सोनिया गाँधी की आत्मकथा "belonging, A journey of love" की रामजी तिवारी द्वारा की गई समीक्षा
(Belonging, A journey of love by Sonia Gandhi)
प्रेम, अपनापन और संघर्ष की कथा-व्यथा
रामजी तिवारी
सोनिया गाँधी की आत्मकथा "belonging, A journey of love" गत 10 नवम्बर को किताब के फ़ार्म में प्रकाशित हुई। इसकी चर्चा को देखते हुए मन में इच्छा जगी कि इससे गुजरना हो जाय। लेकिन बलिया में इसकी उपलब्धता जल्दी दिखाई नहीं दे रही थी कि तभी अगले दिन सुखद सूचना मिली कि यह किताब “आडिबल ऐप” पर आनलाइन फॉर्म में रिलीज हो गयी है। चुकि मेरे पास गत सात वर्ष से “आडिबल ऐप” का सब्सक्रिप्शन था तो मैंने तुरंत ही इसे अपनी ई लाइब्रेरी में संजो लिया। 500 से अधिक पृष्ठ की यह किताब सुनने के फ़ार्म में लगभग 24 घंटे की थी, जिसे औसतन दो घंटे के हिसाब से प्रतिदिन सुनने में मुझे लगभग दो सप्ताह का समय लग गया और तब मुझे यह महसूस हुआ कि इस किताब पर अपनी पाठकीय राय भी जरुर साझा करनी चाहिए। क्योंकि यह किताब सोनिया गांधी के बारे में बहुत सारी जानकारियां देती हैं, साथ ही साथ उनके बारे में फैलाए गये बहुत सारे भ्रमों से पर्दा भी हटाती है। कहना न होगा कि इसमें गत छः दशक की भारतीय राजनीति का झरोखा भी खुलता है।
एक
इस किताब की शुरुआत राजीव गाँधी से उनके रिश्ते की इब्तिदा को ले कर है। जब सोनिया की उम्र 19 वर्ष की थी और राजीव की लगभग 21 वर्ष। वे दोनों इंग्लैंड में पढ़ाई कर रहे थे और एक कॉमन मित्र के जरिये आपस में मिले थे। किताब बताती है कि उनके इस रिश्ते को ले कर राजीव के परिवार में अपेक्षाकृत सहजता थी। जबकि सोनिया गाँधी को अपने परिवार में इसकी स्वीकृति दिलाने के लिए अच्छा खासा संघर्ष करना पड़ा। पांच-सात पृष्ठों की भूमिका के बाद किताब फ्लैशबैक में चली जाती है और सोनिया गाँधी अपने परिवार की पृष्ठभूमि को बताने लगती हैं। पता चलता है कि उनके पिता मुसोलिनी कालीन इटली की सेना में एक सैन्य अधिकारी थे, जो इटली की तरफ से सोवियत रूस में लड़ रहे थे। वहां इटली की पराजय हो गयी और सैनिको को वापस लौटना पड़ा। युद्ध के बाद इटली का क्या हुआ, उसके बहुत सारे विवरण पब्लिक डोमेन में पहले से मौजूद हैं। इटली एक बदहाल देश के रूप में वर्षों तक घिसटता रहा। उस दौर की की प्रसिद्ध इटेलियन फिल्म "बाईसिकिल थीफ" के जरिये उस समाज की स्थिति को समझा जा सकता है।
इटली में एक दो जगह से माइग्रेट होने के बाद उनका परिवार उत्तरी पश्चिम इलाके तुरीन के एक गाँव में बसा। वहाँ उन्होंने अपना व्यापार शुरू किया और धीरे-धीरे उनके घर-परिवार की गाड़ी पटरी पर आने लगी। उनके परिवार में तीन बेटियाँ हुई, जिसमें सोनिया दूसरी बेटी थी। उनका नामकरण भी ईसाइयत के अनुसार सोनिया हुआ, जबकि इटलियेन में उनका नाम एंतोनियो था। घर में पिता की काफी चलती थी और इटली के समाज के अनुसार वे लोग भी चाहते थे कि उन्हें एक बेटा हो। मगर अफ़सोस कि सोनिया की पैदाइश के लगभग 6 वर्ष बाद उन्हें तीसरी संतान हुई, जो पुनः बेटी ही थी।
ऐसी किताबों को पढ़ते हुए मैं किसी आकस्मिक या स्तब्धकारी सूचना को नहीं जानना चाहता हूँ। वरन वे बताती हैं कि हमसे भिन्न समाजों के लोग भी हमारी तरह ही सुख-दुख और मनुष्यता के रिश्ते से बंधे हुए होते हैं। उनकी भाषा अलग हो सकती है, उनका खान-पान अलग हो सकता है, उनका रहन-सहन भिन्न हो सकता है, लेकिन मनुष्यता के रिश्ते मे वे हमारे सहोदर ही होते हैं। रशियन साहित्य को पढ़ने के बाद जैसे गोर्की की मां किसी भी आम भारतीय की माँ लगती है, उसी तरह सोनिया गाँधी का परिवार भी किसी भी आम भारतीय परिवार जैसा ही दिखाई देता है। मसलन जब वे अपने परिवार के इतिवृत्त को बांचते हुए तत्कालीन इटैलियन समाज को उद्धरित करती हैं, वह हिस्सा काफी रोचक भी लगता है और अपना भी। वे मुसोलिनी का जिक्र तो करती ही हैं, लेकिन उनका फोकस इटली के एकीकरण में मुख्य भूमिका निभाने वाले योद्धाओं की तरफ अधिक रहता है। खासकर गैरीबाल्डी की तरफ।
दो
सोनिया गाँधी के बारे में कुछ दुष्प्रचार कामन रूप से पब्लिक स्फेयर में चलते रहे हैं। मसलन कि वे बहुत पढ़ी लिखी नहीं हैं। उनका परिवार दुनिया के अमीरतम लोगों में शुमार होता है। वे लोग महाभ्रष्ट हैं। यहाँ तक कि उनके काम करने को लेकर तरह-तरह के अश्लील गासिप भी चलाये जाते हैं। लेकिन उनकी आत्मकथा पढ़ते हुए जब हमें उनके आरंभिक जीवन के बारे में पता चलता है तो वह एक अलग ही दुनिया का मंजर होता है। पता चलता है कि वे एक परंपरागत और सामान्य इटेलियन परिवार में जन्मी और पली बढ़ी हैं। उनकी प्रारंभिक शिक्षा उत्तर पश्चिमी इटली के शहर ‘तुरिनो’ शहर के पास के एक गाँव ‘ओरबसानो’ में हुई थी। वे जिस तरह से अपने गाँव का जिक्र करती है, उसको पढ़ते हुए हममें से अधिकांश लोग अपने बचपन के गंवई परिवेश को याद कर सकते हैं। जिसमें हम सबका एक बड़ा संयुक्त परिवार था, जिसमें हमउम्र बच्चे थे, जिसमें किस्से सुनाने के लिए दादी नानी थी और खुला प्राकृतिक वातावरण था।
इसलिए जब उन्हें और उनकी बड़ी बहन को माध्यमिक शिक्षा के लिए पास के कस्बाई शहर ‘सेंतिनों’ भेजा जाता है तो वह उन्हे पसंद नही आता है। वे अपने बचपन के गाँव को बहुत मिस करती हैं। फिर उन्हे हाईस्कूल की पढ़ाई के लिए ‘तुरिनो’ भेज दिया जाता है, जहाँ वे फ्रेंच और रशियन भाषा की पढ़ाई करती हैं। उनके फ्रेंच टीचर बार-बार विक्टर ह्यूगो की प्रसिद्ध किताब “ला-मिजरेब्ल्स” का जिक्र करते हैं, जबकि रशियन टीचर की पसंद तालस्ताय की “अन्ना केरेनिना” है। सोनिया याद करती हैं कि बेशक वे इन दोनों किताबों के पात्रों से प्रभावित रहती हैं लेकिन उनकी अपनी पसंदीदा किताब उन्नीसवीं सदी के इटेलियन लेखक अडमंदो दे अमिसेक की "क्युरो" (हार्ट) है।
राजीव के साथ अपने इंग्लैंड के दिनों में वे अपने बीच बातचीत के जिस दायरे का जिक्र करती हैं, वह युवा मन के लिए बहुत बड़ा है। वे खेल की दुनिया में मुहम्मद अली का जिक्र करती हैं, संगीत में बीटल्स का जिक्र करती हैं, राजनीति में मार्टिंन लूथर किंग जूनियर के प्रसिद्ध भाषण को याद करती हैं और वियतनाम के युद्ध को भी। यानि कुल मिला कर उन दोनों की छोटी सी दुनिया की वैचारिक खिड़की से एक बड़ी दुनिया का दरवाजा खुलता है।
सोनिया गाँधी याद करती हैं कि ‘तुरिनो’ और इंग्लैंड के दिनों में उन्हें घर से कैसी सख्त हिदायतें मिला करती थी। खासकर पुरुषों से दोस्ती के बारे में। मगर संयोग देखिये कि उनकी मित्रता दूर देश के एक युवा से हो जाती है। जब सोनिया गाँधी अपनी पढ़ाई के बाद वापस इटली लौटती हैं तो पीछे राजीव उनका हाथ मांगने के लिए ‘लंदन’ से ‘तुरिनो’ कार चला कर पहुँच जाते हैं। और फिर सोनिया गाँधी, राजीव की देश दुनिया को समझने के लिए भारत आती हैं, जहाँ हरिवंश राय बच्चन और तेजी बच्चन के घर में उन्हे ठहराया जाता है। बच्चन जी उनसे कहते हैं कि भारत में लोग किसी स्त्री के बारे वह राय नहीं रखते, जो वह होती है। वे वह राय रखते हैं, जो उनके मन में होती है।
इस किताब से पता चलता है कि उनके बारे फैलाई गयी गासिप और उनकी वास्तविक जिंदगी में कोई मेल नहीं है। वे एक साधारण परिवार से आती हैं, जो काफी आर्थोडाक्स है। दूसरे उनकी पढ़ाई लिखाई का दायरा ठीक ठाक है। और तीसरे वे किसी भी भारतीय लड़की की तरह संस्कारित हैं, समझदार हैं।
तीन
सोनिया गाँधी भारत को समझने के लिए दिल्ली आती हैं, लेकिन यहाँ ऐसी परिस्थितियाँ बनती हैं कि बात शादी तक पहुँच जाती है। दरअसल इंदिरा गाँधी उस समय प्रधानमंत्री बन चुकी रहती हैं, इसलिए वे बहुत सारे लोगों के निशाने पर भी रहती हैं। पार्टी के भीतर भी और पार्टी के बाहर भी। खासकर पार्टी के भीतर सिंडिकेट धड़े द्वारा जो पावर स्ट्रगल चलाया जा रहा है, वह अधिक चुनौतीपूर्ण है। ऐसे में इंदिरा गाँधी कहती हैं कि यदि तुम दोनों लोग इस रिश्ते को ले कर इतने गंभीर हो, फिर तुम दोनों को शादी के बंधन में बंध जाना चाहिए। तुम्हारा भी जीवन पटरी पर आ जाएगा और बाहर के लोगों की बातें भी बंद हो जायेगी। सोनिया यह बात अपने माँ बाप को बताती हैं, जो इटली में हैं। पिता को अभी बहुत सारी बातों पर रिजर्वेशन है, लेकिन माँ उनके फैसले के साथ हैं। वे भारत आती हैं, साथ में सोनिया की बहनें और उनके एक दो रिश्तेदार भी शादी में शामिल होने के लिए यहाँ आते हैं। हाँ, पिता नही आते हैं। उनका संदेश आता है कि यह तुम्हारा फैसला है। लेकिन यहाँ का घर तुम्हारे लिए हमेशा खुला हुआ है।
1968 के फरवरी महीने में राजीव और सोनिया एक सादे समारोह के जरिये शादी के बंधन में बंध जाते हैं। उस समारोह में 100 से कम लोग ही उपस्थित रहते हैं, क्योंकि दोनों की यही इच्छा रहती है कि इसमें सादगी बरती जाय। बाद में इंदिरा गाँधी की राजनीतिक जरूरतों के हिसाब से एक बड़ा समारोह जरूर होता है। शादी के बाद करीब महीने भर सोनिया की माँ उनके साथ दिल्ली में रहती हैं, फिर वे लोग वापस इटली चले जाते हैं। इधर राजीव भी अपनी पायलट ट्रेनिंग को पूरा करने के लिए हैदराबाद चले जाते हैं। अब सोनिया घर में एक तरह से अकेली हैं। क्योंकि इंदिरा गाँधी प्रधानमंत्री हैं और उनकी अपनी व्यस्तताएँ बहुत अधिक हैं। उनके छोटे बेटे संजय भी अपने काम में मशगूल रहते हैं तो ऐसे में सोनिया के लिए यह एक कठिन दौर रहता है।
![]() |
| संजय और राजीव के साथ इन्दिरा गांधी |
