शीतेन्द्र नाथ चौधुरी कहानी 'पट्टा'


शीतेन्द्र नाथ चौधुरी


संक्षिप्त परिचय :

शीतेन्द्र नाथ चौधुरी

जन्म : 10 जून 1943

रचनाएं : दो कहानी संग्रह - हाते से बाहर (1986), छत्ता (2008)

संस्मरण - अतीत के झरोखे से (बांग्लादेश और भारत) -2025

अनुवाद (अंग्रेजी से) : दो पहल पुस्तिकाएं-

1- उन्नत सभ्यताओं में कला और साहित्य का विद्रोह, लेखक- लूसिये गोल्डमान 

2- विवेकानंद के सामाजिक और राजनीतिक विचार, लेखक- बिनय कुमार राय

3- आवनर जिस की किताब का अध्याय-: रूप और वस्तु की द्वंद्वात्मकता

4- एलेन सकाल और ज्याँ ब्रिकमंट की पुस्तक "फैशनेबल नॉनसेंस"/ इम्पोस्टर्स इनटेलेक्चुअल्स" का "ठग बुद्धिजीवी" शीर्षक से अनुवाद, 

महान वैज्ञानिक स्टीफेन हॉकिंग की आखिरी किताब "Brief Answers To The Big Questions" का अनुवाद (पांडुलिपि तैयार है)

साथ ही दो फिलीस्तीनी कहानियों का अंग्रेजी से अनुवाद जो अफ्रो-एशियाई लेखक संघ के लिए पहल द्वारा प्रकाशित, दो लम्बी बांग्ला कहानियों का हिन्दी में अनुवाद.

इसके अलावा "हिग्स बोसन का ईश्वरीकरण", "वैज्ञानिक नज़रिया", "बंगाल की बाऊल संस्कृति", "बंगाल के लोकगीत", "विद्रोही कवि नज़रूल इस्लाम" जैसे कई महत्वपूर्ण लेख एवं यात्रा संस्मरण पत्रिकाओं में प्रकाशित। 

सम्मान : 'हाते से बाहर' कहानी संग्रह पर मध्यप्रदेश हिन्दी साहित्य सम्मेलन का 1986 का वागेश्वरी पुरस्कार, परिमल प्रकाशन का राजेश्वर प्रसाद सिंह पुरस्कार 1989, एवं

जलेस, बिलासपुर (छ.ग.) का 'प्रथम शानी स्मृति कथा सम्मान 2019'

तत्कालीन मध्य प्रदेश (अब छत्तीसगढ़) के सरगुजा एवं बिलासपुर जिले के शासकीय आदिम जाति कल्याण उ. मा. विद्यालयों में 20 वर्षों तक भौतिक विज्ञान व्याख्याता के रूप में अध्यापन, तदुपरांत वी.आर.एस. ले कर 18 साल तक निजी विद्यालयों में प्राचार्य के रूप में कार्य किया। नौकरी करते हुए ही 1978-79 में बतौर स्वाध्यायी परीक्षार्थी हिन्दी में एम.ए. किया। 1975 से 2000 तक आकाशवाणी, अम्बिकापुर में कहानी एवं महत्वपूर्ण विषयों पर आलेख पाठ भी किया। 1976 से प्रगतिशील लेखक संघ से जुड़ाव एवं अलग-अलग समय में प्रलेस की पेंड्रा रोड एवं बिलासपुर इकाई के अध्यक्ष भी रहे। नवें दशक में कुछ समय तक पी.एस.ओ का संगठनात्मक कार्य भी किया।


भूमि का समान और न्यायपूर्ण वितरण किसी भी राज्य के लिए एक बड़ी चुनौती होती है। सामान्य सामाजिक परिस्थितियों में राज्य की भूमि पर उन आभिजात्य तबकों का अधिकार होता है जो शासन और सत्ता से किसी न किसी तरह जुड़े होते हैं।आमतौर पर राज्य का यह दायित्व होता है कि वह सबको भूमि उपलब्ध कराए। लेकिन हकीकत यही है कि कमजोर तबके के लोग अपने हिस्से की जमीन प्राप्त नहीं कर पाते। एक और बड़ी विडम्बना यह है कि जिनके पास जमीन है वे उसे जोत बो नहीं पाते वहीं दूसरी तरफ जो खेती करने में सामर्थ्यवान हैं उनके पास खेत ही नहीं होता। सरकार भूमिहीन वर्ग को पट्टा प्रदान कर उनके आक्रोश को शांत करने की कोशिश करती है। लेकिन भ्रष्ट व्यवस्था के चलते ये पट्टे उन लोगों को नहीं मिल पाते, जिन्हें यह वास्तविक तौर पर मिलना चाहिए था। शीतेन्द्र नाथ चौधुरी अपनी कहानी में इस भ्रष्ट व्यवस्था पर प्रहार कर आज के क्रूर यथार्थ को उद्घाटित करने की कोशिश की है। तो आइए आज पहली बार पर हम पढ़ते हैं शीतेन्द्र नाथ चौधुरी कहानी 'पट्टा'।


कहानी

'पट्टा'


शीतेन्द्र नाथ चौधुरी


जितना घना अंधेरा था उतनी ही गहरी ठंड।

ठंड की ऐसी स्याह रात में लोग भले ही रजाई में दुबके रहना पसंद करते हों मगर हम दोनों को तो 'दीदी होटल' ही सूझता है। हम यानी - मैं और रवीन्द्र। हम दोनों रूमपार्टनर यूं तो रोज अपना खाना अपने हाथों स्टोव पर ही बना लेते हैं पर ऐसी कड़ाके की सर्दी में हम 'दीदी होटल' जरूर जाते हैं। 'दीदी होटल' की दीदी बड़े प्यार से हमें भुने गोश्त के साथ अपने हाथ की बनाई शराब परोसती है। दीदी का अधेड़ मर्द उनकी हर फरमाइश पर कमरे के इस कोने से उस कोने तक रेंगता और कभी हमें प्याज के टुकड़े काट कर देता और गिलास में पानी उड़ेलता। जानने वाले कहते हैं कि यह दीदी का रखैल है। इस वक्त दीदी की उम्र ढलान पर है मगर फिर भी मिजाज़ से वे पूरी तरह आजाद तबियत हैं। किसी की मातहती उनकी तासीर में नहीं है। लोगों का कहना है कि जवानी के दिनों में दीदी ने इस कद्दावर गठीले आदमी को अपने इस्तेमाल के लिए रख लिया था (हालांकि मैंने अपने आने-जाने के चन्द महीनों में हमेशा दीदी को इस आदमी से बराबरी का सुलूक करते ही देखा है), तब से इसने कभी दगा नहीं किया और खुशी-खुशी दीदी के पास बना हुआ है। बात कुछ भी हो सकती है मगर मैंने कभी दीदी के भूतकाल का मुआयना करने की ताकीद ही नहीं महसूस की। वजह यह भी हो सकती है कि दीदी हमें मां के समान प्यार से परोसती है और हम उनके हाथ की बनाई बढ़िया शराब पी कर इस विकट ठंड में भी अपने को तरोताज़ा और गर्म महसूस करते हैं।

छुई मिट्टी से पुती कच्ची दीवारों वाला एक लम्बा-सा कमरा और परछी के खपरैल वाले छज्जे से टिका बदरंग साइनबोर्ड 'दीदी होटल' अन्दर लम्बाई में पड़े चार-पाँच खटारा बेंच और पुरानी-धुरानी कुर्सियाँ, इन सब के बीच के तंग गलियारे से टकराते बचते बाहर निकले हम।

ठंड की ऐसी रात में कालोनी के बीच से गुजरने वाली डामर की काली सड़क पर हल्के नशे के सुरूर में चलने में हमें बड़प्पन सा महसूस हो रहा था। ऐसा लग रहा था गोया हम किसी हिल स्टेशन पर कोई रईस टूरिस्ट हों और अपने मोटे ओवरकोट (जिन्हें हमने शहर के बस स्टैण्ड पर बैठने वाले तिब्बतियों से खरीदे थे) की जेब में हाथ डाल कर ठण्ड का मज़ाक उड़ा रहे हों।

मगर कुछ दूर चलते ही हम ठिठके। अफसर के बंगले के सामने सड़क के नीचे से आग की फुनगियाँ उड़ रही थीं जिनकी रोशनी के घेरे में बैठे कुछ साये नज़र आ रहे थे।

नज़दीक गये तो देखा वे चार थे - दो औरतें, दो मर्द। सरई के नीचे से सूखे पत्ते बटोर कर अधसुलगे ढेर पर डाल रहे हैं और धुएँ के बीच सिर झुकाये फूंक मार रहे हैं। दोनों औरतें जमीन पर बैठी घुटनों पर कुहनियाँ टिकाये आग ताप रही हैं। उनके टखनों और नंगी पिण्डलियों पर आग का पीलापन चमक रहा था। पहनी हुई धोती शायद उनके घुटनों के ऊपर तक ही पहुँचती थी। दोनों एक ही चद्दर के घेरे में बैठी ठण्ड से बचने की नाकाम कोशिश कर रही थीं। मर्दों में से एक, एक मैली-सी चादर से अपना मस्तक ढाँपे वहीं आग के पास पड़ा था। दूसरा सिर पर फेंटा बाँधे हुए ऊँची धोती पर एक आधी कमीज पहने बीड़ी फूंक रहा था। उसके निचले दाँतों की जड़ पर मसूड़े तमाखू से काले पड़ गये थे। रवीन्द्र थोड़ा उतावला हुआ- 'अफसर के बंगले के सामने ये कहाँ से आ कर बैठ गये हैं! ये लोग यहाँ नहीं रह सकते।' मैंने कहा- 'रुको यार, पहले पता तो लगायें ये किसलिए बैठे हैं।'

हम दोनों भी उस मंडली में शरीक हो गये और सूखे पत्तों के अलाव पर हाथ पसार कर खड़े हो गये।

"इतनी ठंड में तुम लोग यहाँ कैसे बैठे हो भई।"

'का करूँ बाबू, घर बहुत दुरिहा है। फिन अब तलक काम भी तो पूरा नहीं हुआ।'

'यहाँ कैसे आये थे तुम लोग?' मैंने फिर पूछा।

'मंतरी से मिलै खातिर। हमें पट्टा नहीं मिला अब तक। इहाँ का अफसर कहे रहा बीस तक मिल जायगा। मगर अब महीना बीतै पाछे भी नाहीं मिला।' 'मंतरी अफसर को पट्टा देने को बोला रहा लेकिन तहसीलदार साहब से हम मिले तो वो कहता है तुम्हार कागज दिल्ली गया है, हुआं से आडर होयके आयगा तो मिलेगा।' - लेटा हुआ आदमी चद्दर के भीतर से सिर निकाल कर बोला।

रवीन्द्र की हंसी छूट गयी 'हाँ, तुम्हारे प‌ट्टे पर खुद प्रधानमंत्री का दस्तखत जो होगा.....!' 'तुम आदिवासी हो?' मैंने पूछा।

'हाँ साहेब, हमरे गाँव मां हम पाँच घर आदिवासी हैं। हियां चार जने आये हन। हम गाँव के बाहर जंगल की जमीन साफ कर रहन खातिर घर बनाए और थोरकन खेती भी करत हौं। मगर गाँव के लोग हमार खेत चराय देत हैं। गाँव का मुखिया पटवारी से मिला है और हमें उठाए बर चाल चलत है।'

'कौन है मुखिया ?'

'एक कुर्मी है साहब, बड़ा चालाक।'

"और कौन-कौन जात के लोग हैं तुम्हारे गाँव में?"

"आदिवासी छोड़ के सब मनई हैं- बामन, ठाकुर..."

"तो तुम मंत्री जी से मिले?"

"नाही मिल पायेन बाबू, अभी तलक सहर से नहीं लौटे हैं। लेकिन आज हम मिलबो जरूर, चाहे रात बारह क्यों न बज जाय! हम बीस साल से रहत हैं उस जमीन पर,...बीस साल से। अब हम पट्टा लैके रहबो।" - उस मामूली-से आदमी का चेहरा सख्त पड़ गया। आग की रोशनी में ऐसा लगा कि तकलीफ और मुसीबत के थपेड़ों से पिट कर आज वह बेदम साहसी हो गया। मंत्री से मिलने में आज उसके लिए पुलिस और अफसरों का घेरा भी बाधा नहीं बन सकता। 

उस आदमी ने अपने आस-पास से कुछ और सूखे पत्ते सकेल कर आग में डाले, लपटें कुछ तेज हुईं जिसमें मेरी नजर बगल में बैठी औरतों पर पड़ी। लम्बी, उघड़ी टाँगें, घुटनों पर बाँह टिकाये, दोनों चद्दरनुमा बंधी एक ही धोती में दुबकी बैठी हैं। सिर्फ बालों में ज्यादातर पटसन के रेशे चमक रहे हैं। आँखों के दायें-बायें पड़ी झुरियों की आड़ में भी उनके नाक-नक्श का नुकीलापन देख कर लगा कभी खण्डहर बुलन्द थे। दोनों औरतें देखने में एक जैसी, उनके पैर के अंगूठे और कानी अंगुली की लम्बाइयां भी एक सी। मेरे मुंह से निकला "तुम दोनों बहनें हो?"

"हाँ बाबू, हम बहनें हैं।"

मैने फिर एक बार गौर से देखा। मुझे लगा मैंने इन्हें देखा है। मेरी आँखों में दायें बाजू कमर पर दचका दे कर टांगे घसीटती हुई लंगड़ाती एक साथ आगे बढ़ने वाली दो बुढ़ियाओं की तस्वीर तिर आई। 

उस दिन मंत्री जी बीस सूत्री कार्यक्रम की बैठक ले रहे थे। बैठक में क्षेत्र के सभी अधिकारी, सरपंच और बीस सूत्री कार्यक्रम की स्थानीय समिति के सदस्य उपस्थित थे। सड़क के नीचे ही स्वागत द्वार बना था। सभी अधिकारियों की जीपें सड़क के किनारे ही पार्क की हुई थीं। केवल मंत्री जी की कार अन्दर दाखिल हुई। सभास्थल प्राचीन परम्परा के अनुसार एक बरगद के नीचे लिपी-पुती जगह पर बनाया गया था। चार तखत पर कार्पेट बिछा कर उस पर एक बड़ी मेज और तीन कुर्सियाँ डाली गईं जिन पर बीच में मंत्री जी, एक ओर निकट क्षेत्र के विधायक और दूसरी ओर जिलाध्यक्ष विराजमान थे। मंच के नीचे दोनों ओर दो कतारों में समानान्तर छोटी मेज और कुर्सियाँ लगी थीं जिन पर अपने कैडर के क्रम में अधिकारी आसीन थे और बीच में जमीन पर बिछी दरी पर सरपंच लोग बैठे थे। सामने की ओर सरपंचों के पीछे बीच का रास्ता छोड़ कर दोनों ओर कुछ कुर्सियाँ बिछी थीं जिन पर अधिकारियों के स्टेनो, बड़े बाबू तथा अन्य छोटे अधिकारी बैठे थे जिनके पास काम की फाइलें रखी थीं। मंच के पीछे पेड़ की आड़ में दो तखत रखे थे जिन पर पानी की टंकी, गिलास एवं स्टैंड रखे थे। पानी की व्यवस्था वाले चार-पाँच कर्मचारी उन तखतों के पास तैनात खड़े थे। कुछ लोग चाय के इंतजाम में लगे थे। वे बीच-बीच में चाय की केतली ले कर ट्रे पर रखी प्यालियों में उड़ेल रहे थे। साथ में बिस्किट की प्लेटें भी थीं। दो आदमी उन्हें दोनों ओर की कतारों में घुमाते थे और अधिकारी चाय की चुस्कियों के बीच मंत्री जी को सुन रहे थे। यहीं मंत्री जी ने बीस सूत्री कार्यक्रम के अन्तर्गत भूमिहीनों को पट्टे भी बाँटे। इस मौके पर पट्टा पाने वाले एक भूमिहीन हैं इस क्षेत्र में मंत्री जी के दायां हाथ माने जाने वाले मोटेर गैरेज के मालिक श्री मिजाज सिंह। उनकी गैरेज भी सरकारी जमीन पर बनी थी। और पिछले पाँच साल से वे जबरदस्ती दखल किये हुए थे। सो बीस सूत्री कार्यक्रम के अंतर्गत उन्हें पट्टा दे दिया गया। और पट्टा ग्रहण करते हुए उन्होंने झुक कर मंत्री जी का अभिवादन किया तो सभी सभी अधिकारियों ने तालियों की गड़गड़ाहट से वातावरण‌ गुंजा दिया। इसके साथ ही दूसरा पट्टा मिला कस्बे के राजनीतिक मनुभाई के भतीजे को। मनुभाई का आलीशान मकान है और कपड़े की बहुत बड़ी दुकान। मगर उस दुकान पर बैठने वाले भतीजे के नाम यहाँ कोई मकान नहीं है। गाँव में है तो क्या हुआ टाउन में भी एक होना चाहिए। इसीलिए शहर के बाहरी छोर पर मकान के लिए उसके नाम जमीन आवंटित की गई जिसका पट्टा मनुभाई के भतीजे ने आ कर प्राप्त किया। 

इसी बीच पट्टे के लिए आये चार-पाँच देहाती औरत-मर्द स्वागत द्वार से अन्दर आने की कोशिश में आगे बढ़े तो सिपाहियों ने रोका "यहाँ कहाँ चले आ रहे हो?" देहाती बोला- "मंतरी से मिलना है पट्टा खातिर।"‌

"यहाँ कोई पट्टा-वट्टा नहीं, गोपनीय मीटिन होय रही है, चलो भागो हियां से।"



ये देहाती पुलिस के लटकों का कुछ तजुर्बा रखते थे, फिर भी जोरजबर करने की हिम्मत नहीं हुई। लेकिन दो बुढ़ियायें वहाँ से धीरे से खिसक गईं। उनकी निगाह शायद उत्तर वाले कोने पर पहुँच गई थी जहाँ से एक गाय अन्दर हो कर मंच के बाईं ओर कोने में चर रही थी। और अब तक किसी की नजर उस पर नहीं पड़ी थी, दोनों कमर पर झुकती हुई उत्तर कोने से गाय के रास्ते अन्दर दाखिल हो गईं और आहिस्ते आहिस्ते सरकती हुई, हाथ में कागज ले कर, मंच के पिछवाड़े पहुँच गई। जमीन पर उकड़ूँ बैठ धीरे-धीरे आगे बढ़ती हुई उन दोनों पर हमारे अफसर की नजर पड़ गई। स्टेनो होने के नाते मैं भी फाइल-पैड लिए उनके पीछे की कुर्सी पर बैठा था। उन्होंने मुड़ कर मेरी ओर देखा। मगर मैंने उनकी ओर न देखने का बहाना कर दिया। अफसर ने देखा केंचुए की तरह रेंगती हुई दोनों बुढ़ियायें अब मंच से कुछ ही दूरी पर रह गईं। वे झट उठे और उनके नज़दीक पहुँच गये । उन्होंने इशारे से उन्हें थोड़ा पीछे किया और उनके हाथों से आवेदन-पत्र ले लिया। मंत्री जी उस वक्त माइक पर बोले जा रहे थे- 'हमें अपने उन आदिवासी और पिछड़े तबके के जरूरतमंद भाइयों को ढूंढ़ निकालना है जिनके पास वाकई घर नहीं है, जमीन नहीं है। बीस सूत्री कार्यक्रम के अन्तर्गत उउनके लिए आवास की व्यवस्था कर हम उन्हें आबाद करेंगे। अनपढ़, नासमझ आदिवासियों को अभी बीस सूत्री के अन्तर्गत, उनके लिए किये जाने वाले, विकास कार्यों के बारे में कुछ भी पता नहीं है। यह हमारा, हमारे अधिकारियों का, बीस सूत्री के माननीय सदस्यों और समझदार सरपंच भाइयों का फर्ज है कि हम उन्हें ढूंढ़ निकालें और सही जरूरतमंदों की मदद करें...।' 

मंत्री जी के इस वाक्य पर तारीफ में तालियाँ बजीं जिनमें मिजाज सिंह और मनु भाई की तालियाँ सबसे तेज आवाज़ वाली थीं। मंत्री जी और आगे बोले रहे थे। ठीक उसी वक्त मंच के पीछे हमारे विकास अधिकारी उन दोनों औरतों को समझा रहे थे - 'तुम्हारा आवेदन-पत्र हमारे पास पहले से ही है। तुम अगले माह की बीस तारीख को मेरे पास आना, तुम्हें पट्टा मिल जायेगा।'

पर उन दोनों ने इसरार किया- 'हम अपन जात के मंतरी से मिल कर जा हूँ...।'

अफसर ने समझ से काम लिया, 'हमें खुद मंत्री जी ने कहा है कि तुम्हें बतलाऊँ, कि उन्होंने तुम्हारा आवेदन पत्र स्वीकार कर लिया है मगर पट्टा तो तहसीलदार साहब बनायेंगे ना! पटवारी जाँच करेगा तब तो बनेगा !' दोनों बुढ़ियाओं को यह बात जँच गई। पट्टा बिना पटवारी साहब के दस्तखत के न बनहीं-, वे बोले 'बने कहत हस साहब!'..और इस बार वे दायीं ओर, घेरे के किनारे-किनारे, गेट पर पहुँचीं और बिना इधर-उधर ताके फाटक से बाहर निकल कर सड़क पर ही पहुँच गईं। 

अफसर ने राहत की सांस ली। सिपाही ने पीछे से गाली उछाली- 'स्साली मरही कुतिया, किस छेद से घुस गई थी अंदर पता ही नहीं चला।'

इसे अनसुनी करती हुई, अपनी दोनों, टाँगें घसीटतीं कमर पर एक निश्चित लय में दचका खातीं वे पूरब की ओर बढ़ गईं ।

'तो उस बार जब यहाँ बरगद के नीचे मंत्रीजी की बैठक हुई थी तो तुम हो दोनों औरतें आई थीं?' मैं फिर से उनकी ओर मुखातिब हुआ।

'हाँ बाबू, हम चारों आये रहेन। बल्कि वो पंचवा आदमी भी आया रहा, साहब कहे रहे अगले बीस को पट्टा मिलेगा। बीस को आये तो बोले तहसीलदार से मिलो। हम तहसीलदार के पास गये तो ऊ साहब बोला तुम्हारा कागज दिल्ली गया है, हुआँ से दसखत होय के नहीं आया अभी...'    

 रवीन्द्र के मुँह से एक जोरदार गाली निकल गई ............'अफसर के दुम, मासूम पब्लिक को उल्लू बनाते हैं साले!'

वह अधेड़ देहाती रवीन्द्र की बात समझने की कोशिश में उसकी ओर ताका, फिर बोला- 'आज मंत्री से हमन जरूर मिलबो चाहे रात कितनो भी होय जाय, हमार जात के मंतरी होयके भी हम पाँच जनों को पट्टा नहीं दिलाय सकै। दिल्ली से मिलै, चाहे बिलैत से, हमन बीस साल ले ऊ भुईं मा बसै हन अउर अबै गाँव के सरपंच-महाजन हमन को बेसहारा समझ खेदै पर उतारू हवे.... ' उनके स्वर में आक्रोश था। 

मैंने कहा- ' जरूर मिलो। मगर अभी तो वे शहर से ही नहीं लौटे। लौटेंगे तो रात का खाना खाएंगे।... '

'खाएं खाना पर हमन तो उनकर बंगला मा घुस जाबो.... ' उसका तेवर बरकरार था। 

रवीन्द्र को यह गवारा नहीं था कि अफसर के बंगले के ठीक सामने इतनी रात गए इतने बाहरी लोग रहें। वह अब तक कई बार कह चुका था_ 'तुम लोग यहाँ से अपना डेरा-डंडा उठाओ' - तो मेरी ओर ताक कर अंग्रेजी में उसने कहा - 'कहीं रात में किसी को पाला मार गया और एकाध कोलैप्स हो गया तो आफत हो जायेगी।' वह सड़क के उस पार एक बंद बिल्डिंग के सामने लगी मर्करी की रोशनी में उसकी परछी दिखला रहा था कि जाकर वहीं ठहर जाओ। वे आदिवासी उठे और खैनी फाँकते हुए उस ओर चले लेकिन उस बड़ी इमारत के पास पहुँच कर ठिठक गये- 'कहीं ये बाबू हमें फंसा न रहे हों। क्या पता किसका मकान है। हमारे लिए तो बिरिख के नीचे ही ठीक है' सोचते हुए वे उसी के बाजू में एक सरई के नीचे बैठ गये।

हम अभी सड़क किनारे ही खड़े जलते पत्तों से निकलती आग की फुनगियों से खेल रहे थे कि दूर अंधेरे में एक जुगनू चमका। आहिस्ते-आहिस्ते उस बिन्दु का दायरा बढ़ता गया और एक मोटरसाइकिल धड़धड़ाती हुई निकली तब एक कार साँय से गुज़री और कुछ दूर चल कर दाईं ओर 'अथिति निवास' की ओर मुड़ गई। फिर लगातार जीपों का काफिला उसके पीछे सनसनाता हुआ निकला। हम चौकन्ना हो गये- मंत्री जी आ गये थे। वे आदिवासी लोग भी समझ गये थे कि मंत्री जी आ गये हैं। वे उठे और सड़क पार कर 'अतिथि-निवास' की ओर बढ़ चले।

हम भी अतिथि-निवास' के विशाल कम्पाउंड में दाखिल हुए और भीड़ के बीच से निकल कर एक कोने में खड़े हो गये जहाँ अमूमन किसी की नजर नहीं पड़ती थी।

हमें मालूम है कि 'अतिथि-निवास' के पोर्टिको के ऊपर दो सीढ़ियाँ हैं, उसके बाद बरामदे से ही बैठक कक्ष के फर्श पर मखमली मोटी कालीन बिछी है। मेरी आँखों में इस वक्त एक तस्वीर जिंदा हो उठती है जिसमें चन्द लमहों पहले वातानुकूलित बैठक कक्ष में हुए फर्श पर बिछी मखमली कालीन के गूदेपन में दो इंच गहरे धंसते मंत्री जी के पाँव और इस कंपकपाती ठंड के खुले में सरई के नीचे सख्त खुरदुरी जमीन पर लेटा वह आदमी - एक ही खून-पानी से बने इन्सान की दो नियतियाँ आजू-बाजू खींच दी गई हैं। मुझे लगता है मैं इस तरह का विद्रूप सिरजने वाले सिफिलिटिक कलाकार को पहचानता हूँ। सहसा मेरे दोनों हाथों की अंगुलियाँ इस्पाती हो उठती हैं, दूसरे ही पल जब मैं अपने आप में लौटता हूँ तब मैं अपनी इस विचित्र अनुभूति पर खुद ही आश्चर्य करने लगता हूँ। 



वे आदिवासी सीढ़ियाँ पार कर ऊपर बरामदे में उठ चुके थे, तभी बाहर मँडरा रहे अफसरों की निगाह उन पर पड़ी- "हाँ, हाँ, ये क्या कर रहे हो, कहाँ चले जा रहे हो?......' लेकिन सब की सब आवाजें हिस-हिस या दबी-दबी सी थीं। वे सावधान थे कि कहीं मंत्री जी के कानों में शोर न पड़ जाए नहीं तो वे पूछ बैठेंगे 'माजरा क्या है?' अधिकारियों की दक्षता ने चुपके-चुपके इन्हें हटाने में कामयाबी पा ली। दो सिपाही डंडा लिये इन्हें नीचे उतार चुके थे। लेकिन उनमें से एक आदमी जो वहाँ आग के पास बतिया रहा था, पता नहीं नजर बचा कर किसी तरह बैठक के दरवाजे तक पहुँच गया जहाँ ऊपर लटका रंग-बिरंगे काँच का झाड़फानूस रोशनी में झिममिला रहा था। बीच में एक छोटी मेज और चारों ओर फोम के मोटे गद्दे वाले सोफे। कोने में एक तिपाई पर खूबसूरत गुलदस्ता। सामने अंदर की ओर कीमती पर्दा। वह अंदर पाँव रखने में एक क्षण के लिए झिझका कि किसी की नज़र उस पर पड़ी और वह उसे हटाने लगा तो उसने शोर मचा दिया, 'मैं न हटहूँ, मंत्री हमार सगा हमें, उनसे अपन बिनती बतायके जाहूँ....' कोशिश के बावजूद वह खड़ी बोली न बोल सका इस वक्त।

शोर मंत्री जी के कानों तक रंग गया। उन्होंने आगे झुक कर पूछा -'क्या बात है?'

तब तक उत्तेजना के झोंक में वह आदमी अंदर पाँव रख चुका था। मखमली फर्श पर पाँव धंसने का अन्दाजा न होने से वह गिर पड़ा मगर झट हथेलियों के बल पर झटका दे कर उठ खड़ा हुआ। उसने मंत्री जी के सामने हाथ जोड़ दिये- 'सरकार ! हमें पट्टा देय दो, आप तो दिल्ली जात हो...' मंत्री जी ने आखें उठाईं- 'कैसा पट्टा, कैसी दिल्ली, क्या कह रहा है यह आदमी, वे बात को समझें इससे पहले ही श्री मिजाज सिंह जो उनके पास ही विराजमान थे, झटके से उठे- 'लगता है कुछ गड़बड़ है,' उन्होंने सिर की ओर इशारा किया और कहा- 'मैं देखता हूँ क्या बात है।' वे आगे बढ़े और उसका हाथ पकड़ कर कहा, 'चलो बाहर, मैं दिलाता हूँ।' लेकिन पिद्दी-सा आदमी छः फुट के लमतड़ंग मिजाज सिंह की मजबूत मुट्ठियों में कसे हाथ को छुड़ाने का असफल प्रयास करता हुआ चिल्लाता रहा-'नहीं मैं तो अपन मंतरी से बात करहूँ, छोड़ दो मुझे साहब। मगर मिजाज सिंह की गिरफ्त से छूटना इतना आसान ही नहीं था। वे उसे बाहर खींच लाये जहाँ अधिकारी लोग डरे-सहमे चेहरों पर यह भाव लिए खड़े थे कि अब क्या होगा! मगर उन्हें तब राहत मिली जब मिजाज सिंह ने उन्हें मीठी झिड़की दी- 'आप लोग भी खूब बड़े अफसर हैं ! एक मामूली से देहाती को नहीं रोक पाये, वाह! फिर तनिक नर्मियत से फर्माया- 'इस वक्त मंत्री जी आराम कर रहे हैं, वे कितना थक गये हैं आप लोग जानते ही हैं.......' और उसने उस बिगड़ैल आदिवासी को उनके घेरे के सिपुर्द कर दिया- 'अब निपटिये इस जंगली सूअर से।'

मगर वह आदिवासी तो उनके घेरे के बीच भी ऊँची आवाज में चिल्लाये जा रहा था- 'मैं पट्टा लिये बिगैर न जाहूँ......

अधिकारी वर्ग अपने घेरे में रख कर उसे गेट के बाहर ला चुके थे जहाँ सिपाहियों द्वारा खदेड़े जा कर उसके साथी कान और पूँछ उठाये चौकन्ना हुए कुत्तों के समान कुछ दूरी पर खड़े थे। अफसर लोग इस आदमी को और अधिक नाराज नहीं करना चाहते थे, आखिर मंत्री जी के इलाके का है और उन्हीं का जातभाई है- गरीब है तो क्या हुआ। अफसरों के बीच से तहसीलदार ने कहा, 'तुम्हारा कागज तो दिल्ली गया है न दस्तखत के लिए, आते ही हम खुद तुम्हारे गाँव जा कर दे आयेंगे।' वह आदमी हमारे अफसर की ओर मुड़ा- 'आप बोले रहे ई बीस को मिल जाही, अब तो दूसर बीस आ गिस ' ..।

अफसर ने समझाया- 'हाँ भई, सरकारी काम में तनिक देर तो लगती ही है, जगह-जगह दस्तखत होता है, तब तो जा कर दिल्ली से दस्तखत हो कर आता है।'

'तो मिलही अब जल्दी?' वह इस तरह पूछ रहा था गोया नहीं मिलती है तो अभी दौड़ कर मंत्री के पास पहुँच जायगा।

मगर उसकी निगाह अफसरों के घेरे को पार कर पीछे डंडा उँचाये खड़े पुलिस के तीन सिपाहियों पर पड़ी और उसकी आवाज तेज बुखार में प्रलापग्रस्त व्यक्ति की तरह बार-बार दोहराने लगी- 'मैं न डरहूँ, मैं तो मंतरी से पट्टा लेयके मानहूँ, पट्टा लेयके मानहूं, बीस साल ले ई भुइँ पर झोपड़ी डाले हौं.....'

तहसीलदार के इशारे पर सिपाहियों ने हवा में डंडा लहराया तो उसने पूछा- 'तो हमें पट्टा कब मिलही ?'

'बस, अगले बीस को।'

'ठीक है तब, अगले बीस को जरूर मिलही?'

'जरूर!'

और वह अफसरों के घेरे से बाहर अपने आदमियों के बीच खिसक आया। अब वे पगडंडी से अंधेरे में सरक रहे थे।

हम दोनों अफसरों की नज़र बचा कर पिछले गेट से बाहर निकल आये।

वे चारों लौट कर उसी दरख्त के नीचे बैठ गये और सूखे पत्ते इकट्ठा कर आग तापने लगे।

हमारी आखों में 'अतिथि-निवास' का वातानुकूलित कमरा, कीमती असबाब, आइने के समान चमकदार टॉयलेट, बाथ टब, आयलइमलशन ट्यूब, गर्म और ठंडे पानी का जॉएंट टैप, बाथशावर सब एक-एक कर घूम गये। हमने दूर से उन चारों की ओर देखा। घेरे में बैठे हुए उनके बीच जलते हुए पत्तों के ढेर से आग के फुनगे उनके दिल से निकलने वाले गुबार की तरह उठ रहे थे ।

अबकी बार हमारी हिम्मत उन तक पहुँचने की नहीं हुई। कुछ पलों तक हम ठिठके खड़े रहे। निष्चुप। हमें बुरी तरह ठंड लग रही थी।

तभी सामने का दरवाजा खुला। दीदी का रखैल शायद जुआ खेल कर लौटा था। उसने परछी की बत्ती जलाई जिसकी रोशनी उस दरख्त के नीचे तक पसर गई। बिकट ठंड में चार लोगों को इस तरह बाहर बैठे देख कर वह वहीं से चिल्लाया- 'इहां आ जाओ भाई, ठंड में मरना है क्या!' 

उस आवाज में अपनापे की बू थी जिसे पहचानने में शायद उन्हें कोई तकलीफ नहीं हुई। वे चारों उठे और बेहिचक दीदी होटल पहुँच गये।

'भूखे-प्यासे होंगे बिचारे, दो आदमी का खाना बच गया है, परोस दो इन्हें, दाऊ-दाइयों को, खायके सो रहेंगे....' भीतर से दीदी की उनींदी आवाज सुनाई पड़ी। दीदी के रखैल ने उन्हें अन्दर लेते हुए कहा - 'लो, खायके दू दू बेंच मिलाय के भट्टी के पास सोय जाओ।'

हम क्वार्टर की ओर मुड़े। अब हम फिर से तरोताज़ा और गर्म महसूस कर रहे थे।


(इस पोस्ट में प्रयुक्त पेंटिंग्स कवि विजेन्द्र जी की हैं।)


संपर्क: 


मोबाइल : 8827810082 


टिप्पणियाँ

  1. प्रतिष्ठित ब्लाॅग पत्रिका " पहली बार " में कहानी "पट्टा" विजेन्द्र जी की अद्भुत पेंटिंग्स के साथ इतने सुन्दर ढंग से छापने के लिए बहुत धन्यवाद एवं आभार संतोष चतुर्वेदी जी।

    जवाब देंहटाएं

एक टिप्पणी भेजें

इस ब्लॉग से लोकप्रिय पोस्ट

मां की मृत्यु पर कविताएं

कुँवर नारायण की कविताएँ

मार्कण्डेय की कहानी 'दूध और दवा'