महेश चन्द्र पुनेठा की कविताएँ




महेश पुनेठा की कविता 'धैर्य' पढ़ते हुए मुझे अनायास ही कबीर दास का एक लाजवाब दोहा याद आ रहा है : "गुरु कुम्हार सिष कुंभ है, गढ़ि-गढ़ि काढ़ै खोट।/ अन्तर हाथ सहार दै, बाहर बाहै चोट॥" प्राथमिक शिक्षक आज का सबसे निरीह व्यक्ति है। वह उन बच्चों को गढ़ने का काम करता है जो कोरी स्लेट के समान होते हैं। यह एक बड़ी चुनौती होती है। छोटे बच्चों को अक्षर का बोध कराना प्राथमिक शिक्षकों के बस का ही है। लेकिन उन्हें शासन द्वारा जहां मन होता है स्टेपनी की तरह इस्तेमाल कर लिया जाता है। जनगणना हो या पशुगणना, चुनाव कराना हो या मंत्री जी की सभा में भीड़ बन कर बैठना हो या फिर घर घर जा कर बच्चों को पोलियो ड्रॉप पिलाना मास्टर साहब को जुए में हर जगह बिना कुछ सोचे समझे जोत दिया जाता है। लेकिन महेश पुनेठा उन्हें उस धैर्यशील शिल्पी की तरह देखते हैं जो हल्की चोट के जरिए उस सुन्दर मूर्ति का निर्माण करता है जो आराध्य बन जाती है। मूर्ति का वस्त्र विन्यास, उसके चेहरे की भाव भंगिमा, उसके शरीर के सौष्ठव एक एक चीज पर कलाकार की गहन नज़र होती है। मूर्ति को देखते समय लोग उसकी सुन्दरता निहारते हैं लेकिन न तो कोई मूर्तिकार को याद करता है न ही उसके असीम धैर्य को। यह कविता महेश के गहरे भाव बोध का परिचायक है। ऐसी तमाम सधी हुई कविताएं उनके ताजातरीन कविता संग्रह "धीमे समय का आदमी" में शामिल हैं। इस संग्रह को उनके कवि कर्म के अगले कदम के रूप में देखा जा सकता है। यानी कवि अपने समय के साथ लगातार गतिमान है। कवि को बधाई देते हुए इस नवीनतम संग्रह से हम उनकी कुछ कविताएं प्रस्तुत कर रहे हैं। तो आइए आज पहली बार पर हम पढ़ते हैं महेश चन्द्र पुनेठा की कविताएँ।


महेश चन्द्र पुनेठा की कविताएँ 


ताला-चाबी की प्रार्थना 


ओ मालिक!

हमें मत बेचना कभी  

उन गांवों में 

बैठे हों जो शहर जाने के

इंतजार में


वहां इक-दूजे के वियोग में

हम झर-झर के मर जायेंगे।


नदी का दुःख 


उदास नदी जंगल से बोली

दुःख इतना ही नहीं कि 

सड़क दनदनाती आई

नाैलों धारों, 

गाड़ गधेरों 

और पेड़ों को 

रौंदते हुए आगे बढ़ गई


इससे बड़ा दुख तो यह है 

कि सारे गांव वाले 

सड़क के साथ खड़े हो गए।



बूढ़ी आमा की व्यथा


एक डाल से दूसरे डाल पर  

आम के पेड़ से अखरोट के पेड़ पर  

लौकी की बेल से ककड़ी की बेल पर  

छत की मुंडेर से आँगन के कोने पर  

कूदते-फांदते बंदरों को भगाती  

असफल कोशिशों के बाद  

थक कर चूर  

आँगन की दीवार पर बैठ जाती है बूढ़ी आमा।


गठिया से पीड़ित दोनों घुटने काँपते हैं  

साँस फूलती है  

हाथ काँप-काँप कर पत्थर उठाते हैं  

कभी डंडा, कभी कनटर  

कभी सिर्फ गला फाड़ कर चिल्लाना।  


जब सब असफल हो जाता है  

तो दोनों घुटनों के बीच सिर टिका कर  

बड़बड़ाती है—  

“कभी भला न हो रनकारों का…  

दिन में बंदर, रात में सूअर…  

सारी खेती पाती चौपट कर दी।”


मैं वर्षों से उनकी इस व्यथा को लिखने की कोशिश कर रहा हूँ  

हर बार खुद को उन्हीं की तरह असफल पाता हूँ।  

मेरे पास कोई ऐसा रूपक नहीं  

कोई ऐसा बिंब नहीं  

जो उनकी साँस की भारीपन  

और घुटनों के दर्द को  

शहराती पाठक तक पहुँचा सके।



शहर में पैदल घूमना 


पैदल घूमना  

दो पैरों से चलना मात्र नहीं है।


यह स्मृतियों के बंद दरवाज़ों को खटखटाना है  

धूल और जाले झाड़ना है  

बहुमंज़िला इमारतों के पेट में समा चुकी  

पुरानी दुकानों और गलियों को ढूँढ़ना है।  


यह वर्तमान से हाथ मिलाना है—  

बिजली के तारों और पानी के नलों का बढ़ता जाल देखना  

सड़क बन चुके नालों का पता करना  

उड़ते बाइकर्स और आवारा कुत्तों से बचना  

पार्कों में बैठे युवाओं को देख कर आँख भर आना  

और खेल के मैदानों को देख कर तनिक ढाँढस बाँधना।  


यह शहर की सेहत जाँचना है—  

अभिजात्य कॉलोनी और मलिन बस्ती के अंतर को समझना  

बंजर टीलों पर फैलते कंक्रीट के जंगल की गति नापना  

और यह पूछना कि  

पुस्तकालयों में भीड़ अधिक है  

या शराब की दुकानों में।  


पैदल घूमना  

भविष्य की आहट सुनना भी है।


तालिबानी मानसिकता


“बिटिया! तालिबान बहुत घटिया लोग हैं।  

वे देश को अपने धर्म के अनुसार चलाना चाहते हैं  

धर्म की किताब को संविधान से ऊपर रखते हैं  

दूसरे धर्म वालों से नफ़रत करते हैं  

लोकतंत्र पर विश्वास नहीं करते।  


औरतें क्या पहनेंगी, क्या खाएँगी  

कहाँ जाएँगी—इस पर नज़र रखते हैं।  

कहते हैं औरतों को नौकरी नहीं करनी चाहिए  

घर से बाहर अकेले नहीं जाना चाहिए।  

बात न मानने पर चौराहे पर सज़ा देते हैं।”


“पर पापा,  

आप तो कहते थे तालिबान अफगानिस्तान में रहते हैं?”


पिता चुप रहे।  

बहुत देर तक चुप रहे।


बड़ी बात


सीकरी को जाने वाले रास्ते 

हमेशा भीड़-भाड़ भरे ही रहे 

सबसे आसान है

सीकरी को जाना 

वे तो विरले ही रहे हैं 

जो सीकरी से विमुख रहे

इतिहास में उन्हीं का नाम दर्ज है।


बड़ी बात 

सीकरी को जाना नहीं 

सीकरी के सामने

सीना तान खड़े रहना है।



तुम से तुम्हारा परिचय


आओ बच्चो आओ

बहुत कुछ है यहां 

नया-पुराना 

इधर का उधर का 


सब कुछ तुम्हारा है 

जो चाहो ले लो 


मैं नहीं जानता 

कि इसमें से कितना 

तुम्हारे काम आएगा 

और कितना 

धरे का धरा रह जाएगा


मैं नहीं कह सकता 

कि यह लो, यह पूर्ण है

इसके बाद कुछ नहीं है 


मैं नहीं चाहता 

कि तुम ठहर जाओ

खोजने के संघर्ष

और पाने के आनंद से 

वंचित रह जाओ 


मैं नहीं चाहता 

कि तुम मेरी अंगुली 

पकड़ कर चलो 

या आगे बढ़ने को 

बार-बार मेरी तरफ देखो


मेरा अनुभव है कि

ऐसे कभी तय नहीं होते हैं

उबड़-खाबड़, लंबे, चट्टानी रास्ते 

और बियाबान 

 फिर हर रास्ते की 

अपनी एक सीमा होती है 

और एक निश्चित मंजिल होती है 


मैं कैसे कह सकता हूँ 

कि यह मंजिल, अंतिम मंजिल है 

उम्र की सीमा हो सकती है

पर मंजिल की नहीं 

सबसे ऊपर की मंजिल के बाद भी

एक और मंजिल की 

संभावना बनी रहती है


मैं किसी भुलावे या छलावे में 

नहीं रखना चाहता तुम्हें 

आओ बच्चो, आओ 

मैं तो सिर्फ 

तुम से तुम्हारा परिचय कराने की 

एक छोटी सी कोशिश कर सकता हूं


मुझे यही सबसे जरूरी लगता है।


फूल की मर्जी


जैसे ही मैंने फूलों को छूना चाहा 

एक स्त्री स्वर ने मुझे टोका 

और बड़बड़ाते हुए आगे बढ़ गयी -

यह क्या बात हुई 

 जो भी आता है उन्हें छूना चाहता है 

तोड़ अपनी नाक से लगाता है 

कुछ देर खेल उसकी पंखुड़ियां नोच 

इधर-उधर फेंक देता है 

फिर किसी और फूल की ओर बढ़ जाता है 

जैसे फूल नहीं कोई खिलौना हो 

कोई समझता ही नहीं 

कि फूल की भी कोई मर्जी होती होगी।


उसका अंतिम वाक्य मुझे अंदर तक हिला गया 

एक स्त्री ही कह सकती है इतनी मार्मिक बात 

कौन समझ सकता है भला 

मर्जी के खिलाफ व्यवहार की पीड़ा को 

एक स्त्री से अधिक 

तब से जब भी

किसी फूल की तरफ हाथ बढ़ाता हूँ 

मेरे कानों में एक स्त्री स्वर गूंजने लगता है ।


प्रतिरोध के दृश्य


अब वे समझ चुकी हैं

तुम्हारी साम-दाम-दंड-भेद की नीति को

अब उन्होंने डरना छोड़ दिया है

तुम्हारी यौन हिंसा से


अब वे खिल्ली उड़ा रही हैं

तुम्हारी गालियों की


अब वे अर्थ बदल रही हैं

तुम्हारे गढ़े मुहावरों का


अब वे सौंदर्य के

नए प्रतिमान रच रही हैं

तुम्हारे सौंदर्यशास्त्र को

धता बता कर


अब वे खुद अपने लिए

नई राह बना रही हैं

तुम्हारी संकरी पगडंडियों को

खुर्द-बुर्द कर


अब उन्हें परवाह नहीं

तुम उनके बारे में

क्या राय रखते हो


अब वे जानने लगी हैं

उनके हित में कौन-सी राय है


अब वे हिस्सा नहीं

तुम्हारे द्वारा जुटाई भीड़ का

उस भीड़ का अब

नेतृत्व करने लगी हैं


अब वे नई पौध रोप रही हैं

तुम्हारी झूठी मर्यादाओं की

झकड़ा जड़ों को उखाड़ कर


कुछ बदले या न बदले

वे प्रतिरोध के दृश्य तो बदल रही हैं।


धैर्य

(प्राथमिक शिक्षकों के लिए)


देखता हूं जब भी 

खड़िया पत्थर से बनी कोई मूर्ति 

जिसमें केवल आकृति ही नहीं 

भाव-भंगिमाएं भी अंकित होती हैं


मुझे बेडौल पत्थर के सामने बैठा 

एक मूर्तिशिल्पी नजर आता है

एक हाथ में हथौड़ा और दूसरे में छेनी लिये 

उसकी छोटी-छोटी लयबद्ध चोटों का 

संगीत सुनाई देता है 

कभी देर तक अधबनी मूर्ति को 

अलग अलग कोणों से निहारती 

उसकी आंखें याद आती हैं 


मैं महसूस करता हूं उसके धैर्य को

जो मूर्ति में नहीं हो रहा दृष्टिगोचर कहीं 


सोचता हूं 

यदि कभी क्रोध में 

तिलमिला कर

मार दी गयी होती अगर एक बड़ी चोट 

क्या आज इतनी सुन्दर मूर्ति मेरे सामने होती?


(इस पोस्ट में प्रयुक्त पेंटिंग्स कवि विजेन्द्र जी की हैं।)



सम्पर्क 


मोबाइल : 9411707470

टिप्पणियाँ

इस ब्लॉग से लोकप्रिय पोस्ट

मां की मृत्यु पर कविताएं

कुँवर नारायण की कविताएँ

मार्कण्डेय की कहानी 'दूध और दवा'