रजनीश कुमार मिश्र की गजलें


रजनीश कुमार मिश्र


त्रिशूल फिल्म का एक सुरीला गाना है जिसे किशोर कुमार और लता मंगेशकर ने गाया है 'मुहब्बत बड़े काम की चीज है'। लेकिन यह मुहब्बत करना आसान कहां होता है। जिगर मुरादाबादी का प्रसिद्ध शेर है: "ये इश्क़ नहीं आसाँ इतना ही समझ लीजे/ इक आग का दरिया है और डूब के जाना है।" वाकई किसी का दिल जीतना बहुत मुश्किल होता है। और यह जो मोहब्बत होती है वह तो एक दूसरे के लिए जीने मरने की हद तक विश्वास करना सिखाती है। साथ चलना सिखाती है। हालांकि सारी दुनिया इसके खिलाफ रहती है फिर भी यह हमेशा नफ़रत पर भारी पड़ती है। इश्क़ में कोई गणित नहीं होती। यहाँ तो सब कुछ न्यौछावर करना पड़ता है। रजनीश कुमार मिश्र अपनी एक ग़ज़ल में लिखते हैं "सारे गम मुझे दे दो, सारी खुशियां तुमको मुबारक हों/ इश्क में नफे नुकसान की मैं हिर्फत नहीं करता।" रजनीश अपनी ग़ज़लों में सधे हुए नज़र आते हैं। वे बहर (छंद/लय), क़ाफ़िया (तुकांत शब्द) और रदीफ़ (अंत में दोहराए जाने वाले शब्द) के लिए कोई मशक्कत नहीं करते बल्कि वह सहज ही उनके ग़ज़लों में नज़र आते हैं। आज रजनीश जी का जन्म दिन है। उन्हें जन्मदिन की बधाई एवम शुभकामनाएं। आइए आज पहली बार पर हम पढ़ते हैं रजनीश कुमार मिश्र की गजलें।


रजनीश कुमार मिश्र की गजलें


1

अपनी हदें लाँघ जाऊँ, मैं ये जुर्रत नहीं करता 

पर किसी बदआमाल1 की कभी हुर्मत2 नहीं करता।


जो खुर्द गर्ज हैं उनसे कह दो कोई दूसरा आशियाना तलाशें 

मैं गैरतमन्द हूँ, बेगैरत से कभी मुहब्बत नहीं करता।


जल जाऊँगा परवाने की तरह, तुम्हारी शमा बुझने नहीं दूँगा 

किसी का दर्द देख कर मैं कभी फरहत3 नहीं करता।


सारे गम मुझे दे दो, सारी खुशियां तुमको मुबारक हों 

इश्क में नफे नुकसान की मैं हिर्फत4 नहीं करता।


चमन के सभी दरख्तों में हमेशा गुलों5 की ख्वाहिश रहती है मेरी 

किसी को सींचूँ किसी को सूखता छोड़ दूँ, मैं ये सियासत नहीं करता।


फिर कैसे चला जाऊँ उसकी दहलीज पर जब वो चाहता ही नहीं 

एक बार रूसवा होकर मैं फिर से रस्म-ए-उल्फत6 नहीं करता


(1) बदआमाल-दुष्वरित्र

(2) हुर्मत - सम्मान

(3) फरहत - आनन्द

(4) हिर्फत - व्यापार

(5) गुल-फूल

(6) उल्फत - दोस्ती, याराना प्यार, प्रेम्,


2

चेहरा क्यों देखते हो, देखना है तो कभी मेरा किरदार देखना 

मेरी आँखों में अपने लिये छलकता हुआ प्यार देखना। 


किसी के कहने से कैसे मान लिये कि मैं गुमनाम हो गया 

मेरी शोहरत पे कोई शक है तो कल का अखबार देखना।


यूँ ही तैर कर कोई पार नहीं कर पाता है मुहब्बत का दरिया

इसे समझना है तो किसी डूबे हुए आशिक के हौंसलों की पतवार देखना


गीतों और गजलों का व्याकरण अब क्या ही समझना है मुझे

मेरी लिखी कविताओं में कभी अच्युत आचरण की धार देखना। 


कभी जीत जाना तो कभी हार जाना किस्मत का खेल है 

छूटी हो कभी मेरे हाथ से तो मेरी तलवार देखना। 


मुश्किल तो है जरूर पर नाउम्मीद नहीं हूँ मैं 

एक दिन मुकम्मल हो जायेगा तेरे प्यार का इजहार देखना।


3

मैंने तुझे चाहा है दर्द की गहराईयों तक जाकर 

तुम्हें देखना है तो देख लो मेरी तन्हाईयों में आकर।


यूँ ही पाना होता तो कब की हो चुकी होती तुम मेरी 

मेरी चाहत है कि तुम्हें लॉऊ अपना हमसफर बनाकर।


कैसे सोच लिया कि तेरे जाने के बाद तुझे भूल जाऊँगा 

मैं तेरी यादों को हमेशा रखूँगा अपनी पलकों पे सजा कर।


तेरे वास्ते दुनिया छोड़ दी है, कहो तो जिस्म भी छोड़ दूँ 

भरोसा न हो तो एक दिन देख लेना मुझे आजमा कर।


तुम्हारे दिल में बसने की खातिर न जाने कितना कुछ सहा है 

मैने फिर भी ये दिल मानता नहीं हर बार इश्क में चोट खा कर।


मेरी बर्बादी का तमाशा देखकर जो तुम खामोश बैठे हो 

क्या कभी कोई सुकून से सो पाया है किसी का घर जला कर।


बाहरी चकाचौंध में नहीं, कस्तूरी अपने अन्दर ही तलाशनी होगी 

यह समझ में मुझे भी आया है मगर सारी उम्र बिता कर ।।



4

जिसकी बुनियाद कमजोर होगी वह गिरेगा ही 

इसमें हवाओं की खता क्या है।


मैंने तो सम्भलने को कहा था तूने सुना ही नहीं 

इसमें सदाओं की खता क्या है।


मैं चाहता हूँ कि तेरा चेहरा ना देखें पर नजर पड़ ही जाती है।

ये तेरी मुहब्बत का असर है इसमें निगाहों की खता क्या है।


मैं तो दुआ कर रहा हूँ कि वो हमेशा खैरियत से रहे।

वह मेरी याद में जल रहा है तो इसमें दुआओं की खता क्या है।


उसकी महफिल में जाकर सब लोग अपना होश गंवा देते हैं।

ये तो अपने दिल का कुसूर है इसमें अदाओं की खता क्या है।


यहाँ के मौसम में तो इन्सानियत ही इन्सानियत बिखरी है।

दिल के सच्चे हैं यहाँ के लोग इसमें फिजाओं की खता क्या है।


तुम्हारा जिस्म जल रहा है किसी लाईलाज बीमारी के असर से।

ये इश्क का बुखार है चढ़ेगा ही इसमें दवाओं की खता क्या है।


5

थोड़ा सा वक्त बदला, सब अफसाने बदल गये, 

मुझे मापने वाले सभी पैमाने बदल गये।


कल तक जो ठहरते थे मेरे साये की छांव में, 

उन सभी लोगों के आज आशियाने बदल गये।


चलती थी कागज़ की नावें कभी छोटे से पोखर में, 

न जाने क्यूँ अब वो जमाने बदल गये।


एक मासूम सा रिश्ता था बचपन में सभी से, 

बड़े होते ही रिश्तों के मायने बदल गये।


बचपन में देर से घर आने के बनते थे कितने नये बहाने 

जरूरत और जिम्मेदारी के बोझ से सारे बहाने बदल गये।


आती थी नींद हमें खूबसूरत परियों की कहानी सुनकर 

कहानी सुनाने वाले वे सब लोग पुराने बदल गये।


आँगन में चहकती थी गौरया और बागों में गाती थी कोयल 

पत्थर की इन इमारतों की भीड़ में वे सब तराने बदल गये।


गढ़ते थे ख्वाबों के किस्से और बुनते थे खुशियों की कहानी 

मोबाइल के इस दौर में सब के सब फसाने बदल गये ।।



6

चाह मेरी थी बस जाऊँ जाके उनकी निगाहों में 

पर छोड़ रहा हूँ दुनिया को मैं आज उन्हीं की बाहों में।


अब तक मैं रहता था, तन्हा, बेबस, बेघर, लाचारी में 

पर अब गजुरेंगी रातें मेरी उनकी याद की छाँवों में। 


यूँ ही फिरता रहता था मैं, अन्जानी गलियों में दिन भर 

अब निकल पड़ा हूँ उनके दिल तक जाने वाली राहों में। 


कुचला जाता था मैं हरदम, सबके पैरों के नीचे आकर 

अब खुशबू बनकर तैरूँगा मैं, उनके साथ फिजाओं में। 


कोशिश करता रहता था मैं जिनके लफ्जों में रहने की 

अब घूम रहा हूँ बनके सदायें, उनके साथ हवाओं में।


7

ज्यादा दूर नहीं है मंजिल, बस कुछ कदमों की दूरी है 

माना की ये वक्त नहीं है पर कहना आज जरूरी है 


जिस दिन से तुम दूर हुये हो, चैन कहाँ मिल पाया है 

कहने को मैं तो सो लेता हूँ पर नींद कहाँ अब पूरी है 


यूँ तो मिलते रहते थे हम, रोज नये एक मोड़ पे 

लेकिन दिल से दिल के मिलने की ख्वाहिश अभी अधूरी है 


मेरे चमन के हर पौधे को तुमने ही तो रोपा है 

फिर क्यों रौंदा इस उपवन, ऐसी क्या मजबूरी है 


जिस दौलत की खातिर तुमने, मेरा दामन छोड़ दिया है 

मृगतृष्णा है वह आँखो की, जिसकी खुशबू कस्तूरी है। 


तन भी महकें, मन भी महकें जब भी मैं तुझको याद करूँ 

तेरी यादों की खुशबू भी क्यूँ इतनी सिन्दूरी है। 


कभी तो मेरे साथ रहेगा, कभी जायेगा तेरा होकर 

बारी-बारी सबका जाना ही दुनिया की दस्तूरी है


8

किसी को गिरा कर उठने की फितरत नहीं रही, 

इतना दिया है उसने, अब कोई हसरत नहीं रही।


तूफानों से भिड़े है, शोलों को भी मात दी है, 

पर जिगरे में मेरे अब वो हिम्मत नहीं रही।


छपते थे अखबार के हर पन्ने में कभी 

मेरे किरदार की अब वो शोहरत नहीं रही।


उठाते थे कभी सभी के उम्मीदों का बोझ 

कंधे की मेरी अब वो ताकत नहीं रही।


पैसो की चकाचौंध में भूल गया था सब 

उम्र भर जिसे कमाया, वो दौलत नहीं रही।


(इस पोस्ट में प्रयुक्त पेंटिंग्स कवि विजेन्द्र जी की हैं।)

टिप्पणियाँ

इस ब्लॉग से लोकप्रिय पोस्ट

मां की मृत्यु पर कविताएं

कुँवर नारायण की कविताएँ

मार्कण्डेय की कहानी 'दूध और दवा'