उमाशंकर सिंह परमार का आलेख 'हिंदी भाषा का विकास और लोक की भूमिका'
उमाशंकर सिंह परमार मनुष्य दुनिया का एक मात्र प्राणी है जिसने आपसी संवाद के लिए भाषा ईजाद किया है. यह भाषा भी एक-दो दिन में या अचानक ही नहीं बन गयी अपितु इसके बनने में एक लम्बा समय लगा. किसी भी भाषा के विकास में लोक की भूमिका महत्वपूर्ण होती है. धीरे-धीरे अभिजात वर्ग जब इसे व्याकरणिक नियमों उपनियमों से घेरने-बाँधने लगता है तब भाषा क्लिष्ट होती चली जाती है. भाषा खासकर हिन्दी की विकास यात्रा पर एक रोचक नजर डाली है युवा आलोचक उमाशंकर सिंह परमार ने अपने आलेख 'हिन्दी भाषा का विकास और लोक की भूमिका' में. आइए पढ़ते हैं यह आलेख. हिंदी भाषा का विकास और लोक की भूमिका उमाशंकर सिंह परमार भाषा एक सामाजिक क्रिया है । वह किसी एक व्यक्ति की निजी अभिव्यक्ति नहीं है, समाज में आपसी विचार-विनिमय का सामूहिक माध्यम है । यह कहा जा सकता है की “मनुष्य और मनुष्य के बीच अपने अभिमत और इच्छा की अभिव्यक्ति हेतु प्रयुक्त किये गए ध्वनि व संकेत भाषा संज्ञा से अभिहित किये जातें हैं” । इच्छा के अंतर्गत विशाल जन-समुदाय के विचारों का भी समावेश होता है, और विचा...