ललन चतुर्वेदी का व्यंग्य "मेरी किताब आ रही है"
![]() |
| ललन चतुर्वेदी |
साहित्य के सन्दर्भ में अक्सर यह उक्ति दोहराई जाती है कि साहित्य समाज का दर्पण है। इस बिना पर कहा जा सकता है कि साहित्यकार भी अपने समय के जाल जंजाल में आखिर उलझ ही जाता है। वह भी वे सारे तीन तिकड़म करने से नहीं चूकता जो आज का एक ठेकेदार या नेता करता है। पहले कवि ही रवि की को पहुंच के मामले में फेल कर देता था अब यह जिम्मेदारी व्यंग्यकार ने बखूबी सम्भाल ली है। पता नहीं कैसे व्यंग्यकार को कवि की मुश्किलों और चालाकियों के बारे में पता चल गया। कवि को अपने चौथे कविता संग्रह का नाम रखना है और वह इसे ले कर परेशान है कि वह क्या करे, क्या न करे। बहरहाल वह इस उलझन को सुलझाता ही है कि उसे अपने किताब के प्रमोशन, फिर समीक्षा लिखवाने से ले कर छपवाने तक की जद्दोजहद करनी पड़ती है। कवि की इन उलझनों को ललन चतुर्वेदी ने अपने व्यंग्य में उम्दा तरीके से शब्दबद्ध किया है। आइए आज पहली बार पर हम पढ़ते हैं ललन चतुर्वेदी का व्यंग्य "मेरी किताब आ रही है"।
व्यंग्य
"मेरी किताब आ रही है"
ललन चतुर्वेदी
पिछले तीस-चालीस सालों में ऐसा पहली बार हुआ है कि मैं अपनी किताब के नामकरण में असहाय महसूस कर रहा हूँ। इस काम में पड़ोसियों का सहयोग नहीं ले सकता और वह मांगने पर भी नहीं मिल सकता। वैसे, पड़ोसी भी अब बहुत विश्वसनीय नहीं रहे। पुराना अनुभव बतला रहा हूँ कि मेरे पड़ोस में एक सज्जन के यहाँ बेटा पैदा हुआ। बहुत दुबला-पतला होने के कारण पड़ोसी ने उसका नाम टिंगना रख दिया। बाद में लोग जब उसे इस नाम से पुकारते तो उसकी माँ लोगों को हजार गालियाँ देना शुरू कर देती। दरअसल, हमारे यहाँ मान्यता है कि अटपटा नाम रखने से बच्चा दीर्घायु होता है। अब नाम खराब हुआ तो उसका खामियाजा भुगतना पड़ता है। बच्चा जब जवान होता है तो उसे कोई बाल्य नाम से पुकारने की भूल करे तो मारपीट की नौबत आ जाती है। दूसरी बात कि नाम के सौन्दर्यीकरण में अभिभावक को नौ डिब्बिया तेल जलाना पड़ता है। तो मैंने सोचा है कि खूब विचार-विमर्श के बाद ही अपनी चौथी कविता-पुस्तक का सुन्दर सा नाम रखूंगा। संभव है कि इसके बाद कविताओं से संन्यास ही ले लूं। अंत में दिनकर जी 'हारे को हरिनाम' गाने लगे और बच्चन जी ने 'जाल समेट' लिया। इस सम्बन्ध में लेखक मित्र भी कितने कारगर हो सकते हैं, कह नहीं सकता। शायद, उन्हें अच्छा भी नहीं लगे कि मेरी चौथी किताब नि:शुल्क इस धरा-धाम पर पधार रही है। न्यू नॉर्मल समय में कहाँ कुछ नॉर्मल होता है। एक शिशु भी सीजेरियन से ही धरती पर पाँव रखता है। किताबों का हाल उससे कुछ अलग नहीं है। डिलेवरी चार्ज तो लगता ही है।
बहरहाल, आजकल बार-बार अपनी कविताओं पर नजर डालता हूँ। एक को चुन लेता हूँ तो अनेक नाराज हो जाती हैं। आखिर जिस समय उनका जन्म हुआ, वे भी कितनी प्यारी थीं! माशाल्ल्लाह, उनकी सूरत निहार-निहार कर खुद को खुशकिस्मत समझता था। कभी-कभार आधी रात को मोबाइल का नोट बुक खोल कर बैठ जाता था। आज भी वही हाल है। प्रेम पुराना नहीं होता। अपनी कविताओं के प्रति एक कवि उतना ही संवेदनशील होता है, जितना कोई बंदर अपने मृत बच्चे के प्रति। फिर भी, किसी एक को तो चुनना ही पड़ता है। बाकी अनेक जीवन भर नाराज ही रहती हैं कि उन्हें जिल्दों के भीतर बाँध दिया गया। एक ने कौन सा पुण्य किया था कि वह सबका सिरमौर बन गया। जैसे कवि का दुःख कविताएँ समझती हैं, वैसे ही कविताओं का दुःख कवि ही समझ सकता है। वेदना में डूबा कवि कविताओं को जन्म दे कर भी उस वेदना से मुक्त नहीं होता है। अब आपने जन्म दिया है तो उसका पालन-पोषण कौन करेगा? जब तक इस पुण्य धरा पर रहिए, अपनी कविताओं का लालन-पालन करते रहिए। समय ही ऐसा है कि बड़े-बड़े फ़िल्मी स्टार भी नगरी-नगरी, द्वारे-द्वारे अपनी फिल्मों का प्रोमोशन कर रहे हैं। जब कवि-लेखक वही काम करता है तो लोग उसकी छवि पर सवाल उठाते हैं। अब कवि अपनी छवि देखे कि कविताओं का भविष्य देखे। चिन्तक तो विचारधारा के अंत से कविता की मौत तक की घोषणा कर चुके हैं। ऐसे में कवि ही है जो अपने अप्रतिम साहस और शौर्य के साथ मैदान में कविता का झंडा उठाए खड़ा है।
फिलहाल, मैं असमंजस में हूँ कि इन शताधिक कविताओं में किस एक को इनका कप्तान चुनूं जो राष्टीय स्तर तक कम से कम ग्यारह कविताओं को पहुंचा दे। आलोचकों की दुनिया में यह मान्यता है कि बड़े से बड़े कवि के पास भी दो दर्जन से अधिक अच्छी कविताएँ नहीं है। बहुत हद तक यह सही प्रतीत होता है। छोटा परिवार सुखी परिवार-साहित्य की दुनिया के लिए भी ठीक है। कवि को प्रोडक्शन हाउस खड़ा करने की जरूरत भी क्या है? एक दर्जन कविताएँ और आधा दर्जन कहानी किसी रचनाकार को अमर बनाने के लिए पर्याप्त हैं। अपने गुलेरी जी तो तीन में से एक कहानी के कारण ही अमर हैं। कारण कि उन्होंने प्रेम लिखा। जो लोग क्रान्ति लिखते हैं वे जल्द शहीद हो जाते हैं। खैर, यह दूसरा मसला है। कुछ कवि बड़े साहसी होते हैं जो अपने कई संग्रहों के बीच से प्रतिनिधि कविताएँ चुन लेते हैं। मैं उनसे सवाल करना चाहता हूँ कि बाकी की कविताओं को किस आधार पर बहिष्कृत कर दिया? यह तो लोकतांत्रिक दृष्टिकोण से सही नहीं है। साहित्य में एस आई आर का क्या काम है?
फिलहाल, मैं इसी चिंता में इतना मग्न हूँ कि महीनों से कविता मेरे पास फटकने का नाम नहीं ले रही है। पहले के जमाने में किसी के घर बच्चे का जन्म होता था तो पड़ोसी ही उसका नाम रख देते थे। उसे पुकारू नाम कहा जाता था। घर में भी नामकरण की विधिवत प्रक्रिया होती थी। जन्म के बाद पंडित को बुलाया जाता था। ग्रह, नक्षत्र और मुहूर्त के आधार पर राशि नाम रखा जाता था। बालक कन्या राशि हो सकता था। दूसरी तरफ बालिका भी सिंह राशि हो सकती थी। सब समय पर निर्भर होता था। आज भी समय और जरूरत के हिसाब से वे बदलते रहते हैं। परिवर्तन संसार का नियम है। इसका कोई अपवाद नहीं। जिसने खुद को नहीं बदला उसे संसार ने बाहर का रास्ता दिखा दिया। चारपहिया में अम्बेसडर और दोपहिया में राजदूत इसके अन्यतम उदाहरण हैं। सड़क पर रहना समय का नया मुहावरा है जिसने सड़क पर आ जाना को विस्थापित कर दिया है।
बहरहाल, हमारे यहाँ नामकरण की महत्ता इसी से समझी जा सकती है कि इसे सोलह संस्कारों में स्थायी सदस्यता प्राप्त है। आजकल के दम्पति गर्भाधान के पहले ही गूगल और ए आई के सहारे ऐसा नाम चुनते हैं कि उनके उच्चारण में जीभ ऐंठ जाती है। बच्चा तीसरी कक्षा तक पहुँचने के बाद भी अपना नाम ठीक से उच्चार नहीं पाता है। ये सब कागजी नाम होते है। पुकारू नाम जिससे पड़ोसी या माँ-बाप बुलाते थे, पावन परिणय के पश्चात अपना अस्तित्व उसी तरह खो देते हैं जैसे आजकल गाँव में बैल और रसोई घर में सिलबट्टे अपना अस्तित्व खो चुके हैं। आजकल के पति-पत्नी सुविधा के अनुसार एक-दूसरे को बेबी, बाबा कह कर लाड़-प्यार जताते रहते हैं। ये सब आधुनिक भारतीय परिवारों के मनोरम दृश्य हैं।
मैं इस समय का शापित कवि अपनी शताधिक कविताओं में से एक कविता को नाम का मुकुट पहनाने के लिए अर्जुन की तरह किंकर्तव्यविमूढ़ रथ के पिछले भाग में बैठ गया हूँ। मधुसूदन ही मार्गदर्शन दे सकते हैं। बतला दूं कि पहले सरस्वती-प्रेरणा से "यह दो बैलों की कथा नहीं है" नाम रखा था। बाद में बुद्धि की मंथरा और प्रकाशक के विवेक की असहमति खुल कर सामने आ गयी। पुनर्विचार हुआ कि "सब लौटता है" नाम रख दिया जाए। कुछ कवि मित्रों ने तर्क दिया कि इससे स्वीकार की ध्वनि निकल रही है जबकि यह समय नकार का है। कवि को कुछ भी स्वीकार नहीं करना चाहिए। वह कवि कैसे हो सकता है जो यथास्थितिवादी हो। कवि को कुछ ऐसी तान सुनानी चाहिए जिससे उथल-पुथल मच जाए। मैं सर पकड़ कर बैठ गया हूँ। इस ऊहापोह में वर्तमान समय में बहुप्रचलित शब्द आत्मनिर्भर से प्रेरणा मिल रही है। कोई भी काम हो आत्मनिर्भर बनना पड़ेगा। आज सोच-समझ कर इस पावन कार्तिक मास के शुक्ल पक्ष की तृतीय तिथि के अभिजीत मुहूर्त में अपनी चौथी कविता पुस्तक जिसमें समय की हुंकार है का नाम मैंने "अकेले कंठ की पुकार" रख दिया है। उम्मीद है, मेरे इष्ट मित्र, स्वजन, परिजन, पुरजन, सुजन, सज्जन अपने आशीष और शुभकामनाओं से इसे दीर्घायु प्रदान करने का अनुग्रह करेंगे। मैं पूरे होश-ओ- हवास में कह रहा हूँ कि मेरे जैसे टूटपुंजिया कवि के लिए स्वर्ग से कोई आलोचक धरती पर क्यों उतरना चाहेगा? मैं अपनी किताब को स्वयं लोकार्पित करूंगा। यह इतनी प्यारी किताब होगी कि इसे किसी के कर-कमलों में देकर इसकी छवि धूमिल नहीं होने दूँगा। हाँ, कोई प्रेम से खरीद सकता है, जैसे मीरा ने गिरिधर को मोल ले लिया था। मैं आभासी पटलों पर इसकी तस्वीर और समीक्षाएं अवश्य शेयर करूंगा। समय के प्रचलित मानकों के अनुसार यथाशक्ति प्रचार-प्रसार में पीछे नहीं हटूंगा। मेरी दिली तमन्ना है कि दिल्ली में इसकी चर्चा हो। जनता की बात राजधानी तक पहुँचे, मेरी यह भी हार्दिक इच्छा है। मुझे "अकेले कंठ की पुकार के कवि" के नाम से जाना जाए। एक कवि की सफलता इस बात से होती है कि लोग उसे भूल जाएँ और उसकी कविता को याद रखें।
(इस पोस्ट में प्रयुक्त पेंटिंग कवि विजेन्द्र जी की है।)
सम्पर्क
मोबाइल : 9431582801
.jpg)

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें