रवि नन्दन सिंह का स्मृति आलेख "प्रो. नित्यानंद तिवारी और इतिहास-बोध का आलोचनात्मक विवेक"
![]() |
| नित्यानन्द तिवारी |
भारतीय इतिहास के मध्य युग ने कई दृष्टियों से यहाँ के जन जीवन, सोच, विचार की प्रक्रिया और साहित्य पर प्रभाव डाला। भारतीय इतिहास के दो महत्वपूर्ण आन्दोलन सूफी और भक्ति आन्दोलन इसी समय घटित हुए। साहित्य सृजन से आम आदमी जुड़ा। भक्ति आन्दोलन के अधिकांश सन्त उन जातियों से आते थे जिन्हें परंपरागत समाज ने अध्ययन तक के अधिकार से वंचित किया था। इसी क्रम में मध्य काल में रोमांचक आख्यानों के लिखे जाने का क्रम भी आरम्भ हुआ। आम आदमी की गहन रुचि प्रायः इन रोमांचक आख्यानों में हुआ करती थी। इस तरह ये आख्यान लोक रुचि के भी परिचायक हैं। प्रोफेसर नित्यानन्द तिवारी उस जगह से आए थे जो लोक आख्यानों का गढ़ हुआ करता है। इसीलिए उन्होंने अपने शोध के लिए इस मध्य युगीन रोमांचक आख्यान को ही चुना। रवि नन्दन सिंह अपनी टिप्पणी में लिखते हैं "यह विषय अपने आप में मध्यकालीन साहित्य की विविध विधाओं, आख्यान-परंपराओं, सामाजिक कल्पनाओं और सांस्कृतिक प्रवृत्तियों के अध्ययन की माँग करता है। मध्यकालीन साहित्य को केवल धार्मिक भक्ति अथवा दरबारी संस्कृति के सीमित दायरों में रखकर नहीं समझा जा सकता। उसमें लोकजीवन, प्रेम, साहस, संघर्ष, कल्पना, सामाजिक संबंधों और सांस्कृतिक आदान-प्रदान की अनेक धाराएँ मौजूद हैं। तिवारी की शोध-दृष्टि का महत्त्व इस बात में है कि वे मध्ययुगीन साहित्य को एक जीवंत ऐतिहासिक और सांस्कृतिक परंपरा के रूप में देखने की संभावना विकसित करते हैं। 'मध्यकालीन साहित्य : पुनरावलोकन' शीर्षक से ही यह संकेत मिलता है कि वे साहित्यिक परंपरा को स्थिर और अंतिम निष्कर्षों के आधार पर नहीं देखते। पुनरावलोकन का अर्थ है—पहले से प्रचलित धारणाओं की नए सिरे से परीक्षा करना, साहित्यिक सामग्री को नए प्रश्नों के साथ पढ़ना और उन पक्षों को सामने लाना जो पारंपरिक मूल्यांकन में उपेक्षित रह गए हों। मध्यकालीन साहित्य के अध्ययन में यह दृष्टि विशेष रूप से उपयोगी है, क्योंकि इस काल की रचनाओं का संबंध भारतीय समाज की बहुधार्मिक, बहुभाषिक और बहुसांस्कृतिक संरचना से है।" नित्यानन्द तिवारी का 18 नवम्बर 2026 को निधन हो गया। हम उनकी स्मृति को नमन करते हैं। आइए आज पहली बार पर हम पढ़ते हैं रवि नन्दन सिंह का स्मृति आलेख "प्रो. नित्यानंद तिवारी और इतिहास-बोध का आलोचनात्मक विवेक"।
स्मरण
"प्रो. नित्यानंद तिवारी और इतिहास-बोध का आलोचनात्मक विवेक"
रवि नन्दन सिंह
सुपरिचित आलोचक प्रो. नित्यानंद तिवारी का कल 19 नवंबर 2026 को दिल्ली में 88 वर्ष की आयु में निधन हो गया। एक ही जिला/क्षेत्र के होने की कारण वे मुझसे जब भी मिलते थे, भोजपुरी में ही बात करते थे। उनसे आखिरी प्रत्यक्ष मुलाकात अक्टूबर 2017 में साहित्य भंडार के मीरा स्मृति समारोह में हुई थी। उस समय साहित्य भंडार से प्रकाशित मेरी पुस्तक ’भारतीय आर्यभाषा हिंदी’ का लोकार्पण हुआ तो प्रसिद्ध आलोचक विजय बहादुर सिंह, कथाकार ममता कालिया तथा आलोचक नीलकांत जी के साथ नित्यानंद तिवारी जी भी मंच पर उपस्थिति थे। वे हिंदी के उन विशिष्ट आलोचकों, साहित्यचिंतकों और अध्यापकों में थे, जिन्होंने साहित्य को केवल किसी विचारधारा, साहित्यिक आंदोलन अथवा पूर्वनिर्धारित आलोचनात्मक प्रतिमान के आधार पर समझने के बजाय उसे जीवन, इतिहास, समाज और संस्कृति के व्यापक संदर्भों में देखने का प्रयास किया। उनकी आलोचना का केंद्रीय सरोकार साहित्यिक रचना के भीतर सक्रिय जीवनानुभवों, ऐतिहासिक चेतना और रचनात्मक संवेदना के अंतर्संबंधों की पहचान करना है। वे उन आलोचकों में हैं जिनके यहाँ साहित्य का मूल्यांकन केवल उसकी कथ्यगत विशेषताओं अथवा शिल्पगत उपलब्धियों तक सीमित नहीं रहता, बल्कि उसके पीछे काम कर रही सामाजिक शक्तियों, सांस्कृतिक प्रक्रियाओं और मनुष्य की ऐतिहासिक स्थिति तक पहुँचता है। उनकी आलोचना की एक महत्त्वपूर्ण विशेषता यह है कि वे साहित्य को समाजशास्त्र या इतिहास का मात्र परिशिष्ट नहीं बनाते। साहित्य की स्वायत्तता और उसकी सामाजिक ऐतिहासिक संबद्धता के बीच संतुलन स्थापित करना उनके आलोचनात्मक विवेक का महत्त्वपूर्ण पक्ष है। इस दृष्टि से उनका आलोचना-कर्म हिंदी की उस गंभीर आलोचनात्मक परंपरा का हिस्सा है, जिसमें रचना को उसके समय से जोड़ते हुए उसकी कलात्मक विशिष्टता को भी सुरक्षित रखा जाता है।
8 अप्रैल 1938 को उत्तर प्रदेश के गाजीपुर जनपद के डेहमा गाँव में जन्मे नित्यानंद तिवारी की बौद्धिक यात्रा ग्रामीण परिवेश से आरंभ होकर इलाहाबाद विश्वविद्यालय की साहित्यिक और अकादमिक परंपरा तथा दिल्ली विश्वविद्यालय के व्यापक बौद्धिक वातावरण तक पहुँचती है। स्थानीय ग्रामीण परिवेश में उनकी प्रारंभिक शिक्षा आठवीं कक्षा तक संपन्न हुई। इसके बाद वे आगे की पढ़ाई के लिए लखनऊ गए, जहाँ से इंटरमीडिएट की शिक्षा प्राप्त की। उच्च शिक्षा के लिए उनका संबंध इलाहाबाद विश्वविद्यालय से स्थापित हुआ। उन्होंने वहीं से स्नातक और परास्नातक की शिक्षा प्राप्त की तथा 1964 में 'मध्ययुगीन रोमांचक आख्यान' विषय पर डी. फिल. की उपाधि प्राप्त की। उनकी शैक्षिक यात्रा में इलाहाबाद विश्वविद्यालय का विशेष महत्त्व है। यह वह समय था जब इलाहाबाद हिंदी साहित्य और आलोचना के एक बड़े केंद्र के रूप में प्रतिष्ठित हो रहा था। यहाँ साहित्य, इतिहास, दर्शन और समाज के प्रश्नों पर होने वाली बहसों ने उनके बौद्धिक विकास के लिए अनुकूल वातावरण उपलब्ध कराया।
नित्यानंद तिवारी की साहित्यिक अभिरुचि का विकास विद्यार्थी जीवन में ही हो गया था। वर्ष 1957 से उनकी कविताएँ और लेख 'निकष', 'कल्पना', 'लहर', 'राष्ट्रवाणी', 'वसुधा' और 'अजंता' जैसी प्रतिष्ठित पत्रिकाओं में प्रकाशित होने लगे थे। यह तथ्य उनके व्यक्तित्व के एक ऐसे पक्ष को सामने लाता है, जिस पर अपेक्षाकृत कम चर्चा होती है। सामान्यतः उनकी पहचान हिंदी के आलोचक और साहित्यचिंतक के रूप में की जाती है, लेकिन उनकी साहित्यिक यात्रा का आरंभ कविता और रचनात्मक लेखन से हुआ था। इस रचनात्मक अनुभव ने उनकी आलोचना को केवल सैद्धांतिक अथवा अकादमिक अनुशासन बनने से बचाया। वे रचना की आंतरिक बनावट, संवेदना और भाषा की उन बारीकियों को समझने में समर्थ हुए, जिनकी पहचान केवल बाहरी सिद्धांतों के सहारे संभव नहीं है।
1965 में उनकी नियुक्ति दिल्ली के राजधानी कॉलेज में हिंदी के व्याख्याता के रूप में हुई। वर्ष 1971 में उन्होंने दिल्ली विश्वविद्यालय के हिंदी विभाग में अध्यापन आरंभ किया। उनकी शैक्षणिक प्रतिभा, विषय की गहरी समझ और आलोचनात्मक दृष्टि के कारण उन्हें विश्वविद्यालय में महत्त्वपूर्ण दायित्व प्राप्त हुए। 1993 में वे प्रोफेसर और हिंदी विभागाध्यक्ष बने। इस पद पर रहते हुए उन्होंने हिंदी साहित्य के अध्यापन और आलोचना के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान किया। उनके अध्यापन की विशेषता यह थी कि वे विद्यार्थियों को केवल पाठ्यक्रम की सामग्री तक सीमित नहीं रखते थे, बल्कि साहित्य को समझने के लिए स्वतंत्र चिंतन, प्रश्नाकुलता और तर्कशीलता को आवश्यक मानते थे। उनके व्यक्तित्व का यह अध्यापक पक्ष भी उनके आलोचक व्यक्तित्व जितना ही महत्त्वपूर्ण है। उनकी शिक्षा, अध्यापन और आलोचनात्मक लेखन का विकास हिंदी साहित्य में आधुनिकता, प्रगतिशील चेतना, नई कविता और नई कहानी के विभिन्न वैचारिक विमर्शों के बीच हुआ। यही कारण है कि उनकी आलोचना में परंपरा और आधुनिकता, इतिहास और वर्तमान, रूप और अंतर्वस्तु तथा व्यक्ति और समाज के बीच के संबंधों को समझने की विशेष दृष्टि दिखाई देती है।
उनके व्यक्तित्व का एक दूसरा महत्त्वपूर्ण पक्ष हिंदी के साहित्यिक आंदोलनों से उनका संबंध है। वे नई साहित्यिक चेतना के विकास और उसके वैचारिक प्रश्नों के प्रति सक्रिय रहे। नए साहित्य के आंदोलनों में उनकी भागीदारी और उनके सैद्धांतिक पक्षों पर विचार ने उन्हें केवल विश्वविद्यालय के अध्यापक तक सीमित नहीं रखा। वे साहित्य के जीवंत परिवेश से जुड़े आलोचक रहे। साहित्यिक आंदोलनों के प्रति उनकी रुचि का अर्थ किसी आंदोलन के प्रत्येक निष्कर्ष को स्वीकार करना नहीं था, बल्कि उसके पीछे काम कर रही रचनात्मक आकांक्षाओं, सामाजिक परिस्थितियों और वैचारिक अंतर्विरोधों को समझना था। उनकी साहित्यिक और अकादमिक प्रतिष्ठा का अनुमान इस तथ्य से भी लगाया जा सकता है कि वे केंद्रीय साहित्य अकादेमी तथा दिल्ली हिंदी अकादमी की संचालन समितियों से जुड़े रहे। भारतीय ज्ञानपीठ पुरस्कार की निर्णायक समिति की प्रवर परिषद में भी उनकी सहभागिता रही। ये दायित्व साहित्यिक संस्थाओं में उनकी स्वीकार्यता और आलोचनात्मक विश्वसनीयता के परिचायक हैं। उनका योगदान केवल पुस्तकें लिखने तक सीमित नहीं रहा, बल्कि साहित्यिक मूल्यांकन और संस्थागत स्तर पर साहित्य की गुणवत्ता तथा प्रतिष्ठा से जुड़े प्रश्नों तक विस्तृत रहा।
उनका योगदान एक अध्यापक के रूप में विशेष रूप से उल्लेखनीय है। किसी विश्वविद्यालय के शिक्षक की उपलब्धि केवल उसके प्रकाशित शोधपत्रों और पुस्तकों से निर्धारित नहीं होती। वह अपने विद्यार्थियों में किस प्रकार की बौद्धिक चेतना विकसित करता है, उन्हें प्रश्न करने और स्वतंत्र रूप से सोचने के लिए कितनी प्रेरणा देता है, यह भी उसकी उपलब्धि का महत्त्वपूर्ण आधार है। नित्यानंद तिवारी के संबंध में उपलब्ध परिचयात्मक सामग्री उन्हें एक लोकप्रिय और प्रभावशाली अध्यापक के रूप में भी रेखांकित करती है। उनके अध्यापन में साहित्य को जीवन से जोड़ने और पाठ के भीतर छिपे अर्थ-सूत्रों को पहचानने की प्रवृत्ति प्रमुख थी।