कठिनाई कई मरहलो पर हैं। मसलन वे इंग्लैंड के दिनों से भारतीय खाने को लेकर सहज नहीं हैं। उन्हें मसालेदार भारतीय खाना बिल्कुल भी पसंद नहीं आता। दूसरी समस्या भाषा को ले कर है। क्योंकि प्रधानमंत्री आवास में काम करने वाले अधिकतर लोग हिंदी ही बोलते हैं। जबकि सोनिया के लिए अभी इसे समझना कठिन है। हालांकि वे हिंदी सीखने के लिए ट्यूशन जरूर जॉइन करती हैं। क्योंकि उन्हे विभिन्न भाषाओं को सीखने का शुरू से ही लगाव रहा है। इटेलियन उनकी अपनी भाषा है। फ्रेंच और रसियन में उन्होंने डिग्री ली है। अंग्रेजी भी उन्होंने सीख ही लिया है। तो वे हिंदी भी सीखने का प्रयास करने लगती हैं। इस बीच वे अपनी सास इंदिरा गाँधी को नजदीकी से परखती हैं, जो कुछ मामलो में नरम तो कुछ मामलों में अधिक सख्त हैं। उनके घर में काम करने वाले आपस में इशारे से पूछते रहते हैं कि मैडम का मूड कैसा है। बहरहाल लगभग पांच महीने बाद वे अपने पिता के घर इटली जाती हैं, तो वहाँ उन्हें तरह-तरह की कहानियाँ सुनने को मिलती हैं। लेकिन उनसे राबता रखना उन्होंने सीख लिया है। फिर वे वापस भारत आती हैं तो राजीव भी अपनी ट्रेनिंग के बाद दिल्ली आ जाते हैं। वे लोग पहली बार एक साथ घर से बाहर निकलते हैं जब उनका हनीमून कश्मीर में मनता है।
इस बीच राजीनीतिक उठापटक का भी दौर शुरू रहता है। सिंडिकेट की तरफ से इंदिरा को बड़ी चुनौती मिलती है और उन्हे पार्टी से निकाल दिया जाता है। तब वे अपनी पार्टी बनाती हैं और विरोधी धड़े से सफलतापूर्वक मुकाबला करती हैं। सोनिया याद करती हैं कि इंदिरा गाँधी से लोग जब मुकाबला नही कर पाते तो कैसे वे उन पर अश्लील हमले करने लगते थे। बाद में सोनिया गाँधी अपने दिनों को भी इसी तरह से याद करती हैं। उन्हें 1969 में पहला बच्चा होता है, जो लड़का रहता है। मगर अफसोस कि अगले ही दिन वह दुनिया से विदा हो जाता है। किसी भी माँ के लिए यह एक बड़ा सदमा होता है, जाहिर है सोनिया के लिए भी। फिर कुछ महीने बाद पेट में जब दूसरा बच्चा आता है तो उसके लिए पूरा परिवार बहुत तत्पर रहता है। वे डॉक्टर की सलाह पर कम्प्लीट रेस्ट करती है। इतना कि बाहर गॉसिप चलने लगती है कि इंदिरा की बहू वापस तो नहीं चली गयी।
1970 के जून महीने में उन्हे पुनः एक बेटा होता है, जिसका नाम राहुल रखा जाता है।
![]() |
| सोनिया और राजीव गांधी की शादी के पहले की एक तस्वीर |
चार
राजनीतिक परिवार से सम्बद्ध होने का अच्छा और बुरा दोनों परिणाम होता है। अच्छा यह कि आप हमेशा चर्चा में रहते हैं, लोग-बाग़ आपसे मिलना चाहते हैं, आपके बारे में जानना चाहते हैं और बहुत सारी ख्वाहिशे चाहे-अनचाहे पूरी होती रहती हैं। लेकिन उसका बुरा परिणाम यह होता है कि आपके विरोधी आपकी आलोचना में बहुत क्रूर और अमानवीय भी हो जाते हैं। मसलन सोनिया गांधी का पहला बेटा जब पैदा हुआ और एक दिन बाद ही मर गया तो इंदिरा परिवार की बहू होने के कारण उन पर बहुत अमानवीय टिप्पणियाँ भी हुई थीं। मसलन किसी ने कहा था कि “अच्छा हुआ कि इंदिरा परिवार में एक बास्टर्ड कम हो गया”। आप सोच सकते हैं कि उस माँ पर ऐसी टिप्पणियों का क्या असर हुआ होगा, जिसने अपना नवजात बच्चा ख़ोया है।
इसलिए जब उनका दूसरा बच्चा (राहुल) स्वस्थ पैदा होता है तो घर में खुशहाली का मौसम लौट आता है। इंदिरा खासतौर पर खुश हैं और पूरे परिवार के साथ वे इलाहाबाद आती हैं। वहां नवजात बच्चे के लिए कुछ संस्कार होते हैं और साथ में इंदिरा अपने पैत्रिक घर “आनंद भवन” को नेहरू मेमोरियल के रूप में विकसित करने का फैसला करती हैं। जिस घर में वे पैदा हुई रहती हैं और जिस घर से उनकी शादी भी हुई रहती है, उसे वह सार्वजनिक तौर पर समाज को सौंप देती हैं। उनको लगता है कि यह घर सिर्फ हमारा घर नहीं है, वरन स्वतंत्रता आन्दोलन की विरासत भी है। इसलिए इस पर सिर्फ मेरा या मेरे परिवार का अधिकार नहीं हो सकता है। इस पर समाज का भी हक़ होना चाहिए।
सोनिया गांधी याद करती हैं कि अपने पिता के घर में जैसे उन्होंने एक बड़ा कुटुंब परिवार देखा था, उसी तरह यहाँ भी नेहरू गांधी परिवार का कुटुंब विस्तार काफी बड़ा है। और यह इसलिए बड़ा है कि उनकी सास उन सबसे अपने पारिवारिक रिश्ते को निभाती चलती है। इसमें नेहरू के परिवार के लोग भी शामिल हैं और उनके पति फिरोज गांधी के परिवार के लोग भी। हालांकि सोनिया गांधी के राजीव से जुड़ने वाले प्रेम सम्बन्ध से पहले ही फिरोज गांधी की मृत्यु हो गयी रहती है, लेकिन वे देख सकती हैं कि उनकी सास उनके नजदीकी लोगों से भी जुड़ी हुई हैं।
सोनिया यहाँ अपनी सास इंदिरा गांधी और फिरोज गांधी के रिश्ते पर भी बात करती हैं, जो जाहिर है उनके पास भी किसी और सोर्स के जरिये ही पहुंचा है। हम सब जानते हैं कि नेहरू जी इस रिश्ते को ले कर बहुत सहज नहीं थे और सोनिया के पिता की तरह वे भी चाहते थे कि शादी करने से पहले इंदिरा अपनी पढाई को मुकम्मल करें। लेकिन महात्मा गांधी की सलाह पर वे मान जाते हैं और इलाहाबाद के अपने पैतृक घर आनंद भवन से इंदिरा-फिरोज की शादी करते हैं। कुछ समय तक उन दोनों लोगों के रिश्ते सहज और मधुर रहते हैं, लेकिन बाद में दोनों के जीवन की अपनी अपनी व्यस्तताएं उन्हें दूर करती जाती हैं। इंदिरा अपने प्रधानमंत्री पिता की मदद में मशगूल हैं तो फिरोज अपने पत्रकार और संसदीय जीवन में मुब्तिला हैं।
सोनिया याद करती हैं कि प्रधानमंत्री के रूप में इंदिरा गाँधी अपने परिवार, रिश्तेदार, राजनीतिक संबंधों और अंतरराष्ट्रीय मित्रताओं को भी बखूबी निभाती थी। मसलन क्यूबा के तत्कालीन राष्ट्रपति फिदेल कास्त्रो से उनके बहुत मधुर सम्बन्ध थे और युगोस्लाविया के राष्ट्रपति रहे टीटो की विधवा से भी उन्होंने अंत समय तक सम्बन्ध निभाया। जबकि उनके देश में टीटो की मृत्यु के बाद उनकी पत्नी को नजरबन्द कर दिया गया था। ऐसे में जब एक बार मिसेज गांधी यूगोस्लाविया जाती हैं तो वहां की सरकार से आग्रह करती हैं कि उन्हें टीटो की पत्नी से मिलने दिया जाय। सोनिया गांधी की किताब से पता चलता है कि बड़े या रसूख वाले लोगों के परिवारों में भी एक साधारण रिश्ता तैरता रहता है, जो मानवीय मूल्यों पर विकसित होता है, और उसी के कारण फलता फूलता भी है।
![]() |
| आनन्द भवन, इलाहाबाद |
पांच
राजनीतिक उठापटक के दौर में इंदिरा गाँधी मध्यावधि चुनाव की घोषणा करती हैं और एक अच्छे बहुमत से सरकार में वापसी करती हैं। इसी बीच बांग्लादेश का संकट उत्पन्न होता है, जिसमें वे दृढ़ता दिखाती हैं और बांग्लादेश नाम से एक नये देश का उदय होता है। सोनिया याद करती हैं कि उस दौर मे कैसे इंदिरा गाँधी लगातार बैठके करती थीं और कैसे उन्होंने यह निर्णय लिया। घर की बातचीत में वे बताती रहती हैं कि अमेरिका का भारत के प्रति व्यवहार अपमानजनक है और हम लोग किसी भी स्थिति में उन पर भरोसा नहीं कर सकते हैं। सातवे बेड़े की भूमिका को भी इस परिप्रेक्ष्य मे देखा जा सकता है। जब बांगलादेश आजाद होता है तो उसके नेता शेख मुजीबुररहमान बांग्लादेश जाते हुए कुछ समय के लिए दिल्ली में भी रुकते हैं। उस समय सोनिया गाँधी अपने दूसरे बच्चे की माँ बनने वाली हैं, लेकिन घर में इतना जोश रहता है कि प्रसव की तारीख से दो दिन पहले वे मुजीब को देखने के लिए हवाई अड्डे पर परिवार के साथ जाती हैं।
वह इंदिरा गाँधी के उत्कर्ष का दौर होता है। लेकिन वहीं से उनकी जिंदगी में दिक्कते भी आनी शुरू हो जाती है। संजय की शादी का प्रकरण भी परिवार के लिये तनाव का कारण बनता है क्योंकि उस समय मेनका गाँधी वयस्क नही होती। फिर शादी के बाद भी घर में तनाव आना शुरू हो जाता है। मेनका की बहुत सारी बातें इंदिरा गाँधी को पसन्द नहीं आती और मेनका की अपने पति संजय से भी लडाईयां परिवार में अस्थिरता बनाती हैं। सोनिया उनसे अलग रहने की कोशिश करती हैं, इस कारण उनके बारे में भी तरह-तरह की अफवाहें पब्लिक स्फेयर में फैलने लगती हैं। मसलन एक अफवाह में कहा जाता है कि सोनिया और राजीव देश छोड़ कर कहीं और बसने का इरादा रखते हैं। बाद मे पता चलता है कि यह अफवाह उनके घर से ही निकली है।
![]() |
| अपनी दादी इन्दिरा गांधी के साथ राहुल एवं प्रियंका |
और फिर देश में इंदिरा सरकार के विरुद्ध एक आंदोलन शुरू हो जाता है, और इसी बीच इलाहाबाद हाईकोर्ट का वह फैसला आता है, जिसमें इंदिरा गाँधी के चुनाव को रद्द कर दिया जाता है। उन पर अगला कोई भी चुनाव लड़ने से छः वर्ष के लिए प्रतिबंध भी लगा दिया जाता है। वे सुप्रीम कोर्ट जाती हैं तो वहाँ भी स्पष्ट राहत नहीं मिलती और उनके सामने बहुत कम विकल्प बचते हैं। इस समय घर में भी इस मसले को ले कर एक राय नही होती। राजीव उन्हे इस्तीफा देने की सलाह देते हैं तो संजय मानते हैं कि उन लोगों के सामने झुकना नही चाहिए। और उनसे मुकाबला करना चाहिए।
इंदिरा गाँधी भी इस मसले पर संजय की राय के साथ जाती हैं और वे आर.एस.एस. के साथ विदेशी ताकतों को इसके लिए जिम्मेदार मानती हैं। इस अध्याय में सोनिया गाँधी ने आर.एस.एस. की जम कर आलोचना की है। शायद पेंग्विन के इसके प्रकाशन से पीछे हटने में इस अध्याय का भी हाथ होगा। बहरहाल इंदिरा गाँधी सत्ता से बेदखल होती हैं और फिर उन पर प्रतिशोध के रूप में बहुत सारी ज्यादतियाँ शुरू हो जाती हैं। उन लोगों को दूसरे घर मे शिफ्ट होना पड़ता है। नई सरकार का आतंक इतना अधिक होता है कि सात वर्षीय राहुल गाँधी के जन्मदिन पर उनका कोई भी मित्र उनके घर नहीं आता। उन सबके अभिभावक डरे हुए रहते हैं। इन घटनाओं के मध्य आत्मकथा बताती है कि उस समय गाँधी परिवार में क्या कुछ चल रहा होता है। उस समय प्रियंका का जन्म भी होता है और इंदिरा की जेल यात्राएँ भी। इसी समय प्रसिद्ध जापानी फिल्मकार अकिरा कुरुसोवा का भारत आगमन होता है, जिसका उन्होंने बहुत सुंदर जिक्र किया है।
![]() |
| राहुल और प्रियंका का बचपन |
छः
सोनिया गाँधी की इस आत्मकथा में राजनीतिक घटनाएं क्षेपक की तरह आती हैं। इसका मूल स्वर उनकी अपनी कथा-व्यथा के आस-पास है। वे एक बड़े राजनीतिक परिवार की बड़ी बहू हैं और इस नाते उन्हें बहुत सारी जिम्मेदारियां भी निभानी पड़ती हैं, लेकिन जब भी उन्हे अवसर मिलता है, वे चाहती हैं उनका प्यारा जीवन उनके आस-पास रहे और उसमें वे सराबोर रहें। राजीव गाँधी के साथ उनका अपना जीवन इस तरह से गुथा हुआ दिखाई देता है कि वे उसको लेकर हमेशा थ्रिल रहती हैं। लेकिन बड़े राजनीतिक परिवार की बहू होने का उनके जीवन में जो सुख है, उससे अधिक परेशानियां भी हैं। और ये परेशानियां इसलिए भी हैं कि वे अपने छोटे से दायरे में खुश हैं, जबकि राजनीति अनचाहे ही अपने कीचड़ में घसीट लेने पर आमादा है।
जेल से निकलने के बाद इंदिरा गाँधी दृढ़ता के साथ अपनी राजनीतिक लड़ाई लड़ती हैं और उसमें जल्दी ही उन्हे कामयाबी भी मिलती है, जब जनता सरकार अपने भीतर की कलह के कारण समय से पहले ही गिर जाती है। चुनाव होता है और श्रीमती गाँधी पुनः सत्ता में वापस लौट आती हैं। लगता है कि इस राजनीतिक परिवार का जीवन पटरी पर आ गया है। इसी समय संजय और मेनका के जीवन में वरुण गाँधी का आगमन होता है। सोनिया लिखती हैं कि इस समय उनकी और राजीव की इच्छा है कि वे लोग अलग घर में शिफ्ट हो जाएं। वे दोनों राजनीति से दूर रहना चाहते हैं, जबकि इंदिरा और संजय गाँधी इसमें पूरी तरह से सराबोर हैं। उनके इस फैसले से इंदिरा बहुत परेशान हो जाती है। इतना कि इन दोनों को अपना मन बदलना पड़ता है। बहरहाल वे लोग छुट्टियों के लिए इटली जाते हैं। राहुल और प्रियंका को अपनी माँ के घर छोड़ कर सोनिया और राजीव इटली के दूसरे शहर फ्लोरेंस जाते है कि वहीं उन्हे पता चलता है कि यहाँ दिल्ली में प्लेन दुर्घटना हो गयी है, जिसमें संजय गाँधी की मृत्यु हो गयी है। वे लोग वापस भारत लौटते हैं।
यहाँ दिल्ली में कुछ समय बाद पार्टी के भीतर यह चर्चा होने लगती है कि राजीव गाँधी को राजनीति में आना चाहिए। इंदिरा भी इस मसले पर अपने मौन से उस मांग का समर्थन ही करती दिखाई देती हैं। जबकि सोनिया को यह पसंद नहीं है कि राजीव इस राजनीतिक जीवन में शामिल हों। बहरहाल वे शामिल हो जाते हैं। उन्हें अमेठी से प्रत्याशी बनाया जाता है, जहाँ से संजय गाँधी सांसद रहे हैं। मेनका अभी 23 वर्ष की हैं, और उनके गोद में 3 महीने के वरुण हैं इसलिए उन्हें अभी राजनीति में नहीं उतारा जाता है। यह बात मेनका की माँ को पसंद नहीं आती और वे अपनी लाबी के माध्यम से अखबारों में लिखवाती हैं कि संजय की असली उतराधिकारी तो मेनका गाँधी ही हैं। गाँधी परिवार में कलह शुरू हो जाता है। इंदिरा और मेनका के बीच खास रूप से। मेनका घर छोड़ देती हैं और वरुण का पहला जन्मदिन वसुंधरा राजे सिंधिया के घर मनाती हैं, जो इंदिरा की विरोधी दल से आती हैं। अब खूब आरोप प्रत्यारोप लगने लगते हैं।
इस बीच राजीव के चुनाव प्रचार में पहली बार सोनिया गाँधी अमेठी जाती हैं। वे वहाँ लोगों से मिलती हैं, उनकी समस्यायों पर ध्यान देती हैं तो उनको महसूस होता है कि उनका अपना जुड़ाव यहाँ की मिट्टी से अधिक हो गया है और उनका अपना पैतृक देश अब कहीं पीछे छूट गया है। इस किताब का शीर्षक इन्ही आम लोगों के साथ जुड़ाव के दायरे से आता है जिसे उन्होंने "belonging, a journey of love" का नाम दिया है। अब वे अपने देश इटली की नागरिकता छोड़ने का फैसला करती हैं।
इसी समय पंजाब मे आतंकवाद का पीक समय आता है, जिसमें आपरेशन ब्लू स्टार की दुखद घटना होती है और उसके बाद इंदिरा गाँधी की नृशंस हत्या की घटना भी। ब्लू स्टार के बाद इंदिरा से कहा जाता है कि वे सिख सुरक्षाकर्मियों को अपने यहाँ से हटा दें, लेकिन इंदिरा इससे इंकार कर देती हैं। अलबत्ता पिछले कुछ समय से वे अपने घर में यह बात करती रहती हैं कि उनका जीवन कभी भी समाप्त हो सकता है। सोनिया ने इंदिरा की हत्या को बहुत संवेदना के साथ याद किया है। और उतनी ही संवेदना के साथ उन्होंने दिल्ली और उसके आस-पास के शहरो में सिख विरोधी दंगों को भी याद किया है। वे कहती हैं कि यह हम सबके लिए दोहरा दुख था। जब एक तरफ इंदिरा का शव उनके घर में रखा हुआ था और उनके नहीं चाहने के बावजूद राजीव को प्रधानमंत्री बना दिया गया था। दूसरी तरफ पूरी दिल्ली दंगे की चपेट में थी। वे याद करती हैं कि मामले की गंभीरता को देखते हुए जब सेनाध्यक्ष जनरल वैद्य से आग्रह किया जाता है कि वे दिल्ली मे सेना तैनात करें तो इसमें एक दिन का समय लग जाता है। क्योंकि जनरल वैद्य को लगता है कि दिल्ली के आस-पास जो सेना है उसमें सिख लोगों का बाहुल्य है। और वे लोग आपरेशन ब्लू स्टार के बाद से ही उद्वेलित हैं। कई छावनियों में उन्होंने विद्रोह भी किया हुआ था। तो ऐसे में देहरादून से सेना बुलाई जाती है जिसमें थोड़ा समय लग जाता है। सोनिया ने सिख समुदाय के खिलाफ इस पूरे नरसँहार को बहुत संवेदना और दुख के साथ याद किया है।
अब राजीव प्रधानमंत्री बन जाते हैं। और समय पूर्व चुनाव के द्वारा वे पुनः बड़े बहुमत से सत्ता में वापसी करते हैं।
सात
सोनिया गाँधी की आत्मकथा में उनका अपना जीवन तो प्रमुख रूप से आया ही है, साथ ही साथ राजीव गाँधी और उनके दोनों बेटों का जीवन भी प्रमुखता से दर्ज हुआ है। इसलिए राजीव गाँधी के प्रधानमंत्री के रूप में किये गए कार्यों को उन्होंने शिद्दत से याद किया है। हालाँकि उस दौर में उनका परिवार सुरक्षा के गंभीर खतरों के बीच कैसे अपना जीवन व्यतीत कर रहा है, यह भी इस अध्याय का केंद्रीय तत्व है। इंदिरा गाँधी की हत्या ने परिवार को झकझोर दिया है। सोनिया नहीं चाहती कि राजीव प्रधानमंत्री बने। दरअसल इससे थोड़ा पहले सोनिया और राजीव तो राजनीति की पूरी दुनिया से ही अलग हो जाना चाहते हैं। जब चार वर्ष पहले 1980 में इंदिरा गाँधी पुनः सत्ता में वापसी करती हैं तो सोनिया और राजीव उनसे आग्रह करते हैं कि उन दोनों को बच्चों के साथ प्रधानमंत्री के सरकारी घर से अलग रहने की इजाजत दी जाय। इंदिरा दुखी होती हैं तो वे उसी घर में रहना जारी रखते हैं। फिर संजय की मृत्यु के बाद राजीव को राजनीति में भी आना पड़ता है।
![]() |
| चीन यात्रा पर राजीव गांधी सोनिया के साथ |
अब इंदिरा की हत्या के बाद जब उन्हें प्रधानमंत्री भी बना दिया जाता है तो परिवार के ऊपर आसन्न खतरे की और बाढ़ आ जाती है। सुरक्षा एजेंसियां सलाह देती हैं कि आपके बच्चों का अपहरण किया जा सकता है तो दोनों बच्चों को स्कूल से वापस बुला लिया जाता है। किशोर उम्र में उनकी स्कूलिंग बन्द हो जाती है और वे घर से ही ट्यूशन के माध्यम से आगे की पढ़ाई करने लगते हैं। सबसे बड़ी समस्या यह है कि उन दोनों बच्चो की सर्किल अचानक से कट जाती है। स्कूल नहीं है तो उसके दोस्त भी नहीं रहते। और घर पर सुरक्षा ऐसी है कि दूसरे बच्चे उन्हें खेलने के लिए मिलते नहीं। सोनिया उन दोनों बच्चों को सोच कर हमेशा परेशान रहती हैं। इधर राजीव गाँधी अपने काम में पूरी तरह से रम गए हैं। वे देर रात तक काम करते हैं और देश के विभिन्न भागों में उनका लगातार आना जाना भी रहता है। विदेशी यात्राएँ और बाहर के मेहमानों का स्वागत सत्कार के कारण परिवार का समय भी उनका अपना समय नहीं रह पाता। कुछ समय बाद सोनिया भी उनके साथ देश विदेश में जाने लगती हैं। उन्होंने अपनी इस किताब में ऐसी बहुत सारी यात्राओं को याद किया है।
सोनिया के अनुसार राजीव गाँधी देश को आधुनिक रास्ते पर ले जाने के लिए लगातार प्रयासरत हैं। वे ऐसे फैसले भी करते हैं जो पार्टी के लिए उतने मुफीद नहीं होते लेकिन उससे देश और समाज का भला होता है। पंजाब समझौता, मिजो समझौता, नागा समझौता और तमिल लोगों को ध्यान में रख कर किये गए समझौते इसमें शामिल है। लेकिन कुछ लोग राजीव के इस कामों से असहज हो जाते हैं। वे तरह तरह से आरोप लगाना शुरू कर देते हैं कि उनकी सरकार बहुत भ्रष्ट है। बोफोर्स का आरोप तो हम सब लोग जानते ही हैं। सोनिया बताती हैं कि इसमें विपक्ष के साथ कुछ मीडिया घराने और कुछ कार्पोरेट घराने भी राजीव के खिलाफ इस मुहिम में शामिल हैं। शाहबानो और राममन्दिर के मसले को भी उन्होंने याद किया है। और फिर राजीव की सरकार चली जाती है। सोनिया ने लिखा है कि सरकार के जाने के बाद उनके घर की तलाशी ली जाती है और मीडिया के माध्यम से ऐसा दिखाया जाता है कि राजीव और उनके परिवार ने अपना प्रधानमंत्री आवास छोड़ते समय यहाँ की कुछ वस्तुयें अपने साथ लेते गए हैं। यह काम उस समय के प्रधानमंत्री वी पी सिंह के इशारे पर होता है, ऐसा सोनिया का मानना है।
![]() |
| हत्या के ठीक पहले राजीव गांधी |
आठ
Belonging, A journey of love किताब का सबसे कारुणिक हिस्सा राजीव गाँधी की हत्या का है। सोनिया याद करती हैं कि वे अमेठी से लंबे और थकाऊ चुनाव प्रचार कर के वापस लौटी हैं, उसी समय राजीव गाँधी उड़ीसा और तमिलनाडु के चुनाव प्रचार के लिए जा रहे होते हैं। घर से निकलते समय वे सोनिया से पूछते हैं कि क्या वे भी साथ में चलेंगी। तो सोनिया कहती हैं कि मैं बहुत थक गयी हूँ। और यह सिर्फ एक दिन की बात है तो इस बार मुझे घर रहने दीजिये। कल हम लोग आराम से साथ में बैठेंगे। राजीव जाते समय मुस्कुराते हैं और सोनिया हमेशा की तरह परदे की ओट से उन्हे जाते हुए देखती हैं। उड़ीसा की रैली के बाद राजीव को तमिलनाडु जाना होता है, क्योंकि उनके एक जमीनी कार्यकर्ता की मांग होती है कि आप यहाँ दस मिनट ले लिए भी आ जाएं।
तमिलनाडु के श्रीपेरंबदूर नामक जगह पर एक महिला मानव बम के द्वारा उनकी हत्या कर दी जाती है। उस विस्फोट में एक दर्जन से अधिक लोग मारे जाते हैं। यह घटना रात के समय घटित होती है। यहाँ यह ध्यान रखने वाली बात है कि तत्कालीन वी पी सिंह सरकार ने राजीव गाँधी की सुरक्षा व्यवस्था से एस पी जी कवर हटा लिया रहता है। जबकि उन पर तरह-तरह के खतरे मंडराते रहते हैं। श्रीलंका में उन पर हमला हुआ रहता है। और दिल्ली में भी एक बार उन पर गोलियां चली रहती हैं। धमकियाँ तो उन्हे लगातार ही मिलती रहती हैं। बावजूद इसके वी पी सिंह की सरकार उनसे सुरक्षा कवर हटा लेती है।
![]() |
| श्रीलंका में राजीव गांधी पर हमला |
उनकी हत्या की खबर सबसे पहले उनके नजदीकी स्टॉफ के पास आती है। सोनिया लिखती हैं कि प्रियंका उनके पास लड़खड़ाती हुई आती दिखाई देती हैं। पहले तो वे इग्नोर करती हैं, फिर डर जाती हैं। प्रियंका बताती हैं कि पापा की चुनावी रैली में बम फटा है और एक दर्जन लोग मारे गए हैं। लेकिन पापा ठीक हैं। सोनिया सन्न रह जाती हैं और वी जार्ज तथा आर के धवन से पूछने को बोलती हैं। खबर पक्की निकलती है। राजीव गाँधी की मृत्यु हो चुकी रहती है। इसके बाद का बहुत कुछ सोनिया गाँधी को याद नही रहता है। वे बताती हैं कि राहुल और प्रियंका की स्मृतियों के सहारे उन्होंने यह पीस लिखा है। क्योंकि उनकी स्मृतियाँ लगभग खो जाती हैं। वे बेसुध स्थिति में चली जाती हैं।
बहरहाल प्रियंका कमान संभालती हैं और रात में ही वे लोग घटनास्थल पर जाते हैं, जहाँ राजीव गाँधी का मृत शरीर रखा हुआ है। सोनिया बार बार आग्रह करती हैं कि उन्हें एक बार राजीव को दिखा दिया जाय, लेकिन वहाँ के डॉक्टर और उनके स्टॉफ ऐसा नही करते। शव को तड़के सुबह दिल्ली लाया जाता है, जहाँ एम्स में उसे रखा जाता है। सोनिया का आग्रह जारी रहता है कि एक बार मुझे राजीव को दिखा दीजिये। फिर वे सोचती हैं कि राजीव ने भी अपनी माँ की तरह ही अपना नेत्रदान किया था तो कम से कम यह बात तो डॉक्टर लोगों को बताई जाय। उन्हें लगता है कि इस तरह उन्हें राजीव को देखने को भी मिल जायेगा। तब उन्हें एक डॉक्टर बताता है कि आप आँखों की बात कर रही हैं। यहाँ तो कुछ भी नहीं बचा है। कुछ भी नहीं। सोनिया लड़खड़ाने लगती हैं।
उधर राहुल गाँधी अमेरिका में पढ़ाई कर रहे होते हैं, जिन्हें सूचना जाती है। उनके मन में तुरंत अनहोनी आने लगती है क्योंकि अपने पिता की सुरक्षा व्यवस्था को देख कर वे पहले से ही बहुत दुखी और नाराज रहते हैं। बहरहाल वे भारत लौटते हैं और अपने पिता राजीव गाँधी का अंतिम संस्कार करते हैं।
सोनिया बार-बार कहती हैं कि काश मैं भी उस दिन राजीव के साथ चली गयी होती।
यह बेहद मार्मिक अध्याय है।
![]() |
| नरसिंह राव के साथ सोनिया गांधी |
नौ
राजीव गाँधी की हत्या के बाद सोनिया एक तरह से टूट जाती हैं। मगर आईरनी देखिये कि उन्हें राजीव की शहादत के अगले दिन ही पार्टी की तरफ से कहा जाता है कि आप कांग्रेस को लीड कीजिये। वे एकबारगी में ही उसे नकार देती हैं और अपनी दुनिया में सिमट जाती हैं। उनकी तरफ से साफ संदेश दिया जाता है कि उन्हें और उनके बच्चों को अब छोड़ दिया जाय। उनकी अपनी छोटी सी जो दुनिया बची है, उसे रहने दिया जाय। कांग्रेस की सरकार बनती है और नरसिंह राव प्रधानमंत्री नियुक्त होते हैं। सोनिया की अगली चिंता राहुल को ले कर है। इंग्लैंड में उनकी पढाई का कॉलेज उनकी अतिरिक्त सुरक्षा देने से इंकार कर देता है तो उन्हें अमेरिका के एक कालेज में भेजा जाता है। वहाँ वे अपनी आइडेंटीटी को छिपा कर रहते हैं। और फिर बाद में ग्रेजुएशन की डिग्री लेते हैं। फिर थोड़ा समय बीतता है तो वे आक्सफोर्ड से डेवलेपमेंट स्टडीज में एम फिल की डिग्री हासिल करते हैं। और फिर वे इंग्लैंड में ही किसी फ़र्म में मोनिटर का काम शुरू कर देते हैं। यहाँ थोड़ा समय और गुजरता है तो घाव थोड़े भरते हैं। और इसके लिए सोनिया अपने मन मस्तिष्क को आध्यात्मिक दिशा में भी ले जाती हैं। वे भगवत गीता का अध्ययन करती हैं। और उस धर्मग्रंथ का ठीक से मर्म समझने के लिए वाराणसी के प्रसिद्ध संस्कृत विद्वान वाचस्पति उपाध्याय से आग्रह किया जाता है कि वे दिल्ली आ कर उन्हें इसको समझाएं। वे आते हैं और उस ट्यूशन के बाद उन्हे अपनी जिंदगी में वापसी की उम्मीद खुलती है। वे कांग्रेस को लीड करने लगती हैं। और लगभग पांच-सात वर्ष के बाद वह समय आता है जब इंडिया शाइन के नारे को पीछे छोड़ते हुए कांग्रेस की सरकार में वापसी हो जाती है। पूरा चुनाव उनके नेतृत्व में लड़ा गया है इसलिए वे प्रधानमंत्री पद की स्वाभाविक दावेदार हैं। उनकी अपनी पार्टी में भी इस बात पर सहमति है। और उनके सहयोगी दलों में भी उन्हें ही इसका उम्मीदवार समझा जाता है।
लेकिन यहाँ भारतीय राजनीतिक इतिहास का एक बड़ा ड्रामा शुरू होता है। पराजित भाजपा एक कैम्पेन चलाती है कि विदेशी व्यक्ति को प्रधानमंत्री नहीं होना चाहिए। इसमें उनके घर के आगे भाजपा के कुछ बड़े नेता धरना प्रदर्शन भी देने लगते हैं। सोनिया ने उनका नाम नहीं लिया है। लेकिन हम सब जानते हैं कि उस धरने को सुषमा स्वराज लीड कर रही थीं। हालाँकि सोनिया कहती हैं कि बाद के समय में उनका विरोध करने वाले तमाम लोग उन्हें अपनी सफाई भी देते हैं या उनसे नजर नहीं मिला पाते। उनके प्रधानमंत्री पद स्वीकार करने को ले कर घर में भी एक राय नहीं है। पार्टी का दबाव उन पर जबरदस्त है कि वे नेतृत्व करें। लेकिन उनकी दोनों संतानें इस मुद्दे पर उदासीन हैं। सोनिया हर तरह से सोचती हैं और फिर राजीव को याद करते हुए फैसला करती हैं वे इस पद से अपने आपको अलग कर लेंगी। इस बात को ले कर बहुत तरह की अफवाह भी फैलाई जाती है कि राष्ट्रपति ने उन्हें प्रधानमंत्री बनाने से इंकार किया था। लेकिन बाद में तत्कालीन राष्ट्रपति अब्दुल कलाम ने अपने मेमोयेर में लिखा है कि उनकी तरफ से कोई भी आब्जेक्सन नहीं किया गया था। इस बात का फैसला उनकी पार्टी और उनके गठबंधन को लेना था। बहरहाल सोनिया की तरफ से डॉ मनमोहन सिंह का नाम आगे किया जाता है जिसे थोड़ी झिझक के बाद वे स्वीकार कर लेते हैं।
![]() |
| मनमोहन सिंह के साथ सोनिया गांधी |
दस
Belonging, A journey of love में सोनिया गाँधी लिखती हैं कि उन्होंने प्रधानमंत्री पद अपनी आंतरिक आवाज के कारण ठुकराया था। लेकिन प्रचारित ऐसे किया गया, जैसे उन्हें राष्ट्रपति ने रोक दिया था, या कि संवैधानिक प्रावधानों के कारण वे प्रधानमंत्री नहीं बन पाई हों। अव्वल तो उनके खिलाफ झूठा प्रोपेगांडा चलाया गया कि वे इस पद को न लें। लेकिन जब उन्होंने त्याग दिखाते हुए इतना बड़ा पद ठुकरा दिया तो उसकी प्रशंसा करने के बजाय फिर से एक नया प्रोपेगांडा गढ़ दिया गया। मनमोहन सिंह की सरकार बनने के बाद उन्होंने उसकी उपलब्धियों के बारे में लिखा है, जो किसी भी राजनीतिक दल द्वारा गिनाई जाती हैं। आर टी आई कानून, फूड सिक्योरिटी कानून, शिक्षा का अधिकार और विश्वव्यापी मंदी में भारत का सकुशल बाहर निकल जाना जैसे काम। उसके बाद की नाकामियों का भी जिक्र है, जिसमें पालिसी पैरालिसिस की बात कही गयी थी। हालाँकि उन्होंने इसको स्वीकार नहीं किया है और कहा है कि हमारी सरकार के खिलाफ मीडिया ने एक माहौल बनाया और झूठे आरोप लगाए गए। बाद में वे सभी आरोप गलत साबित हुए। उन्होंने अन्ना आंदोलन का भी जिक्र किया है, जिसमें उनका मानना है कि वह मीडिया और संघ परिवार का मिला-जुला आंदोलन था। अन्ना हजारे तो बस एक मोहरे थे। और फिर इस सरकार के आने का भी जिक्र है।
इधर बीच उनकी निजी जिंदगी में एक और भूचाल आता है, जब वर्ष 2010 में उन्हे स्तन कैंसर का पता चलता है। संयोगवश वह बाहर फैला नहीं होता तो उनका ऑपरेशन सफलतापूर्वक इटली में हो जाता है। फिर कुछ समय बाद उन्हे पैंक्रियाज में ट्यूमर का पता चलता है तो उसके लिए उन्हे 'रोटरडम' में इलाज कराना पड़ता है। यह समय उनके जीवन के लिए बहुत कठिन गुजरता है। जाहिर है परिवार के लिए भी। इसके बाद के मेमोयर में बहुत सारी छोटी-छोटी घटनाओं का जिक्र है। इनमें विदेशी मेहमानों के साथ अपनी मुलाकातों को उन्होंने बहुत करीने से याद किया है। देश और दुनिया की बड़ी हस्तियों के बारे में जानना दिलचस्प है। खासकर प्रिंसेज डायना के बारे में उनकी याद कमाल की है।
![]() |
| राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा |
वे राहुल गाँधी के खिलाफ चलाये गए झूठे प्रोपगांडा का भी जिक्र करती हैं और बताती हैं कैसे मीडिया और पैसे के बल पर एक झूठा नैरेटिव उनके खिलाफ गढ़ा गया। लेकिन राहुल इसका जबाब अपने आपको भीतर से मजबूत कर के देते हैं। जैसे वे अपने आपको शारीरिक रूप से फिट रखने के लिए जूडो और कई स्पोर्ट गतिविधियों में भाग लेते हैं। और मानसिक फिटनेस के लिए विपश्यना करते हैं। फिर कैलाश मानसरोवर की यात्रा उनके जीवन में बदलाव ले कर आती है। बाद में भारत जोड़ो यात्रा की तीन हजार किलोमीटर से अधिक की पदयात्रा उन्हें एक तरह से जनमानस में स्थापित कर देती है। उन्हें महसूस होता है कि झूठे प्रचार के बरक्स लोग-बाग उन्हें दिल से प्यार करते हैं। और वे भी जनता को करीब से समझने लगते हैं। किताब वर्तमान प्रधानमंत्री के बारे में भी थोड़ी बात करती है। लेकिन उसमें विस्तार नहीं है। और लगभग वही बातें हैं जो पब्लिक डोमेन में पहले से हैं।
किताब अंतिम हिस्सा, जीवन और समय को थोड़ा तटस्थ रूप से देखते हुए, थोड़े दार्शनिक अंदाज में लिखा गया है।
सोनिया गाँधी की किताब बताती है कि वे कुल मिला कर हमारी तरह की ही व्यक्ति हैं। बेशक कि वे विदेश में पैदा हुई हैं और बाहर ही पढ़ी लिखी भी हैं, लेकिन उन्होंने भारतीय समाज के मूल्यों को संपूर्णता में आत्मसात किया है। उनका पहनावा-ओढ़ावा, उनका त्याग-संघर्ष किसी भी भारतीय व्यक्ति के बराबर है। या उनसे ऊँचा ही है। उनकी इस आत्मकथा को एक साधारण स्त्री के प्रेम, उसके संघर्ष और जीवन को समझने के लिए भी पढ़ा जा सकता है।
![]() |
| रामजी तिवारी |
सम्पर्क
मोबाइल : 9450546312

















टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें