शैलेंद्र चौहान की कविताएं


शैलेन्द्र चौहान 


कभी किसी ख्यात व्यक्ति का उद्धरण पढ़ रहा था कि किसी व्यक्ति को खत्म करना हो तो उसे अकेला यानी मित्रहीन कर दो। मित्र बनाना किसी भी व्यक्ति का सहज स्वभाव होता है। इससे न केवल विचारों का आदान प्रदान होता है बल्कि आगे के जीवन के लिए उम्मीद भी बंधती है। कवि ऋतुराज जी का 86 वर्ष की उम्र में निधन हो गया। कवि के अलावा वे एक बेहतरीन मनुष्य भी थे। कवि सम्पादक शैलेन्द्र चौहान के साथ उनके बेहतर सम्बन्ध थे। शैलेन्द्र जी ने ऋतुराज जी को याद करते हुए कुछ मर्मस्पर्शी कविताएं लिखी हैं। बकौल शैलेन्द्र चौहान 'ये सभी कविताएं बीते कुछ समय में ऋतुराज जी से हुए संवाद से प्रसूत हैं।' ऋतुराज जी की स्मृति को हम नमन करते हैं। आइए आज पहली बार पर हम पढ़ते हैं शैलेंद्र चौहान की कविताएं।


शैलेंद्र चौहान की कविताएं 


परकोटे के भीतर गुलाबी शहर और ऋतुराज जी का साथ


जब रहता था तिलक नगर में

तो एम.आई. रोड

सिर्फ़ एक सड़क नहीं थी

वह शहर में प्रवेश का संसार थी


जहाँ धूप भी

गुलाबी हो कर गिरती थी

और इमारतें

अपने भीतर इतिहास सँभाले

खड़ी रहती थीं


किशन पोल, चौड़ा रास्ता, त्रिपोलिया,

छोटी चौपड़, जौहरी बाज़ार

और उनकी अनगिनत गलियाँ

जैसे जयपुर की धड़कन

परकोटे के भीतर धड़कती हो


छूटा जयपुर

भीड़ बढ़ती गई

गुलाबी रंग

जैसे विज्ञापनों की परतों में

धुंधला पड़ गया

लगा सड़कों ने अपनी पहचान खो दी


जब डेढ़ दशक बाद लौटा

तो एम.आई. रोड से भीतर जाना

उलझन-सा लगने लगा

जैसे कोई परिचित चेहरा

हो गया हो गया हो अजनबी


मैं रहने लगा था

शहर से कुछ दूर

और शहर मुझसे


एक दशक और बीता

अब शहर कट ही गया था मुझसे

हद से हद

जाना होता जवाहर कला केंद्र

या राजा पार्क


परकोटे के भीतर जाना

लगभग भूल चुका था

भूले-भटके कभी जाना होता

तो तनाव बढ़ जाता


फिर एक दिन

जाना हुआ

ऋतुराज जी के साथ


किशन पोल, बिचून मार्केट,

चौड़ा रास्ता, जौहरी बाज़ार

कैब ने छोड़ा एक जगह

भीतर ले गया ई रिक्शा

भीतर की गलियाँ

जैसे स्मृति की भूल-भुलैया बन गई हों


आयुर्वेदिक दवाएँ

मसाले, सूखे मेवे

नमकीन और

सब्ज़ियों के बीज

सब कुछ याद रहता उन्हें

गलियाँ, दुकानें

वह भरोसा

जहाँ गुणवत्ता अब भी बरकरार थी


रिक्शे से उतरते-चढ़ते

जब वे डगमगाते

तो मुस्कुरा कर कहते

“बैलेंस गड़बड़ा गया है

चैक कराना पड़ेगा”


मैं कहता

“यह तो होता है,

कोई खास बात नहीं

छियासी पार उम्र में

आप अभी भी

काफी स्वस्थ हैं”

बोले अभी उम्र ही कितनी है!

मैं मुस्करा दिया


आयुर्वेदिक दवा की दुकान से

खरीदते 'स्वामला'

धूतपापेश्वर का च्यवनप्राश

माज़ून अंजीर

चंद्रप्रभा वटी

कुछ और दवाएं


थैले में रखते हुए

वे जैसे

अपने समय को समेटते जाते


फिर पुराने कॉफी हाउस में

ऑर्डर करना दो सादे डोसे

दो कॉफी

याद करते पुराने दिनों की

मित्र-परिचितों की


कहते -

“बहुत सुकून मिला”

वहाँ जे.के.के. कॉफी हाऊस में

भीड़ का रेला लगा रहता है


मैं उनका संग-साथ जीता हूँ

इन गलियों में

इन दुकानों में

और उनकी बातों में


कुछ पुराना

अब भी जीवित है

मेरे भीतर

और इस शहर के

परकोटे के भीतर


(दस माह पूर्व लिखी गई कविता)


*थीसियस का जहाज़


एक-एक कर बदलते रहे उसके तख़्ते

​पुराना समुद्र में बहता रहा,

नया जहाज़ से जुड़ता गया।


​पाल वही, दिशा वही

वही पुराना नाम—

बस ग़ायब थी वह लकड़ी

जिस पर कभी वह उकेरा गया था।


​किनारे पर खड़ा आदमी

उसे ओझल होने तक देखता रहा

और सोचता रहा

​क्या लौट कर आया है वही जहाज़

जो कभी यहाँ से गया था?


​फिर उसने

अपनी छाती में हाथ डाला

स्मृतियाँ थीं, आवाज़ वही थी

चेहरा भी लगभग वही।


​बस वह देह

जिसमें कभी वह जागता था

समय के पानी में घुल चुकी थी।


​तभी लहरों ने फुसफुसा कर कहा

​पहचान वह नहीं

जिसे हम बाँध कर रखते हैं;


पहचान वह है

जिसे समय हर पल

नया रचता रहता है।


*थीसियस, ग्रीक पौराणिक कथाओं के एक दिव्य नायक।

"थीसियस का जहाज़", प्रसिद्ध दार्शनिक विरोधाभास-

थीसियस का जहाज़ और मानव पहचान के बीच का संबंध।



रूपांतरण


पहले

एक बिंदु था


फिर

भूख ने देह ली


देह

अपने ही भीतर

घुल गई


अंधकार में

जो बचा नहीं

उसी से

पंख निकले


तितली उड़ी

पीछे

एक खोल था

आगे

अथाह आकाश


फूलों का सौंदर्य

क्षण भर

उसके पंखों पर था

जीवन

उसे छूता हुआ

उसे पीता रहा


शायद जीवन

बनना नहीं

अपने ही भीतर

लगातार मिटते हुए


एक नए रूप में

फूटना है।



छोटा-सा हठ 


लहरों के बीच

चेहरा नहीं

एक यात्रा है

जो पानी पर

अपना निशान खोज रही है।


पीछे छूटते किनारे

धीरे-धीरे

स्मृति में बदलते जाते हैं।


सामने

झील की अथाह चुप्पी

और भीतर

एक अदृश्य कम्पास

अब भी काँपता है।


लहरें आती हैं

हर बार

कुछ मिटा कर लौट जाती हैं

फिर भी

नाव चलती रहती है।


शायद जीवन

किनारा पाने का नाम नहीं

खुद डूबते हुए भी

दिशा बचाए रखने का

एक छोटा-सा हठ है।



ऋतुराज


रोशनी 


एक दिन

देह से पहले

कमरे खाली होने लगते हैं।


कुर्सी वहीं रहती है

चश्मा भी

तकिए पर

सिर की थोड़ी-सी गर्मी।


बाहर

पेड़ अपनी जगह खड़ा रहता है

बस

उसकी छाया में

एक आदमी कम होता है।


तब समझ आता है

मृत्यु

अचानक बंद हुआ दरवाज़ा नहीं

भीतर से

धीरे-धीरे उतरती

एक रोशनी है।



रास्ता


एक उम्र की देहरी लाँघ कर

आपका होना

महज़ एक ओझल परछाईं हो जाता है।


दीवारें बनी रहती हैं

बस उनसे

ज़रूरतें झड़ने लगती हैं।


दवाइयाँ आती हैं

नियम से

देह की टपकती छतें सँभालने 


पर भीतर

किसी अँधेरे आले में

चुपचाप ढह जाता है कुछ

जो दवा और सांत्वना

दोनों के नाम से बाहर है।


लोग भूलते कहाँ हैं

वे बस

अपनी व्यस्त दुनिया के नक्शे में

आपके हिस्से की ज़मीन

धीरे-धीरे समेट लेते हैं।


फिर किसी सुबह

सन्नाटे की हथेली पर

एक सच आ टिकता है

अब किसी की प्रतीक्षा

आपकी आवाज़ से नहीं बँधी

आपके रुकने से

किसी का सूरज नहीं रुकता।


मृत्यु

कोई अचानक खुला अँधेरा नहीं

वह भीतर ही भीतर

साँसों की ज़मीन काट कर

एक रास्ता बनाती रहती है।


वार्धक्य

उसी रास्ते की

आहट पहचान लेना है

न किवाड़ भिड़ाने हैं,

न जीवन की देहरी पर 

हथेलियाँ फैलानी हैं


बस

जब काल

कंधे पर हाथ रख कर कहे

“अब मेरी बारी है,”


तब

छूटते हुए जीवन को

और उम्र भर जुटाए सामान को

एक बार देखना

और बिना किसी शिकायत के

धीरे से कहना

“तुम चलते रहो

मैं हटता हूँ।"



यहीं तक


जब मृत्यु

आ कर खड़ी होती है

बिल्कुल सम्मुख

तब कोई हाथ

उसे रोक नहीं पाता।


न आत्मीय

न परिजन

न चिकित्सक।


चिकित्सक

फिर भी लिखते हैं कुछ कागज़

होती हैं कुछ अंतिम जाँचें

सुई-दवाइयों की सुगबुगाहट

देह के बच गए पलों को

सहेजने का ढोंग करती है।


अस्पताल की ठंडी रोशनी में

बिल का आँकड़ा बढ़ता रहता है

और किसी की साँस

धीरे-धीरे...

छूटती रहती है

फिर

एक क्षण सब ठहर जाता है!


रिपोर्टें, दवाइयाँ, पर्चियाँ

मशीनों की टिक-टिक

और गैलरी में भागते पैर

सब यहीं छूट जाते हैं।


और एक दिन

कमरे के कोने में रखी खाली कुर्सी

किसी के लौटने की आस में

इंतज़ार करते-करते...

अकेली और अर्थहीन हो जाती है।



अनकहा कुछ 


मृत्यु के बाद

कुछ भी वैसा नहीं रहता

जैसा दिखाई देता है


दीवार पर टँगी घड़ी

अपनी रफ्तार से चलती रहती है

मेज पर रखा पानी

चुपचाप वाष्प बन जाता है

और चौखट पर

किसी के लौटने की भ्रमित आहट

कुछ दिनों तक फँसी रह जाती है


फिर घर

अपनी दिनचर्या में लौट आता है

अलमारी से कपड़े हटाए जाते हैं

किताबों पर जमी धूल

किसी और की हथेलियों से साफ होती है

और जुबान पर नाम का आना

धीरे-धीरे अवांछित हो जाता है


लेकिन मृत्यु

महज एक देह का बुझ जाना नहीं है

वह उन अधूरे वाक्यों में रहती है

जिन्हें कोई दूसरा चाह कर भी पूरा नहीं कर सकता

उस रीतेपन में रहती है

जहाँ कभी दो आँखों के बीच

एक पूरी कायनात आबाद हुआ करती थी


कभी-कभी

कोई पुरानी, बेजान वस्तु

अचानक अपने होने का अर्थ बदल देती है

और समय के मलबे में दबा हुआ

कोई चेहरा

अचानक भीतर आ खड़ा होता है


तब एक प्रश्न

भीतर सिर उठाता है -

आखिर मनुष्य पूरी तरह जाता कहाँ है?

उसके जाने के बाद भी

कुछ ऐसा बचा रह जाता है

जिसे न कोई बाँट सकता है

न किसी नाम से पुकार सकता है


शायद यही वह जगह है

जहाँ मृत्यु समाप्त नहीं होती

और जीवन

अपनी असहायता के साथ

कुछ देर और ठहरा रहता है



संपर्क : 


मोबाइल : 7838897877


34/242, प्रतापनगर, 

सेक्टर-3, जयपुर–302033



टिप्पणियाँ

  1. आदरणीय शैलेंद्र चौहान जी, समस्त कविताएं शानदार हैं विशेष रूप से कविता अत्यंत प्रभावशाली और शानदार है। ‘रोशनी’, ‘मृतक की बाँधियों पर टँगे हुए’ और ‘कमरे खाली होने’ जैसी कविताएँ भी मन को गहरे स्तर पर स्पर्श करती हैं। युगकवि ऋतुराज जी को समर्पित आपकी कविताएँ विशेष रूप से उल्लेखनीय हैं। आपने अपनी रचनाओं के माध्यम से जिस आत्मीयता और संवेदना के साथ ऋतुराज जी को श्रद्धांजलि अर्पित की है उसके लिए हृदय से आभार। अपने मित्र और सहयोगी रचनाकार को कविता के माध्यम से याद करना केवल सामाजिक दायित्व का निर्वहन नहीं है बल्कि साहित्यिक आत्मीयता और सहचर्य की उस सुंदर परंपरा को आगे बढ़ाना भी है जो साहित्य को मानवीय बनाती है। जयपुर के रास्तों और गुलाबी शहर की विशिष्ट पहचान को आपने अपने अनुभवों के साथ जिस तरह कविता में रूपायित किया है वह भी अत्यंत सराहनीय है। आपके अनुभव कविता में केवल दृश्य नहीं बनते बल्कि एक जीवंत संवेदनात्मक संसार रचते हैं। आपकी इन अर्थवान और संवेदनशील कविताओं के लिए हृदय से धन्यवाद। आपकी रचनात्मकता और साहित्य के प्रति आत्मीय प्रतिबद्धता को सादर साधुवाद और हार्दिक बधाई।

    जवाब देंहटाएं
  2. स्नेहसिक्त कविताएँ। शैलेन्द्र भीतर उतरते जाते हैं।

    जवाब देंहटाएं
  3. प्रभा मुजुमदार4 नवंबर 2026 को 11:07 am बजे

    शैलेंद्र चौहान जी की कविताएं गहन और बारीक संवेदनाओं की उत्कृष्ट अभिव्यक्ती है.
    ट्रांसफर पर बाहर जाकर एक लंबे अर्से बाद लौटने पर निश्चित ही अपना शहर पहचाना नही रह जाना यद्यपि दिल दिमाग में बहुत सारी जगहों से जुडी स्मृतियां दर्ज रहती हैं.
    जीवन के रोजमर्रा अनुभव से लेकर, उसके दर्शन और सारांश को बहुत सुंदरता के साथ उद्घाटित करती ये कविताएं लंबे समय तक प्रभाव छूती हैं.

    जवाब देंहटाएं
  4. शैलेंद्र जी की इन कविताओं में जीवन के अंतिम पड़ाव, वार्धक्य की विडंबना, और प्रिय रचनाकार ऋतुराज की स्मृति के बहाने अस्तित्व के गहरे सत्यों से एक बहुत ही सहज और आत्मीय साक्षात्कार होता है। यहाँ जयपुर के परकोटे की तंग गलियों और पुराने कॉफ़ी हाउस की स्मृतियाँ केवल भौगोलिक दायरे तक सीमित नहीं रहतीं, बल्कि एक ऐसी जीवंत सांस्कृतिक थाती बन जाती हैं जहाँ समय के साथ बदलता शहर और माणसा का अकेलापन एक-दूसरे में घुल-मिल जाते हैं। 'थीसियस का जहाज़' और 'रूपांतरण' जैसी कविताएँ दार्शनिक तहों को छूते हुए देह की नश्वरता और निरंतर बदलते रूपों के बीच मनुष्य की पहचान के संकट को बहुत करीने से सामने लाती हैं। विशेष रूप से ऋतुराज को समर्पित पंक्तियाँ मृत्यु को किसी अचानक घटी दुर्घटना या भय की तरह नहीं, बल्कि भीतर से धीरे-धीरे उतरती एक शांत रोशनी की तरह देखती हैं। इन कविताओं की खूबी यह है कि ये मृत्यु और वार्धक्य जैसे भारी विषयों पर भी बिना किसी अतिरिक्त शोर या शिकायत के, जीवन के प्रति एक शांत और अडिग आत्मीयता बनाए रखती हैं। यह मर्मस्पर्शी रचना-संसार शोकाकुलता से ऊपर उठकर स्मृति को सहेजने और जीवन की अंतहीन जिजीविषा को दर्ज करने का एक अनूठा दस्तावेज़ है।

    जवाब देंहटाएं

एक टिप्पणी भेजें

इस ब्लॉग से लोकप्रिय पोस्ट

मां की मृत्यु पर कविताएं

कुँवर नारायण की कविताएँ

मार्कण्डेय की कहानी 'दूध और दवा'