नित्यानंद तिवारी की आलोचनात्मक पहचान को समझने के लिए उनकी प्रमुख पुस्तकों का उल्लेख आवश्यक है। 'मध्ययुगीन रोमांचक आख्यान' उनकी शोधपरक और आरंभिक महत्त्वपूर्ण कृति है। 'आधुनिक साहित्य और इतिहास-बोध', 'सृजनशीलता का संकट', 'प्रसंग और आलोचना' तथा 'मध्यकालीन साहित्य : पुनरवलोकन' उनकी आलोचनात्मक दृष्टि के विभिन्न आयामों को सामने लाने वाली पुस्तकें हैं। इनके अतिरिक्त 'एक तरह की कला के विरुद्ध तथा अन्य निबंध' और 'साहित्य का स्वरूप' का भी उनके लेखन-संसार के संदर्भ में उल्लेख मिलता है। निर्मला जैन के साथ उनके संपादन में प्रकाशित 'हिंदी उपन्यास : 1950 के बाद' भी उनके आलोचनात्मक और संपादकीय सरोकारों का परिचायक है। इन पुस्तकों के शीर्षकों को ही ध्यान से देखें तो उनके चिंतन के प्रमुख क्षेत्र स्पष्ट होने लगते हैं। इतिहास-बोध, सृजनशीलता, साहित्य का स्वरूप, मध्यकालीन साहित्य की पुनर्व्याख्या और कला की वैचारिक भूमिका उनके अध्ययन के केंद्रीय विषय हैं। वे साहित्य को किसी एक समयखंड में बंद करके नहीं देखते। उनके लिए प्रत्येक रचना अपने समय की उपज होने के साथ-साथ अपने समय से संवाद करने वाली एक स्वतंत्र रचनात्मक सत्ता भी है। इसी कारण उनकी आलोचना में इतिहास का संदर्भ महत्त्वपूर्ण होते हुए भी रचना की कलात्मकता गौण नहीं होती।
उनकी आलोचना का सबसे महत्त्वपूर्ण पक्ष इतिहास-बोध है। 'आधुनिक साहित्य और इतिहास-बोध' इस दृष्टि से उनकी आलोचनात्मक मान्यताओं को समझने की एक आधारभूत पुस्तक है। इस कृति में इतिहास और साहित्य के संबंध को केवल घटनाओं और रचनाओं के पारस्परिक संदर्भ तक सीमित नहीं रखा गया है, बल्कि इस बात को समझने का प्रयास किया गया है कि किसी रचना में इतिहास किस प्रकार चेतना, संवेदना, अनुभव और विचार के रूप में उपस्थित होता है। इतिहास उनके लिए केवल अतीत का विवरण नहीं है। वह वर्तमान को समझने और भविष्य की संभावनाओं को पहचानने का भी एक माध्यम है। साहित्य का इतिहास केवल रचनाकारों, पुस्तकों, साहित्यिक आंदोलनों और कालखंडों का क्रमबद्ध विवरण नहीं होता। उसके भीतर समाज की संरचना, उत्पादन-संबंध, सांस्कृतिक संघर्ष, राजनीतिक परिवर्तन और मनुष्य की बदलती हुई चेतना भी सक्रिय रहती है। कोई भी साहित्यिक रचना अपने समय से पूरी तरह निरपेक्ष नहीं हो सकती। उसके कथ्य, भाषा, प्रतीक, बिंब और शिल्प में प्रत्यक्ष अथवा परोक्ष रूप से उस समय की सामाजिक और सांस्कृतिक परिस्थितियाँ अभिव्यक्त होती हैं। तिवारी जी इसी अंतर्संबंध को समझने पर बल देते हैं। वे रचना को उसके ऐतिहासिक संदर्भ में रख कर देखते हैं, लेकिन उसे ऐतिहासिक परिस्थितियों का यांत्रिक परिणाम मानकर उसका मूल्यांकन नहीं करते।
यहाँ उनकी आलोचनात्मक दृष्टि का एक महत्त्वपूर्ण गुण सामने आता है। वे साहित्यिक रचना के सामाजिक अर्थ को उद्घाटित करते हुए उसकी कलात्मक विशिष्टता को सुरक्षित रखते हैं। साहित्य को केवल विचारों की अभिव्यक्ति मान लेना जितना अनुचित है, उतना ही अनुचित उसे सामाजिक जीवन से कटी हुई सौंदर्यपरक वस्तु मानना भी है। रचना की अंतर्वस्तु और रूप एक-दूसरे से जुड़े होते हैं। रचना का रूप केवल तकनीकी विन्यास नहीं है और उसकी अंतर्वस्तु केवल विचारों का संग्रह नहीं है। दोनों की परस्पर क्रिया से ही रचना का विशिष्ट कलात्मक व्यक्तित्व निर्मित होता है। उनकी आलोचना में रूप और वस्तु के इस द्वंद्वात्मक संबंध पर विशेष बल दिखाई देता है। इस संदर्भ में उनकी कथालोचना संबंधी पुस्तक में व्यक्त विचार उल्लेखनीय हैं। उनके अनुसार, रूप और वस्तु को एक-दूसरे से स्वतंत्र कर के नहीं समझा जा सकता। यदि तकनीकी कौशल को रचना की अंतर्वस्तु और ऐतिहासिक संबंधों से अलग कर दिया जाए तो वह अपनी स्वतंत्र सत्ता का भ्रम पैदा करने लगता है। इससे रचना के वास्तविक ऐतिहासिक और कलात्मक स्वरूप की पहचान बाधित होती है। यह विचार उनकी आलोचना के उस मूल आग्रह को स्पष्ट करता है जिसमें शिल्प और कथ्य के बीच किसी कृत्रिम विभाजन को स्वीकार नहीं किया गया है।
हिंदी आलोचना में लंबे समय तक विचारधारात्मक आग्रह और कलावादी आग्रह के बीच बहस चलती रही है। एक ओर साहित्य को सामाजिक परिवर्तन का उपकरण मानने वाली दृष्टि रही है, दूसरी ओर साहित्य की स्वायत्तता और सौंदर्यात्मक विशिष्टता को सर्वोपरि मानने वाली दृष्टि। नित्यानंद तिवारी का महत्त्व इस बात में है कि वे इन दोनों के यांत्रिक विभाजन से बचते हैं। उनके यहाँ साहित्य की सामाजिक प्रतिबद्धता का अर्थ कलात्मकता का निषेध नहीं है और कलात्मक स्वतंत्रता का अर्थ सामाजिक वास्तविकताओं से पलायन भी नहीं है। वे साहित्य को मनुष्य के अनुभव और उसकी ऐतिहासिक परिस्थितियों के बीच निर्मित होने वाली रचनात्मक प्रक्रिया के रूप में देखते हैं।
'सृजनशीलता का संकट' उनकी आलोचनात्मक दृष्टि का एक दूसरा महत्त्वपूर्ण पड़ाव है। इस पुस्तक का शीर्षक ही एक व्यापक साहित्यिक और सांस्कृतिक प्रश्न की ओर संकेत करता है। सृजनशीलता का संकट केवल लेखन की कमी अथवा नए विषयों के अभाव का संकट नहीं होता। यह मनुष्य की अनुभव करने, अपने समय को पहचानने और जीवन की जटिलताओं को रचनात्मक अभिव्यक्ति देने की क्षमता से भी जुड़ा हुआ प्रश्न है। जब साहित्यकार अपने समय की वास्तविकताओं से कटने लगता है, जब वह पहले से तैयार मुहावरों और स्वीकृत प्रतिमानों में अपनी रचनात्मकता को सीमित कर लेता है, तब सृजनशीलता का संकट गहरा होने लगता है।
तिवारी की आलोचना में यह चिंता रचनात्मक अनुभव की प्रामाणिकता से जुड़ती है। उनके लिए किसी रचना का महत्त्व केवल उसकी वैचारिक घोषणा से निर्धारित नहीं होता। यह देखना आवश्यक है कि रचना में जीवन का अनुभव कितनी गहराई और विश्वसनीयता के साथ रूपायित हुआ है। कोई रचनाकार सामाजिक न्याय, समानता, स्वतंत्रता और मनुष्य की गरिमा के पक्ष में कितनी ही बड़ी घोषणाएँ करे, लेकिन यदि उसकी रचना में जीवन का ठोस अनुभव नहीं है तो उसकी वैचारिक प्रतिबद्धता अपने आप में साहित्यिक श्रेष्ठता का प्रमाण नहीं बन सकती।
इस संदर्भ में वाणी प्रकाशन द्वारा प्रकाशित 'आधुनिक साहित्य और इतिहास-बोध' के परिचय में उनकी आलोचना की विशिष्टता को रेखांकित करते हुए कहा गया है कि उसमें गहरे काव्यानुभव और स्वस्थ इतिहास-दृष्टि का समन्वय है। प्रकाशक के अनुसार, तिवारी की आलोचना प्रामाणिक स्थानीय अनुभवों पर आधारित रचनाओं और सार्वभौमिकता का दावा करने वाली अनुभवहीन रचनाओं के बीच अंतर पहचानने में सक्षम है। यह टिप्पणी उनकी आलोचना के एक अत्यंत महत्त्वपूर्ण पक्ष को सामने लाती है—वे अनुभव की प्रामाणिकता को साहित्यिक मूल्यांकन का आवश्यक आधार मानते हैं। यहाँ प्रामाणिकता का अर्थ केवल यथार्थ का फोटोग्राफिक चित्रण नहीं है। साहित्य जीवन की हूबहू नकल नहीं करता, बल्कि अनुभव को रचनात्मक रूपांतरण के माध्यम से अर्थ प्रदान करता है। इसलिए रचनाकार के अनुभव का उसकी सामाजिक स्थिति, सांस्कृतिक परिवेश और ऐतिहासिक चेतना से संबंध महत्त्वपूर्ण हो जाता है। तिवारी की आलोचना में यह आग्रह दिखाई देता है कि साहित्यकार को जीवन की वास्तविक जटिलताओं से गुजर कर अपनी रचनात्मक दृष्टि विकसित करनी चाहिए। केवल वैचारिक नारे, लोकप्रिय मुहावरे और स्थापित साहित्यिक फैशन किसी रचना को महत्त्वपूर्ण नहीं बना सकते।
उनकी आलोचना का एक उल्लेखनीय गुण आलोचनात्मक स्वतंत्रता है। वे प्रचलित आलोचनात्मक मुहावरों को बिना परीक्षण स्वीकार करने के पक्षधर नहीं हैं। किसी विचारधारा अथवा साहित्यिक आंदोलन से जुड़ना और उसके प्रत्येक निष्कर्ष को अंतिम सत्य मान लेना दो अलग बातें हैं। आलोचना का दायित्व विचारधारा के भीतर रहते हुए भी प्रश्न करने, उसकी सीमाओं को पहचानने और रचना की वास्तविक उपलब्धियों का मूल्यांकन करने का है। इसीलिए उनकी आलोचना में एक प्रकार की वैचारिक सजगता और बौद्धिक स्वायत्तता दिखाई देती है। 'प्रसंग और आलोचना' को इसी संदर्भ में देखा जाना चाहिए। आलोचना के लिए प्रसंग का महत्त्व केवल इतना नहीं है कि वह किसी रचना के बाहरी संदर्भ उपलब्ध कराता है। प्रसंग रचना के अर्थ-विस्तार में भी सक्रिय होता है। किसी कविता, कहानी अथवा उपन्यास को उसके समय, समाज और सांस्कृतिक पृष्ठभूमि से अलग करके पढ़ने पर उसके अनेक अर्थ अदृश्य रह जाते हैं। दूसरी ओर, केवल बाहरी प्रसंगों की सहायता से रचना का मूल्यांकन करने पर उसकी आंतरिक संरचना और कलात्मक विशिष्टता छूट सकती है। तिवारी का आलोचनात्मक विवेक इन दोनों अतियों से बचने का प्रयास करता है।
उनकी आलोचना में मध्यकालीन साहित्य का अध्ययन भी विशेष महत्त्व रखता है। 'मध्ययुगीन रोमांचक आख्यान' उनकी शोधपरक रुचि का परिचायक है। यह विषय अपने आप में मध्यकालीन साहित्य की विविध विधाओं, आख्यान-परंपराओं, सामाजिक कल्पनाओं और सांस्कृतिक प्रवृत्तियों के अध्ययन की माँग करता है। मध्यकालीन साहित्य को केवल धार्मिक भक्ति अथवा दरबारी संस्कृति के सीमित दायरों में रखकर नहीं समझा जा सकता। उसमें लोकजीवन, प्रेम, साहस, संघर्ष, कल्पना, सामाजिक संबंधों और सांस्कृतिक आदान-प्रदान की अनेक धाराएँ मौजूद हैं। तिवारी की शोध-दृष्टि का महत्त्व इस बात में है कि वे मध्ययुगीन साहित्य को एक जीवंत ऐतिहासिक और सांस्कृतिक परंपरा के रूप में देखने की संभावना विकसित करते हैं। 'मध्यकालीन साहित्य : पुनरावलोकन' शीर्षक से ही यह संकेत मिलता है कि वे साहित्यिक परंपरा को स्थिर और अंतिम निष्कर्षों के आधार पर नहीं देखते। पुनरावलोकन का अर्थ है—पहले से प्रचलित धारणाओं की नए सिरे से परीक्षा करना, साहित्यिक सामग्री को नए प्रश्नों के साथ पढ़ना और उन पक्षों को सामने लाना जो पारंपरिक मूल्यांकन में उपेक्षित रह गए हों। मध्यकालीन साहित्य के अध्ययन में यह दृष्टि विशेष रूप से उपयोगी है, क्योंकि इस काल की रचनाओं का संबंध भारतीय समाज की बहुधार्मिक, बहुभाषिक और बहुसांस्कृतिक संरचना से है।
इस संदर्भ में उनकी आलोचना का संबंध भारतीय सामासिक संस्कृति और धर्मनिरपेक्ष चेतना से भी जुड़ता है। साहित्य को सांस्कृतिक पहचान के संकीर्ण दायरों में बाँधने के बजाय उसकी व्यापक मानवीय और ऐतिहासिक पृष्ठभूमि में समझना उनके आलोचनात्मक विवेक का हिस्सा है। भारतीय साहित्यिक परंपरा में विभिन्न धार्मिक, भाषिक और सांस्कृतिक धाराओं का पारस्परिक संवाद रहा है। भक्ति साहित्य, सूफी काव्य, लोक आख्यान और मध्यकालीन प्रेमाख्यान इस संवाद के विविध रूप प्रस्तुत करते हैं। इन रचनाओं को किसी एक धार्मिक अथवा सांप्रदायिक पहचान में सीमित कर देना उनके ऐतिहासिक महत्त्व को संकुचित करना होगा।
नित्यानंद तिवारी की आलोचना का एक महत्त्वपूर्ण पक्ष यह भी है कि वे साहित्य के अध्ययन में विभिन्न ज्ञान-अनुशासनों का उपयोग करते हैं। इतिहास, समाजशास्त्र, राजनीति विज्ञान, मनोविज्ञान और दर्शन उनके लिए साहित्य से बाहर के विषय नहीं हैं। साहित्य स्वयं मनुष्य के समग्र जीवन का सृजनात्मक प्रतिफल है। इसलिए उसके अध्ययन में जीवन के दूसरे अनुशासनों की सहायता लेना स्वाभाविक है। लेकिन इस सहायता का अर्थ साहित्य को किसी दूसरे अनुशासन के अधीन कर देना नहीं है। उनकी आलोचना में इस बात का विशेष ध्यान रखा गया है कि साहित्य की अपनी भाषा, संवेदना, संरचना और कलात्मकता बनी रहे। इस दृष्टि से वे हिंदी की उस आलोचनात्मक परंपरा के निकट दिखाई देते हैं, जिसमें आचार्य रामचंद्र शुक्ल से ले कर रामविलास शर्मा और नामवर सिंह तक साहित्य को व्यापक सामाजिक-ऐतिहासिक संदर्भों में समझने की कोशिश की गई है। हालांकि तिवारी की अपनी विशिष्टता है। वे किसी आलोचक की पद्धति का अनुसरण मात्र नहीं करते, बल्कि अपनी स्वतंत्र समझ और अध्ययन के आधार पर रचना के अर्थ तक पहुँचने का प्रयास करते हैं। उनकी आलोचना में सिद्धांत रचना पर आरोपित नहीं होता, बल्कि रचना के विश्लेषण की प्रक्रिया में उसकी आवश्यकता और उपयोगिता के अनुसार सक्रिय होता है।
उनकी आलोचना को समकालीन संदर्भ में देखते हुए एक प्रश्न यह भी उठता है कि आज जब साहित्य का मूल्यांकन अनेक अस्मितामूलक, सामाजिक और सांस्कृतिक विमर्शों के आधार पर हो रहा है, तब उनकी इतिहासपरक आलोचना कितनी प्रासंगिक है? वस्तुतः उनकी आलोचनात्मक पद्धति की प्रासंगिकता इस बात में है कि वह किसी एक विमर्श को साहित्य की संपूर्ण व्याख्या का आधार नहीं बनाती। किसी भी रचना को समझने के लिए उसकी सामाजिक स्थिति, ऐतिहासिक पृष्ठभूमि, सांस्कृतिक संरचना, भाषिक विशिष्टता और कलात्मक उपलब्धियों को एक साथ देखने की आवश्यकता है। यह समग्र दृष्टि आज भी आलोचना के लिए उपयोगी है। उनकी आलोचना का मूल्यांकन करते समय उसकी सीमाओं पर विचार करना भी आवश्यक है। इतिहास और सामाजिक संदर्भों पर अधिक बल देने वाली आलोचना के सामने यह चुनौती रहती है कि कहीं रचना की सूक्ष्म भाषिक संरचना, सौंदर्यात्मक अनुभव और व्यक्तिगत संवेदना उसके विवेचन में पीछे न छूट जाएँ। इसी तरह किसी रचना की प्रामाणिकता का निर्धारण भी सरल नहीं है। प्रामाणिक अनुभव और अनुभव के कलात्मक रूपांतरण के बीच अंतर करना आलोचक के लिए कठिन कार्य है। तिवारी की आलोचना की शक्ति इस बात में है कि वे इन प्रश्नों को किसी एक निश्चित सूत्र से हल करने के बजाय रचना के विशिष्ट संदर्भ में समझने का प्रयास करते हैं। उनकी आलोचना का वास्तविक महत्त्व इसी विवेकपूर्ण दृष्टि में निहित है।
यह भी उल्लेखनीय है कि उनका लेखन अत्यधिक प्रचारवादी अथवा आत्मप्रदर्शनकारी नहीं है। उनकी पहचान मुख्यतः अध्ययन, अध्यापन और आलोचनात्मक विवेक के आधार पर बनी है। वे साहित्य के बारे में बड़े-बड़े निष्कर्ष देने के बजाय रचना के भीतर प्रवेश करके उसके अर्थों और अंतर्विरोधों को समझने का प्रयास करते हैं। उनकी आलोचना में वैचारिक गंभीरता के साथ एक प्रकार का संयम भी दिखाई देता है। वे किसी रचना की प्रशंसा या अस्वीकृति में जल्दबाजी नहीं करते, बल्कि उसके रचनात्मक आधार और ऐतिहासिक अर्थों की पड़ताल करते हैं।
समग्रतः प्रो. नित्यानंद तिवारी हिंदी आलोचना के उन महत्त्वपूर्ण हस्ताक्षरों में हैं, जिन्होंने साहित्य को जीवन की व्यापक प्रक्रिया से जोड़ कर देखने की दृष्टि विकसित की। उनकी आलोचना का मूल आग्रह साहित्य की रचनात्मक स्वायत्तता और उसकी सामाजिक-ऐतिहासिक प्रतिबद्धता के बीच संबंध स्थापित करना है। वे न तो साहित्य को केवल विचारधारा का उपकरण मानते हैं और न ही उसे सामाजिक वास्तविकताओं से निरपेक्ष सौंदर्य की वस्तु। उनके लिए साहित्य मनुष्य के अनुभव, उसकी ऐतिहासिक चेतना, सांस्कृतिक स्मृति और रचनात्मक स्वतंत्रता का ऐसा क्षेत्र है जिसमें जीवन की अनेक जटिलताएँ कलात्मक रूप ग्रहण करती हैं। हिंदी आलोचना में उनका महत्त्व इस बात में है कि उन्होंने आलोचना को तैयारशुदा निष्कर्षों और प्रचलित मुहावरों से मुक्त रखकर स्वतंत्र चिंतन का माध्यम बनाने की कोशिश की। 'आधुनिक साहित्य और इतिहास-बोध' में इतिहास की सक्रिय उपस्थिति, 'सृजनशीलता का संकट' में रचनात्मक अनुभव की प्रामाणिकता, 'प्रसंग और आलोचना' में संदर्भों की अर्थवत्ता तथा 'मध्यकालीन साहित्य : पुनरवलोकन' में परंपरा को नए सिरे से देखने की दृष्टि उनके आलोचनात्मक व्यक्तित्व के अलग-अलग आयाम हैं। इन सबको एक साथ देखने पर स्पष्ट होता है कि उनकी चिंता केवल साहित्य की व्याख्या करना नहीं, बल्कि साहित्य के माध्यम से मनुष्य और उसके समय को समझना है।
वस्तुतः किसी आलोचक की स्थायी उपलब्धि इस बात से निर्धारित होती है कि वह अपने समय में प्रचलित साहित्यिक धारणाओं को कितना चुनौती देता है और आने वाली पीढ़ियों के लिए विचार के कितने नए रास्ते खोलता है। इस कसौटी पर नित्यानंद तिवारी का आलोचना-कर्म हिंदी साहित्य में गंभीर अध्ययन, ऐतिहासिक विवेक और स्वतंत्र चिंतन की एक महत्त्वपूर्ण परंपरा का प्रतिनिधित्व करता है। उनका व्यक्तित्व इस बात का प्रमाण है कि सच्ची आलोचना न तो रचना की प्रशस्ति है और न उसकी वैचारिक निंदा; वह रचना के भीतर उपस्थित जीवन-सत्य, कलात्मक अनुभव और ऐतिहासिक अंतर्विरोधों की निष्पक्ष पहचान का बौद्धिक प्रयास है। सादर नमन!
![]() |
| रवि नन्दन सिंह |
संपर्क
मोबाइल : 9454257709

.jpg)
टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें