भरत प्रसाद का आलेख 'जिनकी आत्मा में अंचलगन्धी की रूह झरती है'।

 

फणीश्वरनाथ रेणु

 

प्रेमचंद के बाद फणीश्वरनाथ रेणु एक ऐसा नाम है जो हिन्दी जगत के लोगों की जुबान पर है। रेणु की ख्याति आंचलिक कथाकार/ उपन्यासकार के    तौर पर है। लेकिन जब हम उनकी रचनाओं से गुजरते हैं तो पाते हैं कि मानवीय संवेदना और भावों के मर्म के वे अनूठे चितेरे हैं। रेणु ने अपेक्षाकृत कम लिखा लेकिन जितना भी लिखा वह सार्थक लिखा। जो जरूरी था वही लिखा। मैला आँचल' के अप्रतिम रचनाकार को पढ़ने पर पता चलता है कि वे जमीन से अपने लोक से किस गहराई के साथ जुड़े हुए थे। उनकी एक ख्यात कहानी 'तीसरी कसम उर्फ मारे गए गुलफाम' से भला कौन ऐसा होगा जो परिचित न होगा। इस कहानी पर इसी नाम से एक चर्चित फिल्म भी बनी। कवि-आलोचक भरत प्रसाद ने फणीश्वरनाथ रेणु की कहानियों पर केन्द्रित एक आलेख लिखा है, जो नया ज्ञानोदय के हालिया अंक में प्रकाशित हुआ है। आज पहली बार पर प्रस्तुत है भरत प्रसाद का आलेख 'जिनकी आत्मा में अंचलगन्धी की रूह झरती है'

 

 

फणीश्वरनाथ रेणु :

 

जिनकी आत्मा में अंचलगंधी धरती की रुह झरती है।

 

भरत प्रसाद    

               

                             

एक

 

प्रेमचंद की कलम में भारतीय आत्मा का स्वरूप उद्भासित होता है, पर रेणु की कलम गंवई हृदय के रंग, राग, गंध और रसिकता का तान छेड़ती है। यह आंचलिकता आखिर है क्या? केवल खांटीपन, भदेस शैली, अनगढ़ता? क्या अटपटी बोलीबानी, लंठई, नंगई और गंवारूपन को आंचलिकता की पहचान कहा जाएगा? नहीं, निश्चय ही ना! आंचलिकता एक बेलीकी है - अनुभूतियों की, एक खिंचाव है, अपनत्व का, जिसको शब्द दे पाना असंभव है। एक जादुई ग्रामसत्ता की विलक्षण माया कहिए, जो व्यक्त हो कर भी अव्यक्त है। शब्दों में उत्त्त्तर भी अर्थातीत है, जिसे आकार देने के लिए पंचेन्द्रियां अपर्याप्त हैं, यहां तक छठी इन्द्री भी बौनी पड़ जाती है, इस रहस्यमय माया को सृजन में बांधने के लिए। आंचलिकता दरअसल कच्ची, अनगढ़, गैर पारंपरिक राह है, जिस पर चलने के लिए दो आंखें काम न देंगी। दो पैरों से कई कदमों का धैर्य पैदा करना होगा। एक मन में सैकड़ों मन जोड़ना पड़ेगा। कहीं अमराई की घनी छाया में सन्नाटा खिला हुआ है, कैसे शब्दों में साकार करेंगे? कहीं तलहटी की ठंडक में अदृश्य कीड़े मकोड़े आनंद का उत्सव गा रहे हैं, कैसे सुर-ताल वाले काबिल शब्दों में सजाएंगे? कहीं चौहद्दी के क्षितिज में पछुवा बयार के साथ पकने को तैयार फसलें निर्गुन गीत छेड़ रही हैं, कैसे तान में बांधेंगे?

 

 

 

यह असंभव तो नहीं, पर आसान भी नहीं। तब तक कि जब तक घंटों आंखों से नहीं, आशिक हृदय से जी भर कर निहार न लें, उसके थिरकते, नाचते, गाते वजूद को रेशा रेशा पी न जाएं, जब तक अपने आदमी होने के बौनेपन को अंचल के अनगढ़ विस्तार में विलीन न कर दें। जब तक ग्राम एक दृश्य है एक चित्र है, एक अस्तित्व है, तब तक कोई आंचलिक शिल्पकार कैसे हो सकता है? गांव अर्थात हमारी आत्मा की प्रयोगशाला, हमारे एहसासों की रंगभूमि, हमारे स्वभाव की निर्माण स्थली। इतना ही नहीं, जिसके भीतर रोम-रोम में एहसासों की अभूतपूर्व सजगता सक्रिय है, वही अव्वल दर्जे का आंचलिक सृष्टिकर्ता हो सकता है।

 

 

 

अपने जीवनकाल में रेणु सौ के पार कहानियों की संख्या न पार कर सके। उपन्यास भी अंगुलियों पर गिनने जितने। फिर ऐसा कौन सा रहस्य है कि प्रेमचंद के बाद हिन्दी जगत के दूसरे शीर्षस्थ कथा-शिल्पी। वह कारण है, अनुभूतियों का अलहदापन, शब्दों की अप्रत्याशित सोंधी गंध और चेहरों के समुद्र में गहनतः उतरने की आशिकी। रेणु चित्रकार हैं, तो बुनकर भी। रंगसाज हैं, तो धुन साधक भी, खेतिहर हैं तो माली भी। एक साथ कितनी भूमिकाओं में चोला बदल-बदल कर आते हैं वे, कहना इतना आसान नहीं। विषय के साथ इंसानियत बरतने के सलीके ने ही रेणु को बदल दिया। उनकी बुनावट में दर्शन की गूंजें कम सुनाई देंगी, यदि हैं भी तो बस यदा कदा उठ चली बयार की तरह। रेणु की कलम जड़ को निर्जीव मानती ही नहीं, वह समूचे गंवई अस्तित्व से संवाद करती है। शब्दों की पकड़ से परे का संवाद। सच कहिए तो संवाद का असलस्वरूप मौन के क्षणों में खिलता है, बाहर प्रकट होते ही स्थूल और असाधारण रह जाता है। घटना, चरित्र, चेहरे और वस्तुएं रेणु के चुम्बकीय मानस में सजीवता लिए दिए जीवित होते हैं। इतना ही नहीं, उनके हृदय की बनावट अतीन्द्रिय अनुभूतियों के आवेग में कुछ ऐसी बन चली कि हर दृश्य या चरित्र को अपनी अप्रत्याशित शैली में ढाल लेते हैं।

 

       

अथाह सहृदयता से लबालब सर्जक न केवल अस्तित्व के बहुआयामीपन को आत्मसात कर लेता है, बल्कि उनको पूरी योग्यता के साथ जीवित और साकार करने की कठिनतम कला भी प्रज्ज्वलित कर लेता है। रेणु के आवेगधर्मी मानस की दूसरी उपलब्धि है, अनौपचारिकता और बेलीकी। और ये दोनों अनगढ़ गुण संभव हुए, भावनाओं की प्रगाढ़ मौलिकता से।

 

 


                         

दो

 

काव्यशास्त्र में वैसे तो 09 स्थायी भाव और 33 संचारी भाव सिद्ध किए गये हैं, पर दीवानगी की सीमाएं पार करने वाला सर्जक शताधिक चिरस्थायी भावों और असंख्य अनियमित किन्तु अद्भुत संचारी भावों का महाकोश होता है। रेणु के भीतर न केवल बारीकियत की हद तक घ्राण शक्ति उद्दिप्त थी, बल्कि सुनने की स्थूल शक्ति से कई गुना आगे अश्रव्य को भी आत्मा में अवस्थित कानों से सुन सकते थे, उसे अज्ञात और बेलीक शब्दों में बांध सकते थे। यह श्रेय केवल रेणु को दिया जाना चाहिए कि प्रेमचंद के बाद ग्रामीण सभ्यता की कालजयी संभावनाओं की खोज की। रेणु के अंचलभक्त मानस पर चिंतन-मंथन करते हुए यह तथ्य साफ दिखाई पड़ता कि नैसर्गिक तौर पर उन्हें सहज मानवीय भावनाओं की विलक्षण सूक्ष्मता हासिल थी। वे साधक की एकाग्रता धारण करते हुए कांटे की नोंक से सूक्ष्म दृश्य की अद्वितीयता को बिम्ब में, ध्वनि में, रागात्मक गद्य में बांध सकते थे। एक प्रश्न उठता है, मन में रेणु की बहुआयामी आंचलिक आत्मा से छूटा क्या? क्या प्रेमचंद और रेणु भारतीय ग्राम सभ्यता, उसकी नियति, संभावना और महत्ता के दो ध्रुव हैंइसका उत्तर सीधे हां या ना में दे पाना संभव नहीं। यह अवश्य है, इन दो हिन्दुस्तानियत के परम आशिकों ने अभिव्यक्ति के स्तर की ऐसी नायाब लकीर खींच दी है, जिससे नितांत अलग और मौलिक राह निर्मित कर पाना साधक से नीचे का काम न होगा। रेणु का हृदय रात-दिन विचरण करता है, अंचल की छाया, माया, दुख, संघर्ष, पराजय, कुंठा, तनाव, पीड़ा, गरीबी, अनाचार और प्यार, इजहार, मनुहार के ताने-बाने में। वे और कथाकारों की तरह दर्शक नहीं, चितेरे भी नहीं, सर्जक भी नहीं। वे खुद उस यथार्थ से आत्मबद्ध हैं, एकम एक हैं, अखंड हो चुके हैं। गंध के गंध, ध्वनि के ध्वनि, रुप के साथ रुप और जीव के साथ जीव बन कर ही उसकी आत्मा को कागज पर उतारा जा सकता है। उनकी विख्यात कहानी है - "रसप्रिया", लगभग लाखों हिन्दी पाठकों के हृदय को अश्रुसिक्त कर देने वाली। तनिक उठाइए पलकों पर ये पंक्तियां –

 

 

"खेत की आल पर झरजामुन की छाया में पंचकौड़ी मिरदंगिया बैठा हुआ है, मोहना की राह देख रहा है। जेठ की चढ़ती दोपहरी में खेतों में काम करने वाले भी अब गीत नहीं गाते हैं..। कुछ दिनों के बाद कोयल भी कूकना भूल जाएगी क्या? ऐसी दोपहरी में चुपचाप कैसे काम किया जाता है! पांच साल पहले तक लोगों के दिल में हुलास बाकी थी...। पहली वर्षा में भीगी हुई धरती के हरे-भरे पौधों से एक खास किस्म की गंध निकलती है। तपती दोपहरी में मोम की तरह गल उठती थी, रस की डाली। वे गाने लगते थे, बिरहा, चांचर, लगनी।" (कहानी- रसप्रिया)

 

 

चरित्र और घटनाओं की अप्रत्याशित सूक्ष्मता में रेणु गोता लगाते ही हैं। प्रकृति और पक्षी, जीव, पशु जगत के गुलाम, मौन किन्तु अद्वितीय अन्तर्जगत में प्रवेश करते हैं। यह कठिन सिद्धि उन्हें नैसर्गिक तौर पर हासिल थी। दृश्य में दर्शन की खोज करना रेणु का संकल्प नहीं, बल्कि दृश्य के बहाने अपने मनुष्य को संस्कारबद्ध उनका अघोषित सपना रहा है। एक कथाकार का मानस कहाँ, कैसे, कितनी अलौकिक दिशाओं से, आकाश से, कल्पना की धरती से सृजन के तत्वों की खोज करता है, इसको अंतिम तौर पर बता पाना बड़े से बड़े आलोचक के वश की बात नहीं।

 

 


                           

तीन

 

हिन्दी कहानी का वह   कौन रसवादी पाठक होगा, जो   रेणु की अमिट कहानी "तीसरी कसम अर्थात मारे गये गुलफाम" में कभी डूबा   न हो। फिल्म का आकर्षण तो अलग, कहानी अपने रचाव, बनाव, तराश   और धीमी धीमी आंच में भी खूब मन को भाती है। प्रगाढ़ आत्मीयता और अपूर्व भावात्मक   सजगता रेणु की कलम में मानो नृत्य कर उठी हो। यह कहानी इस शिल्पकार की नायाब हुनर   का आइना भी है, और खांटी देशज दुनिया की अनगढ़ मनुष्यता के   प्रति रेणु के प्रचंड अनुराग का प्रमाण भी। कहानी ने जड़ों में भिनते हुए अदृश्य  रस की तरह खूब विस्तार लिया है। मानो रेणु कायान्तरण कर के हिरामन के शरीर में पैठ   लगा लिए हों, और हीराबाई की पानीदार आत्मा में भी। एक कोमल   प्रसंग याद कीजिए जरा –

 

 

"कच्ची सड़क के एक छोटे से खड्ड में गाड़ी का दाहिना   पहिया बेमौके हिचकोला खा गया। हिरामन की गाड़ी से एक हल्की "सिस" की   आवाज आई। हिरामन ने दाहिने बैल को दुआली से पीटते हुए कहा - 'साला क्या समझता है, बोरे कु लदनी है क्या?"

"अहा! मारो मत"

अनदेखी औरत की आवाज़   ने हिरामन को अचरज में डाल दिया। बच्चों की बोली जैसी महीन, फेनूगिलासी बोली!

 

 

परकाया प्रवेश की प्रतिभा के बगैर प्रतिसृष्टि   कर पाना संभव नहीं। न केवल मनुष्य की आत्मा में, बल्कि अपने अनुभव और मष्तिष्क के दायरे से गुजरने वाले प्रत्येक  अस्तित्व के भीतर प्रवेश करने की क्षमता। मुक्तिबोध के शब्दों में यही "व्यक्तित्वांतरण" है। रेणु का सूक्ष्मदर्शी मानस सजीव, निर्जीव, प्रकट, अप्रकट, स्थूल, हवाई, रंगमय, रंगशून्य, आकर्षक, निराकर्षक, सुगढ़, कुगढ़ सबसे विलक्षण एकाग्रता के साथ संवाद करता है, उसे हिए लगाता है, पलकों पर बिठाता है, उसे   सुमिरता है, उसे हजार हजार प्राणों से भर देता है। जो पाठक  केवल आंनद लेने के लिए रेणु की कहानियां पढे़गा, वह ऊपर तैरने वाला कच्चा तैराक ही रह जाएगा, किन्तु जो खुद को बदलने, खुद में नये भाव जोड़ने और हृदय का स्थायी   विस्तार करने के लिए उनकी कहानियों का मंत्रपाठ करेगा, वह कहानियों को जी लेगा, अन्तर में।

 

इसी "तीसरी कसम अर्थात..।" के गीत   की एक छटा देखिए ---

 

 

तेरी बांकी अदा पर   मैं खुद हूँ फिदा

तेरी चाहत हो दिलबर   बयां क्या करूँ

यही ख्वाहिश है कि इइइ   तू मुझको देखा करे

और दिलोजान मैं तुमको   देखा करूँ।

 

 

रेणु ने आंचलिकता की   अनेक गुणधर्मी अनगढ़ता को उतना ही स्वाभाविकता दी, जितनी अनिवार्य है। न बेशी, न कम। यह संतुलन एक संवेदनाजीवी सर्जक के लिए बेहद कठिन और  चुनौतीपूर्ण है,   क्योंकि कलम की खेती   नैसर्गिक क्षमता से होती है,    कि मशीन की शैली में। यह भी संभव था, रेणु   पाठकों की भाषाई समझ की सीमा की परवाह न करते हुए, और और, और   अपरिचित, अज्ञात, गुमनाम आंचलिकता के रहस्यों में उतर पड़ते, तब अपठनीयता की मुश्किल खड़ी हो जाती, किन्तु रेणु उसी हद तक आंचलिकता को खींचते हैं, जिससे उसके मिठास, तितास और गंध की सहजता बनी रहे, बोझिल न होने पाए और अपनत्व के जादे में बांधे रखे। आइए ले चलते   हैं एक और लकीरी कहानी की ओर..।

 

"जंगी की पुतोहू मुंहजोर है। रेलवे स्टेशन के   पास की लड़की है। तीन ही महीने हुए गौने की नयी बहू हो कर आई है और सारे कुर्माटोली   की सभी झगड़ालू सासों से एकाध मोर्चा ले चुकी है। उसका ससुर जंगी दागी चोर है, सी किलासी है। उसका खसम रंगी कुर्माटोली का   नामी लठैत। इसीलिए हमेशा सींग खुजाती फिरती है जंगी की पुतोहू।" (लाल पान की बेगम)

 

 


                             

 

चार

 

 

आंचलिकता के मानक कथापुरुष हैं, रेणु। यह सर्वस्वीकृत तथ्य है। परन्तु एक सवाल किसी भी अंचलजीवी या अंचलप्रेमी व्यक्ति के मन में उठना चाहिए, क्या आंचलिकता रेणु पर आ कर पूर्ण विराम लेती है? क्या रेणु ने अंचल के बहुआयामीपन को निःशेष कर दिया? क्या रेणु वह शिखर हैं,  आगे अंचल की प्रतिसृष्टि रचना संभव नहीं? क्या नयी सदी अभिनव आत्मीयता के अनहदपन की मांग नहीं कर रही है, कि एक और विलक्षण अंचलशिल्पी खड़ा हो? ये सभी प्रश्न इसलिए भी अनिवार्य हो उठते हैं कि न केवल की भदेस महानता बल्कि भारतीय गांवों की हाशियाई मनुष्यता भी गहरे संकट में है। आंधी की तरह बढ़ते पूंजीपरस्त शहरीकरण ने आंचलिकता की बेमिसाल मधुरता को लाइलाज क्षति पहुंचाई है।

 

 

 

रेणु ने अंचल की रंगीनियत में प्राण भरे, उसके अदृश्य, गुमनाम और बेखास यथार्थ को जादुई गरिमा से लबरेज़ किया। किन्तु कहना जरूरी है, उसमें कालजयी दार्शनिकता न पैदा कर सके। हम रसमय होते हैं, भावासिक्त होते हैं, हृदयसम्पन्न भी बनते हैं, परन्तु आर-पार निकलती हुई अकाट्य जीवनदृष्टि लगभग न के बराबर दिखाई देगी। इसलिए आंचलिकता में तीसरी आंख की खोज आगामी आंचलिक सृजन का एक जरुरी लक्ष्य होना चाहिए। आंचलिकता का दूसरा छूटा हुआ क्षेत्र है - पूंजीवादी सभ्यता का अंचल पर बढ़ता हुआ दबाव, और उसकी नैसर्गिक रौनक खत्म होने का तनाव। अब अंचल की अक्षुण्ण अस्मिता भयानक खतरे में है, इसलिए अधिक शिद्दत, अतिरिक्त आशिकी और बेपनाह भक्ति के साथ अंचल की असाधारणता को चित्त में सुमिरना होगा। इन दोनों से अलग अंचल का एक तीसरी संभावना है, प्रत्येक आंचलिक पक्ष का न केवल दर्शक या विचारक बल्कि एक आविष्कारक की निगाह से निरखना, परखना, मूल्याकंन करना। अंचल का सब कुछ कमाल का, निर्दोष और श्रेष्ठ नहीं है। आकंठ गले लगाते हुए भी, उसकी जड़ में समाई हुई रूढ़ियों, अंधी प्रवृत्तियों, घातक अज्ञानता और चमत्कार भक्ति की तार तार, दो टूक आलोचना भी अनिवार्य कर्तव्य जैसा है। प्रेमचंद को यह कबीरी क्षमता हासिल थी, परन्तु रेणु में इसका अकाल है। संभवतः रेणु से आगे की आंचलिक कथायात्रा इन तीन बिन्दुओं से आरंभ होती है। जहां दृश्य तो जीवंत है, पर धारदार दृष्टि नहीं, उसे क्या कहेंगे? जहां सुंदर ढांचा तो हैं, पर चेतना की चमक गायब है, वह क्या कहलाएगा? जहां वाणी तो चुम्बकीय है, परन्तु दूरगामी विचार नजर नहीं आते, उसे हम किस श्रेणी में रखेंगे? वैसे रेणु के संदर्भ में गौरव करने लायक सत्य यह है कि वे अलग से दर्शन न खड़ा करने के बावजूद अपनी संवेदनात्मक सघनता के भीतर से ही एक उम्दा मानवीय दृष्टि का प्रक्षेप करते हैं। जहां चिंतन का शिखर भले ही कम दिखे, परन्तु व्यावहारिक जीवन-दृष्टि के दीए टिमटिमाते हुए निरंतर दिखाई देंगे।

 

 

 

भरत प्रसाद

सम्पर्क

 

अध्यक्ष, हिन्दी विभाग

पूर्वोत्तर पर्वतीय विश्वविद्यालय

शिलांग- 793022,  

मेघालय

मो. न. 09774125265

मेल-deshdhar@gmail.com

 

टिप्पणियाँ

एक टिप्पणी भेजें

इस ब्लॉग से लोकप्रिय पोस्ट

मार्कण्डेय की कहानी 'दूध और दवा'

प्रगतिशील लेखक संघ के पहले अधिवेशन (1936) में प्रेमचंद द्वारा दिया गया अध्यक्षीय भाषण

शैलेश मटियानी पर देवेन्द्र मेवाड़ी का संस्मरण 'पुण्य स्मरण : शैलेश मटियानी'