युद्ध के विरुद्ध कविता : 5, कुबेर दत्त की कविता 'नंबर दो के मसखरे'
![]() |
| कुबेर दत्त |
युद्ध के विरुद्ध कविता : 5
'नंबर दो के मसखरे'
(लू शुन की रचनाओं को पढ़ते हुए)
कुबेर दत्त
‘वे, मासूमियत
निःसंगता
और पाखंड के स्वच्छंद प्रतिनिधि हैं’-
वे असल में सत्ता का सेन्सर हैं
और निःशंक, मासूम शब्दों के पीछे छिपे होते हैं
वे मानवतावादी मुखौटे पहनते हैं
पर उनके दिमाग में उबलता रहता है
वर्चस्व का द्रव....
वे ही हैं नंबर दो के मसखरे....
वे मायादर्पण रचते हैं
जिसमें एक साथ दिखते हैं दो सच
पहला सच ही है, असली सच
दूसरे सच में वे अपने स्वामी के तलुओं में बिछे हैं....
लार टपकाते...
कुकुर-ध्वनि उच्चारते....
उनमें से कुछ भाड़े पर लिए गए
चाबीदार जंगजू हैं-
जिन्हें पहनाए जाते हैं कीमती अंगरखे
अंगरखें पर मोटे-मोटे मगर पारदर्शी
हर्फों में लिखा होता ‘फ़नकार’
इन भाड़े के जंगजूओं उर्फ फ़नकारों का
कोई स्थायी मालिक नहीं होता
इसलिए कि हो ही नहीं सकता
प्रतिबद्धताएं बदलने में माहिर-
टिक ही नहीं सकते वे एक बारादरी में
इसलिए तो
फीकी पड़ती गई उनकी आब
छीजता गया कौशल
सड़ गलती रही फ़नकारी
आत्मविश्वासहीन हैं...वे.. अब
सुनो तो
फिर कहा लू शुन ने-
‘मसखरे होने का रहस्य
नंबर दो विदूषक की कला का पूरक है’
.....
देखिए गौर से
आत्मविश्वासहीन... ये जो दीखते हैं न सुसंस्कृत से महानुभाव
इन्हें अपनी असली आंखों से देखिए
साफ नजर आएगा-
ये भाड़े के टट्टू हैं...
जब इनका मालिक अपराध करता है
तो वे उसमें सह-अपराधी होते हैं
मगर
वे अपने मालिक से ज्यादा चालाक हैं
इसीलिए जब खून-खराबे की नौबत आती है
उनका मालिक होता है खून से तरबतर-
पर इनके कपड़े होते हैं झक् सफेद
इनके कपड़ों से खून की बू तक नहीं आती....
......
एक दृश्य और... देखिए...
नंबर दो के मसखरों ने
यानी भाड़े के, मगर चालाक जंगजू उर्फ फनकारों ने
अपराधों को पिन्हा दिये गिलाफ
हत्याओं को बदल दिया प्रहसन में
मंच पर फुदके मटके, इधर-उधर, खूब...
चकमा दे, इस बीच भाग गए अपराधी
भाग गए हत्यारे...
मसखरे मगर, लगाते रहे चुटकुलों की छौंक
दर्शक हंसते रहे भद-भद हंसी
और इसी दरमियान
मसखरों ने
उन व्यक्तियों से छीन लिया श्रेय
जिन्होंने किया था प्रतिवाद, बुराइयों के विरुद्ध
...वे फिर मंच पर हैं
इस बार आए हैं नेपथ्य से नैतिकतावादी लिबास पहन...
उस लिबास को तान रहे हैं तंबू की तरह
तंबू में एकत्र हो रहे हैं गुंडे, माफिया, साहूकार, एजेंट...
...तंबू होता गया विशालतर... भयंकर... विशालतम...
होता गया, होता गया... होता ही गया...
अंततः लील गया एक बहुत बड़ा राष्ट्र.... और कई छोटे-छोटे राष्ट्र
इसके बाद
एक लंबी, दुर्गंध भरी डकार लेने के बाद
मसखरों ने ली एक सुदीर्घ अंगड़ाई
और देखते-देखते वे पूंजीपतियों के एक वहशी
कुत्ते की वास्तविक और खूनी मुद्राओं में बदल गए...
हर मुद्रा में मार्च करतीं असंख्य डिविजन सेनाएं...
.............
इसके बाद हुआ जोर का विस्फोट
सब कुछ एक मायावी काले-भूरे धुएं से भर गया...
दर्शक सभी चित्त थे
कटे फटे यहां वहां
मांस के लोथड़े... छप रहे थे अखबारों में
टी.वी. के डिब्बों पर फैल रही थी चिरांध...
कहीं किसी खंडहर की दीवार से आई है अभी-अभी
लू शुन की आवाज-
अभी तो और भी विकसित होंगी-
नंबर दो के मसखरों की कलाएं...
अभी तो रंगशालाओं में
खेले जाएंगे असंख्य
रक्तिम नाटक....

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें