दिव्या विजय के कहानी संग्रह ‘अलगोज़े की धुन पर’ की देवेश पथ सारिया द्वारा की गयी समीक्षा 'प्रेम के परिपक्व रंगों की कहानियां'

 

दिव्या विजय

  

देवेश पथ सारिया कवि होने के साथ साथ के एक सजग पाठक भी हैं। उनकी नजरें अपने समय की नई एवम महत्त्वपूर्ण कृतियों पर रहती है। हाल ही में उन्होंने कहानीकार दिव्या विजय के पहले कहानी संग्रह 'अलगोंजे की धुन पर' को पढ़ कर अपनी एक पाठकीय प्रतिक्रिया हमें लिख भेजी है। हम इस प्रतिक्रिया को समीक्षा के रूप में प्रकाशित कर रहे हैं। आज पहली बार पर प्रस्तुत है देवेश पथसारिया की समीक्षा 'प्रेम के परिपक्व रंगों की कहानियाँ'

 

                                    

प्रेम के परिपक्व रंगों की कहानियां

 

देवेश पथ सारिया

 

 

अभी किंडल पर दिव्या विजय का पहला कहानी संग्रहअलगोज़े की धुन पर पढ़ कर समाप्त किया।  समकालीन हिंदी कहानी का गम्भीरतापूर्वक अध्ययन मैंने साल भर पहले आरम्भ किया। इसलिए अपने लिखे को समीक्षा न  मान कर मैं पाठकीय टिप्पणी कहना पसंद करूंगा।

 

अलगोज़े की धुन परयुवा कथाकार दिव्या विजय के अब तक प्रकाशित दो कहानी संग्रहों में से पहला कहानी संग्रह है। इस संग्रह की कहानियों का मूल स्वर प्रेम है। यहां प्रेम उस तरह नहीं घटित होता, जैसा इन दिनों की प्रेम कविताओं में देखने को मिलता है। दिव्या की कहानियों का  प्रेम एकल संयोजकता की सीमाएं लांघता है और वह इतने दक्ष और तार्किक ढंग से प्रस्तुत किया गया है कि संभव है कि आप पूर्वाग्रह त्याग कर आश्वस्त हो जाएँ कि यह अनैतिक नहीं है। संग्रह में दो दफ़ा इशारों-इशारों में प्रेम लैंगिक सीमा की दहलीज़ आहिस्ता ही सही, पार करता है- संग्रह की पहली ही कहानी में दोनों नायिकाओं का चूमना, एवं दूसरी कहानी में नायिका का यह सोचना कि उसके चारों प्रेमी आपस में एक-दूसरे के अच्छे प्रेमी हो सकते थे।

 

 

 

पहली कहानी जो कि संग्रह की शीर्षक कहानी भी है, में एक व्यक्ति की पूर्व और वर्तमान प्रेमिकाओं की भेंट होती है। उम्र की भिन्नता और उसी प्रेमी के साथ संलग्नता और बिछोह के भिन्न पड़ाव पर होते हुए भी वे दोनों वस्तुतः इस मायने में एक-सी होती हैं कि वे एक दूसरे में अपने प्रेमी और परिचित प्रेम का अंश ढूंढ रही होती हैं। कुछ भी खो न देने की चाह में वे एक-दूसरे जैसी बन जाना चाहती हैं। दोनों के बीच चतुर डाह के क्षण आते हैं जो कड़वे बिल्कुल नहीं होते और अगले ही पल सद्भाव की लहर चली आती है।

 

 

 

'प्रेम पथ ऐसो कठिन' कहानी एक स्त्री की अंतर्व्यथा को व्यक्त करती है। धीमे संगीत की तरह आरंभ हो यह कहानी उस आयाम तक पहुंचती है, जहां पाठक और पाठक के भीतर उपजा दर्शक अनुनाद की स्थिति में होते हैं। ऐन, चरमावस्था पर यह कहानी समाप्त हो जाती है। कहानी में नायिका के एक साथ चार प्रेम प्रकरणों की संगति दरअसल ऑर्केस्ट्रा की संगति जैसी है। लेखिका ने इस कहानी को खूब निभाया है। थोड़ा भी इधर-उधर होने पर इस कहानी का संतुलन बिगड़ जाने का खतरा था।

 

 

 

'फिसलते फासलों की रेत घड़ी' मुझे अन्य कहानियों की अपेक्षा औसत लगी। इस कहानी को और गहराई दी जा सकती थी। कहानी के अंत में स्टार फिश से तुलना कर कही गई बातें ज़रूर मुझे पसंद आईं।

 

 

 

'बनफ़्शई ख़्वाब' कहानी, बहुत कुशलता से गढ़ी गई कहानी है। इस कहानी में न केवल कहानी बल्कि कविता के अवयवों का भी लाजवाब प्रयोग किया गया है। 'बनफ़्शई ख़्वाब' को इस सुख के लिए पढ़ा जाना चाहिए। इस कहानी से कुछ पंक्तियां देखिए:

 

"फुटबॉल की जगह एक सफ़ेद धब्बा उसे उछलता हुआ दिखाई दे रहा था। वह उसी धब्बे के पीछे भागने लगी, धब्बा एक झील में जा गिरा। उसने झील में जाने के लिए कदम बढ़ाया मगर तुरन्त पीछे ले लिया। उसने अपने बूट्स उतारे और झील में पैर डुबो दिए। ठंडा पानी पहली बार में नश्तर की तरह चुभा। उसके तलवे सिकुड़ने लगे लेकिन उसे खयाल आया कि वह आने वाला है।"

 


 

'मन के भीतर एक समंदर रहता है' कहानी बड़ी रोचकता से एक अनजान स्त्री और समुद्र में कूद आत्महत्या करने आए एक आदमी के बीच संवाद की कहानी है। युवक आत्महत्या करते समय भी यह नहीं चाहता कि उसके परिवार जन उसकी मृत्यु को आत्महत्या समझें। वह बचा लिया जाता है और पुनः आत्महत्या करने के लिए उद्यत होता है। अनजान स्त्री द्वारा उस युवक का हाथ थाम लेने से, जीवन के प्रति सार्थक संवाद से उसमें एक सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है, वह जीवन की तरफ़ लौटने लगता है। अब इसे प्रेम कहा जाए, स्त्री-पुरुष के मध्य का आकर्षण या मानवता का नैसर्गिक जादू, यह पाठक की समझ पर है।

 

 

 

'परवर्ट' कहानी एक तरह से देखा जाए तो संग्रह की दूसरी कहानी 'प्रेम पंथ ऐसो कठिन' का ही पुरुषीय विमा में विस्तार है। इस कथा का नायक एक ऐसा आदमी है जिसे बार-बार प्रेम में पड़ जाने की आदत है। उसका चेहरा लटक गया है, ज़ाहिर है कि वह अधेड़ हो चुका है, तब भी स्त्रियां उसके प्रेम में पड़ती रहती हैं और वह स्त्रियों के। कहने को वह बौद्धिक स्त्रियों को पसंद करता है, पर जब कोई स्त्री बहुत सुंदर हो तो वह अपनी इस दृढ़ता से फिसल जाता है। कुल मिला कर उसके पास प्रेम के अनगिनत कारण हो सकते हैं। उसकी पत्नी ने इस बात को स्वीकार लिया है। सच्चाई पता चलने पर उसकी प्रेमिकाएं अक़्सर उसे दुत्कार देती हैं। स्त्रियों और प्रेमालाप के प्रति उसकी सहज उत्सुक दृष्टि के कारण आस-पास का समाज उसे परवर्ट की संज्ञा देता है। यहां भी लेखिका कथा के नायक के दृष्टिकोण से पाठक को संतुष्ट कर पाने में सफल रहती हैं।

 

 

 

'नज़राना-ए्-शिकस्त' एक प्रेम कहानी नहीं है। यह संग्रह की अन्य कहानियों से भिन्न स्त्री विमर्श की कहानी है। 'नज़राना-ए्-शिकस्त' अभिजात्य वर्ग में सन्निहित पुरुषवादी सोच और स्त्री दमन की कहानी है। एक स्त्री को अपने आतातायी पति को शिकस्त खिलाने के लिए मर जाना होता है, पाक दामन होते हुए भी बदचलन कहलाना होता है। कहानी की नायिका को अपना पसंदीदा रंग सफ़ेद मृत्यु के बाद नसीब होता है- कफ़न के रूप में। उसका पति, पत्नी की दुर्घटना में जली हुई लाश देख कर सबसे पहले यह सोचता है कि किस-किसने उसकी पत्नी को नग्न अवस्था में देखा होगा और अगले ही पल यह सोच कर संतुष्ट होता है कि कोयला और राख बन चुकी इस देह में देखने लायक बचा ही क्या है। स्त्री के होंठ जलने पर भी मानो व्यंग्य में मुस्कुराते हैं-

 

"लाश हुए जिस्म में वे मुस्कुराते हुए होंठ ज़िन्दगी की तरह चस्पाँ थे। ऐसे तो वह तब भी नहीं मुस्कुराती थी जब ज़िन्दा थी।"

 

 

 

'बिट्टो' कहानी की पृष्ठभूमि शुरुआत में मुझे पुराने ढंग की कहानियों जैसी लगी और मुझे शुरुआत में लगा कि मुझे यह औसत लगेगी। पर, आश्चर्यजनक रूप से 'बिट्टो' कहानी पूरे संग्रह में मेरी सबसे पसंदीदा कहानी रही। एक छोटे से कस्बे की प्रकृति प्रेमी लड़की जो पौधों से, फूलों से, चिड़ियों से, और तितलियों आदि से चहक कर प्रेम करती है, कच्ची उम्र के प्रेम में ठगे जाने पर अपनी सारी चंचलता खो देती है। छोटे शहर की संकीर्ण सोच के चलते उसे ताने सुनने पड़ते हैं और असमय ही वह एक उदास औरत में तब्दील हो जाती है। कहानी की नायिका तो वही है। साथ ही, कहानी में है एक किराएदार, जिसे नायक की अपेक्षा एक दर्शक या विश्लेषक मात्र कहा जाता, यदि वह बिट्टो को फिर से हंसाने का जतन ना कर जाता।

 

 

 

लड़कियों को अपने प्रेम में फंसा इस्तेमाल करने वाले लड़के हर पीढ़ी, हर शहर, हर कस्बे में होते हैं। भोली-भाली लड़कियां कुंदन जैसे अच्छे लड़कों को छोड़ कर अखिल जैसे बुरे लड़कों का चुनाव करती हैं क्योंकि बुरे लड़कों को लड़कियों को आकर्षित करने के हथकंडे पता होते हैं। अखिल एक ऐसा ही एक लड़का है, जो स्त्रियों के प्रति निम्नतम स्तर की सोच रखता है। अंत में उस जादूगर का पतन होता है, और कहानी को शीर्षक मिलता है 'एक जादूगर का पतन'। कितनी ही लड़कियां इस तरह के धोखों के बाद अपने जीवन में आगे बढ़ जाती हैं। पर कोई-कोई ऐसी भी होती हैं जो उसी मोड़ पर ठिठक कर अपना जीवन बिता देती हैं। माया एक ऐसी ही लड़की है।

 

 

 

संग्रह की अंतिम कहानी 'प्यार की कीमिया' ऐश्वर्य, जुए और अय्याशी के शहर लास वेगास में घटित होती है। लास वेगास में अलग-अलग स्तर की वेश्याओं के जीवन की पड़ताल करती हुई यह कहानी मुख्य पात्र कार्ला और एक घुमक्कड़ युवक एल्फ्रेड पर केंद्रित हो जाती है। एल्फ्रेड, कार्ला के वेश्या होने की सच्चाई जान कर भी उसे मन से चाहने लगता है। कार्ला के स्ट्रिप डांस में भी उसे विशुद्ध कला नज़र आती है। इन पंक्तियों से एल्फ्रेड के प्रेम की थाह पाई जा सकती है:

 

 

 

"अगर देह का मूल्य लगाकर उसे छुआ जा सकता है तो क्या उसमें रहने वाले हृदय को जानकर उससे प्रेम नहीं किया जा सकता?’"

 

 

कुछ उतार-चढ़ाव से गुज़र यह कहानी अपने अंजाम तक पहुंचती है। एक अच्छे कहानी संग्रह का सुखद अंत होता है।


 

संग्रह: अलगोज़े की धुन पर

रचनाकार: दिव्या विजय

प्रकाशक: राजपाल एंड संस नई दिल्ली

पृष्ठ संख्या:

मूल्य: 175 रुपए

 

अमेजॉन लिंक: https://www.amazon.in/Algoze-Dhun-Par-Divya-Vijay/dp/9386534304/ref=sr_1_1?dchild=1&keywords=algoze+ki+dhun+par&qid=1614345400&sr=8-1

 

 

 


भारत का पता :

श्रीमती सरोज शर्मा

माडा योजना हॉस्टल

पोस्ट ऑफिस के पास राजगढ़ (अलवर)

राजस्थान- 301408

 

मेरा ताइवान का पता :

देवेश पथ सारिया

पोस्ट डाक्टरल फेलो

रूम नं 522, जनरल बिल्डिंग-2

नेशनल चिंग हुआ यूनिवर्सिटी

नं 101, सेक्शन 2, ग्वांग-फु रोड

शिन्चू, ताइवान, 30013

 

 

फ़ोन: +886978064930

ईमेल: deveshpath@gmail.com

 

 

 

टिप्पणियाँ

इस ब्लॉग से लोकप्रिय पोस्ट

मार्कण्डेय की कहानी 'दूध और दवा'

प्रगतिशील लेखक संघ के पहले अधिवेशन (1936) में प्रेमचंद द्वारा दिया गया अध्यक्षीय भाषण

शैलेश मटियानी पर देवेन्द्र मेवाड़ी का संस्मरण 'पुण्य स्मरण : शैलेश मटियानी'