शैलेन्द्र मिश्रा की कविताएँ
![]() |
| शैलेन्द्र मिश्रा |
किसी भी समाज या राष्ट्र के भविष्य होते हैं बच्चे। इसीलिए बच्चों की निर्मिति मजबूत होनी चाहिए। स्वस्थ और सुशिक्षित बच्चे ही भविष्य के जिम्मेदार नागरिक बनते हैं और राष्ट्र के विकास में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। लेकिन यह दुखद है कि जिस उम्र में बच्चों को खेलना कूदना चाहिए और स्कूल जाना चाहिए उसी उम्र में उन्हें कमाने की चिन्ता करनी पड़ती है और उसके लिए काम में जुटना पड़ता है। कहीं वे चाय की गिलास धुल रहे होते हैं। कहीं वे ईंट पाथ रहे होते हैं। कहीं वे कूड़े में से प्लास्टिक की बोतलें बीन रहे होते हैं। राजेश जोशी की अरसा पहले लिखी गई कविता है 'बच्चे काम पर जा रहे हैं'। राजेश जी इस कविता में लिखते हैं "बच्चे काम पर जा रहे हैं/ हमारे समय की सबसे भयानक पंक्ति है यह/ भयानक है इसे विवरण की तरह लिखा जाना/ लिखा जाना चाहिए इसे सवाल की तरह/ काम पर क्यों जा रहे हैं बच्चे?" आज भी स्थितियों में बहुत बदलाव नहीं आया है। कमोबेश आज भी बहुत से नौनिहाल खेलकूद और पढ़ाई लिखाई की उम्र में काम के जुए तले जोत दिये जाते हैं। शैलेन्द्र मिश्रा अपनी कविता लिखते हैं "जिस हाथ में/ किताब होनी चाहिए,/ उस हाथ में/ सीमेंट की परत जम जाती है।/ जिस आँख में/ भविष्य का सपना होना चाहिए,/ उस आँख में/ धूल भर जाती है।" शैलेन्द्र आज इसे एक सवाल की तरह लिख रहे हैं और इसे सवाल की तरह ही देख रहे हैं। उनमें उन मुद्दों से टकराने का माद्दा है जो यक्ष प्रश्न की तरह आज भी हमारे सामने खड़े हैं। किसी भी कवि के लिए यह जीवनी शक्ति की तरह होता है और शैलेन्द्र की राह भी इस जीवनी शक्ति की राह से हो कर ही गुजरती है। आइए आज पहली बार पर हम पढ़ते हैं शैलेन्द्र मिश्रा की कविताएँ।
शैलेन्द्र मिश्रा की कविताएँ
अंधा उल्लू
उस रात
उल्लू ने आँखें खोल कर
मुझे देखा था।
बहुत देर तक।
इतनी देर
कि मुझे लगा—
वह मुझे नहीं,
मेरे भीतर बची हुई
आखिरी रोशनी को देख रहा है।
वह सूखी डाल पर बैठा था,
और उसके पीछे
आकाश इतना काला था
कि तारे भी
अपनी जगह भूल गए थे।
उसकी आँखें खुली थीं—
बड़ी, स्थिर, चमकती हुई।
फिर भी
वह अंधा था।
मैंने सोचा—
आँखें खुली हों
और रास्ता दिखाई न दे,
तो अंधा कौन है—
वह उल्लू
या मैं?
उसी क्षण
खिड़की के भीतर
एक बल्ब काँपा।
पीली रोशनी
दीवार पर फैली
और मेरी परछाईं
अचानक मुझसे अलग हो कर
खड़ी हो गई।
मेज़ पर ठंडी चाय,
दीवार पर ठहरी घड़ी,
बिस्तर पर एक सलवट—
और बाहर
सूखी डाल पर
वह अंधा उल्लू।
सड़क पर कोई नहीं था,
फिर भी
पैरों की आवाज़ आती रही।
धीरे-धीरे।
बहुत धीरे।
जैसे कोई
मेरे बाहर नहीं,
मेरे भीतर
चल रहा हो।
तभी पहली बार
मृत्यु का ख़याल नहीं आया—
मृत्यु की उपस्थिति महसूस हुई।
वह सामने नहीं थी।
न दरवाज़े पर,
न खिड़की के बाहर।
वह तो
मेरे प्रश्नों के बीच
चुपचाप बैठी थी।
उसके सामने—
झूठ टिकता नहीं,
भ्रम मिटता नहीं,
नाम रुकता नहीं।
सिर्फ एक प्रश्न बचता है—
मैं कौन हूँ?
उल्लू ने गर्दन घुमाई।
उसकी आँखों में
मुझे अपना चेहरा दिखाई दिया।
और पहली बार
मुझे लगा—
शायद अंधेरा
बाहर नहीं होता।
आदमी उसे
अपनी आँखों में ले कर चलता है।
मासूम बच्चे
अक्सर बड़ी-बड़ी इमारतों की
ऊँची-ऊँची मंज़िलों के बीच
दबी रह जाती हैं
कितनी मासूम कहानियाँ।
न जाने कितने मासूम बच्चों की
हँसी दब जाती है
ईंटों, पत्थरों और सीमेंट के नीचे,
और उनकी आँखों में पलते सपने
धूल में कहीं खो जाते हैं।
कभी धूप, कभी बारिश,
कभी भूख, कभी प्यास—
और कंधों पर रख दी जाती हैं
वक्त से पहले
जिम्मेदारियों की गठरियाँ।
वे खेलना चाहते हैं,
दौड़ना चाहते हैं,
आकाश को छूना चाहते हैं,
मगर उनके हाथों में
खिलौनों की जगह
औज़ार थमा दिए जाते हैं।
सुबह से शाम तक
वे मिट्टी से रिश्ता जोड़ते हैं,
ईंटों को उठाते हैं,
दीवारों को खड़ा करते हैं—
और देखते-देखते
दूसरों के सपनों के महल बनाते हुए
अपना बचपन खो देते हैं।
कितनी विडंबना है—
जिस उम्र में
उन्हें अक्षरों से दोस्ती करनी चाहिए,
उस उम्र में
वे ईंटों की भाषा पढ़ते हैं।
जिस हाथ में
किताब होनी चाहिए,
उस हाथ में
सीमेंट की परत जम जाती है।
जिस आँख में
भविष्य का सपना होना चाहिए,
उस आँख में
धूल भर जाती है।
मैं सोचता हूँ—
आखिर कब तक
एक बच्चा
अपने बचपन को यूँ दबाता रहेगा?
कब तक
उसकी हँसी
मज़दूरी की आवाज़ में दबती रहेगी?
कब तक
वह दूसरों के लिए
घर बनाता रहेगा
और खुद
घर के अर्थ से दूर रहेगा?
हम संविधान की दुहाई देते हैं,
अधिकारों की बातें करते हैं,
समानता के गीत गाते हैं—
मगर उन नन्हें हाथों तक
कब पहुँचेगा
हमारे शब्दों का उजाला?
कब तक
कागज़ों पर दर्ज अधिकार
ज़मीन पर उतरने का
इंतज़ार करते रहेंगे?
मैं उन बच्चों की आँखों में
झाँक कर देखता हूँ—
वहाँ अब भी
एक छोटा-सा आकाश बचा है।
वहाँ अब भी
किसी पतंग की डोर है,
किसी खिलौने की चाह है,
किसी स्कूल की घंटी है,
किसी माँ की गोद है,
और एक सपना है—
बस इतना-सा सपना—
कि एक दिन
वे ईंट नहीं,
अपना भविष्य उठाएँगे।
उनकी हथेलियों की दरारों में
अभी भी बची है
बचपन की थोड़ी-सी नमी।
हमें बस इतना करना है—
उसे सूखने से पहले
बचा लेना है।
क्योंकि
बड़ी-बड़ी इमारतें
फिर बन जाएँगी,
ईंटें फिर जुड़ जाएँगी,
मगर—
जो बचपन एक बार
मज़दूरी की धूल में खो गया,
वह लौट कर
कभी नहीं आएगा।
क्रिया–प्रतिक्रिया
न्यूटन ने
सेब को गिरते देखा
और प्रकृति का एक नियम खोज लिया—
हर क्रिया के
विरुद्ध एक प्रतिक्रिया होती है।
लेकिन जीवन में
यह नियम
किताबों के पन्नों तक सीमित नहीं रहता।
वह मनुष्य के व्यवहार में
धीरे-धीरे दिखाई देता है।
तुम किसी का अपमान करते हो,
वह शायद चुप रह जाता है।
तुम समझते हो—
बात समाप्त हो गई।
लेकिन नहीं।
कभी वह चुप्पी
उसके व्यवहार में उतरती है,
कभी दूरी बन जाती है,
और कभी
एक संबंध के भीतर
धीरे-धीरे दरार पैदा कर देती है।
इसके विपरीत,
तुम किसी थके व्यक्ति को
एक गिलास पानी दे देते हो।
वह शायद
सिर्फ एक छोटा-सा
‘धन्यवाद’ कह कर आगे बढ़ जाए।
पर संभव है,
तुम्हारा वह छोटा-सा व्यवहार
उसके भीतर
बहुत लंबे समय तक जीवित रहे।
हम हर दिन
कुछ न कुछ करते हैं—
कुछ कहते हैं,
किसी को रोकते हैं,
किसी का हाथ थामते हैं,
किसी को सहारा देते हैं
और कभी-कभी
किसी की पीड़ा को
देख कर भी अनदेखा कर देते हैं।
हमारी प्रत्येक क्रिया
अपने पीछे
कुछ न कुछ छोड़ जाती है।
विज्ञान में
प्रतिक्रिया की गति
मापी जा सकती है,
लेकिन जीवन में
उसके समय का कोई निश्चित पैमाना नहीं।
यहाँ परिणाम
कभी उसी क्षण सामने आ जाता है,
कभी वर्षों बाद लौटता है।
कभी उत्तर
किसी व्यक्ति से मिलता है,
कभी समय स्वयं उत्तर देता है।
और कभी
कोई उत्तर दिखाई ही नहीं देता।
फिर एक दिन
हम पीछे मुड़ कर देखते हैं
और समझते हैं—
हमारे चारों ओर जो कुछ है,
उसके निर्माण में
हमारा भी कोई हिस्सा रहा है।
इसलिए
किसी के हृदय पर
शब्द रखने से पहले,
किसी को ठुकराने से पहले,
किसी का हाथ छोड़ने से पहले
एक क्षण ठहर जाना।
क्योंकि
हर क्रिया की
आवाज़ सुनाई नहीं देती,
लेकिन उसका प्रभाव
कहीं न कहीं
अपना निशान छोड़ जाता है।
न्यूटन ने
इसे प्रकृति का नियम कहा था।
जीवन ने
उसे मनुष्य का अनुभव बना दिया।
लड़ना सीखो
मुझे मत दो शाबाशी,
मुझे मत पहनाओ
सोने-चाँदी के तमगे।
तुम्हारे मंच पर चढ़ कर
सिर झुकाना मेरी फितरत नहीं,
और तुम्हारे हाथों से मिला सम्मान
मेरी मंज़िल नहीं।
रख लो अपने सारे पदक,
अपने तमगे,
अपनी वाहवाही—
मुझे चाहिए सिर्फ़
अपने होने का अधिकार,
अपनी आवाज़
और अपने सपनों की आज़ादी।
मैंने कुछ साथियों को
थक कर यह कहते सुना है—
“अब मुझमें ताकत नहीं बची,
साँसें बोझ लगती हैं,
आँखों से उम्मीद उतर गई है,
न जोश बचा,न जज़्बा,
न आगे बढ़ने की इच्छा।”
मैं उनसे कहना चाहता हूँ
थक जाना कोई हार नहीं,
कुछ पल ठहर जाना भी अपराध नहीं;
लेकिन अपने भीतर के सपने को मरने मत देना।
हम मर्द हैं—
सीने में दर्द भी है
और उसी दर्द से
जन्म लेता है हौसला।
माँ हमें केवल जन्म नहीं देती,
वह सिखाती है
गिर कर उठना,
टूट कर सँवरना
और अंत तक डटे रहना।
अपने सपनों के लिए,
अपने अधिकारों के लिए,
अपने मकसद की खातिर।
क्योंकि जो संघर्ष छोड़ देते हैं,
उनकी तकदीर
दूसरे लिखने लगते हैं।
पहले छीनी जाती है आवाज़,
फिर अधिकार, फिर पहचान—
और देखते ही देखते
इंसान अपनी ही ज़िंदगी में
अजनबी हो जाता है।
इसलिए लड़ना सीखो।
रास्ते कठिन हों
तो कदम मजबूत करो,
हार मिले
तो उससे सबक लो;
मगर कोशिश का दामन
मत छोड़ो।
अपने सपनों को
साँस देते रहो,
मकसद की लौ
बुझने मत दो।
क्योंकि जिंदगी
सिर्फ़ साँस लेने का नाम नहीं,
अपने हिस्से की
रोशनी के लिए
अँधेरे से टकराने का नाम है।
जब तक साँस है,
तब तक संघर्ष है;
और जहाँ संघर्ष है,
वहीं उम्मीद बाकी है।
इसलिए
थको तो थोड़ा ठहरना,
गिरो तो फिर उठना,
लेकिन हार मत मानना—
क्योंकि तुम्हारे जिंदा रहने से
सिर्फ़ तुम्हारी साँसें नहीं,
तुम्हारा सपना भी जिंदा रहता है।
चौसर
चौसर की रपटीली राहों के राही,
तुम हर बाज़ी जीत लेते हो—
बताओ,
तुम्हारी उस नायाब चाल का
राज़ क्या है?
वह मुस्कराया—
शह और मात के इस खेल में
कोई चाल
पहले कहाँ दिखाई देती है;
उसका अर्थ तो
बाज़ी बीत जाने के बाद खुलता है।
जैसी बाजी, वैसी चाल
इसीलिए शायद
चौसर केवल खेल नहीं,
चालों की दुनिया है।
ज़िंदगी भी
कुछ ऐसी ही
चौसर का खेल है
रास्ते रपटते रहते हैं
चालें बदलती रहतीं हैं,
न कोई नियम
न कोई हमेशा अपना
बस एक लक्ष्य
जीतना
एक दिन
भीड़ से अलग
एक सवाल उठता है.
किसी के लिए
यह क्यों
खुशी है,
किसी के लिए सुख;
किसी के लिए
श्रेष्ठ होने की चाह,
किसी के लिए
दूसरों से आगे निकल जाना।
और किसी के भीतर
बहुत देर से दबा हुआ
एक और सवाल जागता है—
मनुष्य होने का
अर्थ क्या है?
चौसर में
कोई हारता है,
कोई जीतता है।
लेकिन जीवन में
अर्थ की खोज
न हार है,
न जीत।
वहाँ हर आदमी
अपनी-अपनी चाल चलता हुआ
धीरे-धीरे
अपने ही भीतर उतरता है—
अपने होने का
क्यों खोजने।
शायद ज़िंदगी की
सबसे बड़ी बाज़ी वही है
जिसमें पासे हमारे हाथ में नहीं होते,
फिर भी हम
अपनी चाल चुनते हैं।
और अंत में
जीत यह नहीं
कि बाज़ी किसने जीती—
जीत यह है
कि बाज़ी खत्म होने से पहले
हमें यह पता चल जाए
कि हम खेल क्यों रहे थे।
कुछ शब्द
कुछ शब्द गिरे अनंत से
अनुभव की अदालत में
अनुभव के काग़ज़ पर
लिखे गये अनगिनत
शब्द-
टूट कर गिरते हैं,
आँखों की कोटरों से,
कुछ दर्द भरे,
कुछ प्रीत भरे
कोई गुरु नहीं,
कोई उस्ताद भी नहीं,
न ही कोई ज़िल्द,
किताब भी नहीं
शब्दों की नदी
फिरती रही
अदृश्य पथ पर
अनुभव के रथ पर
अर्थ की खोज
जंगल, शहर
पहाड़, पत्थर
हर डगर।
अनुभव के पंखों से,
उड़ते शब्द,
शब्द हवा में,
गिरते, चलते
करुणा, क्रोध,
मद, मोह
प्रेम, वियोग,
सुयोग लिए
यात्रा अनंत की
करते हैं।
कितने आए,
और चले गए
निपुण, सयाने
बीत गए।
अनुभव की,
यूनिवर्सिटी में,
जाने कितने,
रीत गए।
कुछ शब्द
गिरे अनंत से,
अनुभव की
कचहरी में,
पेश हुई दलीलें,
वकीलों की!
शब्द
अदालत के
कटघरे में
मौन खड़ा
दलीलें सुनाता रहा
अपनी किस्मत
का निर्णय
भाषा के
न्यायाधीश से
हक में करने की
अपील करता रहा।
आज़ादी
हाँ, हम आज़ाद हैं
संविधान ने दी है
आज़ादी हमें।
आने-जाने की,
घूमने-टहलने की।
विचारों को
लिखने, बोलने
व्यक्त करने की।
संघ, संगठन, यूनियन,
पार्टी, दल, फेडरेशन
बनाने की।
सभा, रैली जुलूस की,
अपनी बात कहने की,
सत्ता से सवाल करने की।
रहने, बसने,
आशियाना बनाने की।
काम, कारोबार, रोज़गार,
वृत्ति और व्यवसाय चुनने की।
हाँ, हम आज़ाद हैं—
अपनी इच्छा से जीने के लिए,
अन्याय का विरोध करने के लिए,
विरोध जताने के लिए।
लेकिन क्या
केवल अधिकारों के मिल जाने भर से
आज़ादी सुरक्षित हो जाती है?
क्या हर आवाज़
बिना ड़र के उठ पाती है?
क्या हर विरोध
को सम्मान मिल पाता है
अधिकार मिलना
आज़ादी की गारंटी नहीं।
जिस दिन हम
अपनी आवाज़ उठाना छोड़ देंगे,
उस दिन अधिकार काग़ज़ पर रह जाएँगे
और आज़ादी—
सिर्फ़ एक शब्द बन कर।
(इस पोस्ट में प्रयुक्त पेंटिंग्स कवि विजेन्द्र जी की हैं।)
सम्पर्क
मोबाइल : 9958745844



टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें