों को

डर का घुन खोखला कर रहा है

हमारी आवाज़”


कुछ बातें इस सिलसिले में  गड्ड-मड्ड  नहीं की जा सकती। कुछ तिकड़मशास्त्री आशंकाओं के न जाने कितने बाड़े लगाते हैं और न जाने कितने अंकरा-कुहर के पैबंद लगाते और सजाते हैं। हम लोकतांत्रिकता के जरिए प्रतिरोध का सक्षम तरीक़े सामना करें, न कि असहमति रखने वालों की छीछालेदर करने या उन्हें निर्वीर्य करने के प्रयास करें। उसे किसी भी सूरत में अच्छी स्थिति नहीं माना जा सकता। कभी मैनेजर पांडेय ने अपनी बातचीत में कहा था कि- “आलोचना की संस्कृति को बचाए रखने के लिए प्रतिरोध की संस्कृति को बचाना ज़रूरी है।” श्री धरम के एक प्रश्न के उत्तर में उन्होंने यह भी कहा था कि- "आलोचना की संस्कृति की रक्षा करना बहुत ज़रूरी है। आलोचना की संस्कृति की रक्षा केवल आलोचना तक सीमित रह कर नहीं की जा सकती। आलोचना अपनी रक्षा तभी कर पाएगी, जब वह इन दोनों प्रवृत्तियों के विरुद्ध सांस्कृतिक स्तर पर प्रतिरोध की चेतना निर्मित करने में सक्षम होगी। तभी वह साहित्य की रक्षा कर सकती है, सांस्कृतिक चेतना की रक्षा कर सकती है और स्वयं अपनी संस्कृति अर्थात आलोचना की संस्कृति की रक्षा कर सकती है।”

हमारे समय का कड़वा सच है की हमने लोकतांत्रिक प्रणाली को गंभीरता में न ले कर बट्टे खाते में डाल दिया है। और उसी प्रकार की डील भी कर रहे हैं। लोकतांत्रिकता से हम घबरा रहे हैं। जैसे आज के दौर की क़ाबिज़ दक्षिणपंथी ताकतें घटियोत्तम तरीके से जनतांत्रिकता की अंतर्ध्वनियों से घबरा रही हैं। सच का गला रेता जा रहा है। ज़ाहिर है कि सच बोलने वाला हमेशा अकेला होता है। हर चीज़, व्यापार और बाज़ार के खाते में चली गई है। सभी ओर गुमानों की फौज़ टहल रही है और हमारे इर्द-गिर्द एक शर्मनाक घेरा निर्मित हो गया है। जनतंत्र, मनुष्यता, नैतिकता, संवेदनशीलता, सामूहिकता, साझापन, भाई-चारा और सामाजिकता केवल कहने भर को ही शेष है। उनकी सामाजिकता, रचनात्मकता और आत्मा को रोज़-रोज़ चकनाचूर किया जा रहा है। उसकी व्यावहारिकी, अन्विति, व्याप्ति को तानाशाही मनोविज्ञान ख़त्म कर देना चाहता  है। हम शब्दों की बाजीगरी कर रहे हैं, लेकिन आचरण और व्यवहार तानाशाही मनोविज्ञान में झपट्टामार पद्धति से ही क़ाबिज़ हो गया है। ज़ाहिर है कि यदि ऐसी फ़िज़ा का हमनें घटाटोप बनाए रखा और परम शुचिताओं का गाल बजाते रहे, तो विरोधी स्वरों को हम गंभीरता से  कभी सुन नहीं पाएँगे। और आने वाले समय में ऐसे नायाब स्वरों को सुनने के लिए हम तरस जाएँगे। न लोकतंत्र बच सकेगा और न ही जनपक्षधरता। हवा में लट्ठमलट्ठा होता रहेगा। केवल गाल बजेंगे, वो सब कुछ एक बाड़ा बन जाएगा। ऐसे ‘सुपर बाज़ार' के कारण हम वाकई में निरापद नहीं रह पाएँगे। सचमुच हम-आप लोकतंत्र की आवाज़ों को निरंतर सुनना और समझना चाहते हैं। चंद्रकांत देवताले के शब्दों में कहा जा सकता है-


“ऐसे ज़िंदा रहने से नफ़रत है मुझे

जिसमें हर कोई आए और मुझे अच्छा कहे

मैं हर किसी की तारीफ़ करते भटकता रहूँ

मेरे दुश्मन न हों

और इसे मैं अपने हक़ में बड़ी बात मानूँ”


धिक्कार है ऐसी ज़िंदगी को और धिक्कार है, ऐसी भलमनसाहत को, कि जिसमें ज़िंदा रहें मरे की तरह।

जैसे सत्ता-व्यवस्थायें केवल मन की चीज़ें सुनाती हैं, लेकिन दूसरों की आवाज़ें सुनने-समझने का उनके यहाँ चलन ही नहीं हैं। यह सब नेपथ्य भर में नहीं होता, बल्कि ऐसा ही वातावरण निर्मित कर दिया गया है। खुलेआम यह फिज़ा निर्मित कर दी गई है। इसे एक उदाहरण से जोड़ कर समझा जा सकता है, कि जो माता-पिता, अपनी संतति के लिए अपना सब कुछ दांव पर लगा देता है, वही एक दिन निपट-निचाट अकेला और तन्हा हो जाता है। उसे कह दिया जाता है, कि आपने किया ही क्या है? यह हमारे समय में खूब हो रहा है। बुजुर्गों की अवमानना और अवहेलना के साथ उनकी बेइज़्ज़ती भी धड़ल्ले से की जा रही है और हमें निरंतर कोई शर्म नहीं आती। यहाँ हम उसकी नाप-जोख की बात नहीं कर रहे और न करनी ही चाहिए, लेकिन उनकी सृजनात्मक संभावना और अन्वितियों और आवाज़ को ज़रूर सुनना चाहिए। संसार जैसा था वैसा ही है। कौन आगे और कौन पीछे। यह तो एक विशेष चलन है। इस पर क्या सोचना और क्यों पुनर्विचार करना? पूरा राजनीतिक परिदृश्य हमारे सामने है। मेरा मानना हैं-


"वो न जाने किन-किन उड़ानों में हैं

उनके  कहाँ-कहाँ ठौर हैं वो किन ठिकानों में हैं

काली करतूतों को विकास का नाम दे रखा है

उनका राजपाट उसूलों का नहीं

वो न जाने किन-किन मचानों में हैं

घुप्प अंधेरा पसरा है सभी ओर

सन्नाटों की दुनिया में क़ैद हैं अभिव्यक्तियाँ

वो न जानें किन-किन के फसानों में हैं


नाटक और रंगमंच में मुखौटों का इस्तेमाल किया जाता है। इसे सही स्पिरिट में समझे जाने की आवश्यकता है। अब जनवाद के, प्रगतिशीलता  के और प्रजातंत्र के भी मुखौटे होने लगे हैं। मुखौटों की लंबी-चौड़ी कारस्तानियाँ भी हैं। विश्वास, सत्य, निष्ठा, समर्पण और प्रेम है भी और नहीं भी है। सिद्ध है, कि ये सिद्धांत भर की चीज़ें और हवाएँ नहीं हैं। ये मानवीय मूल्य, नैतिकताएँ पहले भी थीं और अब भी हैं, लेकिन स्वार्थ साधना ने उन्हें औंधा कर दिया है। अपना वृहत्तर बाज़ार और वर्चस्व बनाए रखने के लिए सब कुछ किया जाता है, किया जा रहा है। गुणीजन हर इलाकों में हैं। आगे भी ऐसा ही किया जाता रहेगा। इसमें हाय-तौबा करने की शायद कोई ज़रूरत नहीं होनी चाहिए। यह तो एक समुन्नत बाज़ार का कृत्रिम व्यापार केंद्र है। यहाँ भी वर्चस्ववाद की आँधियाँ बह रही हैं। प्रचार-प्रसारतंत्र हर जगह सक्रिय है। झूठ संगठित हो रहा है और उसके न जाने कितने बगलगीर  हाँ, जी! हाँ, जी! मुद्राओं में थूनियों की शक्ल में, ज़ोर-आजमाइश की मुद्रा अख्तियार कर रहे हैं।

जानना चाहिए कि सार्थक दुनिया किन परिस्थितियों में पली है। उसे अभी और कितने रास्ते तय करने हैं। शायद इसकी कोई आख़िरी मंज़िल नहीं हुआ करती। किसी को कुछ लगता है और किसी को कुछ। ये वही तय करता है, कि वह जीवन यथार्थ को गंभीरता के साथ कैसा अनुभव करता है? उसकी सच्चाई और धुरी क्या है? इसे कोई दूसरा कभी भी नहीं जान सकता। वहाँ अनुमानों की रस्साकस्सी अनवरत चलती रहती है। प्रलोभनों और जीवन के रंगमंच और व्यवहारशास्त्र में हम अपने हिसाब से अनुकूलन की दिशा और दुनिया निर्मित कर सकते हैं। न तो इसका कोई अंतिम रूप है और न इसका कोई प्रारूप हो सकता। इसका न तो कोई सीमांकन किया जा सकता और न ही कोई साक्ष्य  हासिल किया जा सकता है। 

हम अपने तई जीवन यथार्थ की वास्तविकता और जनतांत्रिक स्वरों में ही मूल्यों, नैतिकताओं और वास्तविकताओं का परीक्षण करते हैं। यदि हमारी सामाजिकता, सामूहिकता और मनुष्यता में जनतांत्रिक अंतर्ध्वनियों को अनदेखा करने या अवहेलना करने की आवाजाही पनप चुकी है, बल्कि एक विशेष प्रकार की उड़ान और जड़ता का अनियंत्रित विकास हुआ भी है, तो लोकशाही के लिए कभी कोई स्पेस नहीं हो सकता। वहाँ हम सिद्धांतों के लट्ठ पीटते रहते हैं और अपने हामी बनाते रहते हैं। वहाँ किसी तरह की शुचिता, नैतिकता, संवेदनशीलता और मनुष्यता के लिए सभी कोने रिक्त ही मिलते हैं। इनमें क्या भरमाना और आख़िर इनसे क्यों भागना? हमारे सार्वजनिक जीवन में सवालों का उठना शुभ लक्षण है। लेकिन खलत्व साधना में सिद्धांतों का चक्रव्यूह रच कर अभिमन्यु की वास्तविकता की तरह उसके वध को किसी भी सूरत में जायज़ नहीं ठहराया जा सकता। न जाने कितने प्रकार के चक्रव्यूह दिन-रात रचे जा रहे हैं? कभी धृतराष्ट्र और दुर्योधन ने सोचा होगा, कि उनका अंतिम हश्र क्या होगा। शांतिदूत श्रीकृष्ण को समझौते की सभा में बंदी बनाए जाने की कोशिश की जाएगी, लेकिन मुँह की खानी पड़ेगी। इसलिए बौखलाहट और घबराहट से बाहर निकल कर भी सोचना चाहिए।

हमें कभी भी बड़ा बनने की फ़िराक़ में नहीं होना चाहिए। मंच में बने रहने की इतनी बड़ी भूख क्योँ? नेपथ्य में जीना भी अच्छा लगना चाहिए। जीवन यथार्थ की सैद्धांतिकी अलग होती है और उसकी व्यावहारिकी व्याप्ति और मारक क्षमता अलग। संगठन कोई खालिस चीज़ नहीं है। संगठनों में रह कर आप तानाशाही मनोविज्ञान की मुद्रा से बहुत दूर नहीं जा सकते। बड़े बनने की तमन्ना सब कुछ हवन कर देती है। संगठनों में काम करने के लिए हर छोटे-बड़े से बिना किसी भेदभाव के मिलना होता है, उनसे संवाद करना होता है। संगठन उतावला नहीं हो सकता वह सभी को आत्मीय जगह देता है। वहाँ ज़्यादा-ज़्यादा नहीं, बल्कि थोड़े-थोड़े ही काम करने से ही उम्मीद करनी होती है। प्रशंसाबाज़ी के टॉवरों से बहुत दूर रहना होता है। लेखकों-कलाकारों की दुनिया में थोक लेखन का संसेक्स है साथ ही एक दूसरा पक्ष नपा तुला भी है। बड़े बनने की इतनी व्यग्रता आख़िर क्यों? इतने सुविधावादी ढंग की ऐसी कैसी तमन्ना। अपनी महत्ता की तलाश क्यों। ऐसी जगह की खोज क्यों, न अपने फॉलोवर्स बनाने की भारी भरकम भूख क्योँ? जो भी है, जैसा है सहज और स्वाभाविक बना रहे और सभी को आत्मीय जगह दी जाए। यह स्वाभाविकता बनी रहे। इसी की चाहना होनी चाहिए है। ज़ाहिर है कि जिम्मेदारियाँ कभी खत्म नहीं होतीं, उनके स्वरूप बदल जाया करते हैं। उनकी सृजनात्मक संभावना और भंगिमाएँ बदल जाती हैं। राहत इंदौरी के शब्द याद आ रहे हैं-


“शाखों से टूट जाएँ वो पत्ते नहीं हैं हम

आँधी से कोई कह दे कि औक़ात में रहें।”


सम्पर्क 


मोबाइल : 7987921206

टिप्पणियाँ

इस ब्लॉग से लोकप्रिय पोस्ट

मां की मृत्यु पर कविताएं

कुँवर नारायण की कविताएँ

मार्कण्डेय की कहानी 'दूध और दवा'