श्रीधर दुबे का ललित निबन्ध ‘सावन का सत्कार’
श्रीधर दुबे सावन का महीना भारतीय जीवन में उत्सव का महीना है । जीवन का उत्सव, बारिस की फुहारों में भीगने का उत्सव, संस्कृति का उत्सव, कजरी का उत्सव । घर-बार, खेत-दुआर, ताल-तलैया, चिरई-चुरुंग सब उल्लास से भर जाते हैं । यह ‘लाखों का सावन’ ऐसा होता है जिस पर प्रियतमा ‘दो टकिए की नौकरी’ को लानत भेजती है । ‘जियरा झूम-झूम जाता है’ कुछ ऐसे जैसे ‘बनवा में मोर नाचता’ है । पेड़ो पर झूले पड़ जाते हैं और तन मन सब उमंग से झूलने लगता है । लेकिन आज समय का दबाव कुछ इस तरह का है कि सावन कब आया कब गुजर गया, पता ही नहीं चलता । अब तो गाँव ही नहीं, मन और मन के उल्लास भी बदल गए हैं । पेड़ की डाल (जिस पर झूले लगते रहे हैं) ही नहीं, बाग़-बगीचे तक गायब होने लगे हैं । कजरी अपने लोक अंदाज से दूर फ़िल्मी अंदाज में बदलने लगी है । इस सावन को ले कर युवा कवि श्रीधर दुबे ने एक ललित निबन्ध लिखा है । आज पहली बार पर प्रस्तुत है यह ललित निबन्ध ‘सावन का सत्कार’ । सावन का सत्...