विजयशंकर चतुर्वेदी का आलेख 'जब लेखक मशीन हो तो कॉपीराइट और नैतिकता किसकी?'
![]() |
| विजय शंकर चतुर्वेदी |
आर्टिफिशियल इंटेलीजेंस से आज शायद ही कोई होगा जो अपरिचित होगा। ए आई को कोई भी निर्देश दीजिए और उसके बारे में समग्र जानकारियां हासिल कर लीजिए। एक कदम आगे बढ़ कर ए आई कविता, कहानी, आलेख लिखने जैसी करामात भी कर सकता है। लेकिन जब से एक एआई बॉट ने दूसरे बॉट्स से बात करने की तरकीब खोज ली है तब से दुनिया में इसे ले कर खलबली मची हुई है। यहाँ तक कहा जा रहा है कि अगर इंसानी नस्ल किसी सुपर-इंटेलिजेंट एआई की महत्वाकांक्षाओं के रास्ते में आती है, तो वह ख़त्म हो जाएगी। एंथ्रोपिक के एक एआई रिसर्चर जैकब कॉक्सन (जो पहले ओपनएआई में भी काम करते थे) ने इस्तीफ़ा देते हुए कहा, "दोनों तेज़ी से खुद को बेहतर बनाने वाली सुपर-इंटेलिजेंस की ओर बढ़ रहे हैं और हमारी ज़िंदगी के साथ जुआ खेल रहे हैं।" यही नहीं ए आई ने परंपरागत कॉपीराइट कानूनों के लिए भी संकट खड़ा कर दिया है। इस मुद्दे को ले कर कवि पत्रकार विजय शंकर चतुर्वेदी ने एक आलेख लिखा है। तो आइए आज पहली बार पर हम पढ़ते हैं विजयशंकर चतुर्वेदी का आलेख 'जब लेखक मशीन हो तो कॉपीराइट और नैतिकता किसकी?'
आलेख
'जब लेखक मशीन हो तो कॉपीराइट और नैतिकता किसकी?'
विजयशंकर चतुर्वेदी
मान लीजिए, आपने कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) की मदद से कोई लेख लिखा है। मूल विचार आपका था, आपने ही विषय चुना, सवाल भी तैयार किए, फिर कुछ हिस्से एआई से लिखवाए, बाद में आपने उन्हें काटा-छाँटा और अपने अनुभव जोड़े, लेख की भाषा बदली और अंततः लेख आपके नाम से प्रकाशित हो गया। कुछ दिनों बाद किसी दूसरे व्यक्ति ने उसी लेख का एक हिस्सा उठा कर अपने नाम से छाप दिया। लेकिन कॉपीराइट रखने का दावा आप करते हैं।
यहाँ एक अजीब सवाल खड़ा हो जाता है कि जिस चीज पर आप अपना अधिकार जता रहे हैं, उसमें मशीन की भूमिका कितनी थी? और अगर मशीन ने केवल आपकी भाषा सुधारी थी तो क्या वह आपका लेख नहीं रह गया? और यदि उसने ही पहला पूरा ड्राफ्ट लिखा तब क्या होगा? माना कि आपने केवल दस शब्दों का प्रॉम्प्ट दिया था और मशीन ने दस हजार शब्दों का लेख तैयार कर दिया तो किसे लेखक माना जाएगा? और अगर आपने कुछ भी नहीं किया, सिर्फ मशीन ने अपने स्तर पर कोई कलाकृति बना दी तो उसका रचयिता कौन माना जाएगा? आप या मशीन?
भारत के कॉपीराइट कार्यालय के सामने हाल में ऐसा ही एक जटिल मामला पेश आया। अमेरिकी कंप्यूटर वैज्ञानिक स्टीफन थालेर ने अपने एआई सिस्टम डी-ए-बी-यू-एस (DABUS) को एक कलाकृति ‘ए रीसेंट एंट्रेंस टू पैराडाइज’ का “ऑथर” बताते हुए कॉपीराइट पंजीकरण मांगा था। यह कलाकृति DABUS द्वारा स्वायत्त रूप से तैयार की गई थी और इसमें घने पेड़ों के बीच से गुजरती रेल की पटरियाँ एक सुरंगनुमा प्रवेश-द्वार की ओर जाती दिखाई देती हैं। दिलचस्प यह था कि कॉपीराइट कार्यालय ने कलाकृति की मौलिकता पर सवाल नहीं उठाया। 31 अगस्त 2026 के आदेश में कॉपीराइट रजिस्ट्रार प्रोफेसर (डॉ.) उन्नत पी. पंडित ने माना कि रचना मौलिकता की कानूनी कसौटी पर खरी उतरती है। लेकिन उन्होंने DABUS को लेखक मानने से इनकार कर दिया, क्योंकि कानून की नजर में यह एआई सिस्टम न तो प्राकृतिक व्यक्ति है, न ही कोई मान्य कानूनी व्यक्ति।
असली पेच यहीं था कि यदि रचना मौलिक है और उसे बनाने की अंतिम रचनात्मक प्रक्रिया एआई ने स्वायत्त रूप से पूरी की है, तो उसका लेखक कौन है? भारतीय कानून ने फिलहाल इसका उत्तर उस व्यक्ति में खोजा है जिसने उस रचना के अस्तित्व में आने की प्रक्रिया को शुरू और संभव किया। यानी प्रश्न सिर्फ कलाकृति की मौलिकता का नहीं, बल्कि यह था कि क्या एआई स्वयं कानून की नजर में “लेखक” हो सकती है। मशीन को कानूनी व्यक्तित्व दे कर लेखक बना देना प्रशासनिक आदेश से संभव नहीं, इसके लिए संसद को कानून बदलना होगा। लेकिन इस फैसले से भी ज्यादा दिलचस्प वह दुनिया है जो रजिस्ट्रार के इस फैसले के पीछे खड़ी है।
पश्चिम में एआई की नैतिकता पर चल रही बहस अब केवल इस सवाल तक सीमित नहीं है कि मशीन सोच सकती है या रचनात्मक हो सकती है। खासकर जनरेटिव एआई के आने के बाद यह बहस कहीं अधिक ठोस और तीखी हुई है। टिमनिट गेब्रू, एमिली एम. बेंडर, मार्गरेट मिशेल और केट क्रॉफर्ड जैसे विद्वानों ने ध्यान दिलाया है कि एआई को केवल एक बुद्धिमान तकनीक की तरह देखना उसके पीछे छिपी मानवीय और सामाजिक संरचना को अदृश्य कर देता है। विशाल भाषा मॉडल किन लोगों के लिखे डेटा पर प्रशिक्षित होते हैं, उन डेटा में मौजूद पूर्वाग्रह कैसे दोहराए जाते हैं, उन्हें तैयार करने में किस तरह के श्रम का इस्तेमाल होता है, उनकी ऊर्जा और पर्यावरणीय लागत क्या है और कुछ बड़ी कंपनियों के हाथों में एआई की शक्ति का कितना केंद्रीकरण हो रहा है—ये सभी नैतिक प्रश्न अब एआई की बहस के केंद्र में हैं। एमिली बेंडर ने तो यह सावधानी भी बरती है कि भाषा उत्पन्न करने की क्षमता को भाषा को समझने की क्षमता मान लेना ही एक खतरनाक भ्रम हो सकता है।
लेकिन पश्चिमी बहस का दूसरा एक महत्वपूर्ण पक्ष भी है। कुछ एआई शोधकर्ता और तकनीकी विशेषज्ञ इस बात पर अधिक जोर देते हैं कि जैसे-जैसे एआई प्रणालियाँ अधिक शक्तिशाली और स्वायत्त होती जाएँगी, कहीं वे मनुष्य के नियंत्रण से बाहर न हो जाएँ। इसे एआई सेफ्टी और एआई अलाइनमेंट की बहस कहा जाता है। 2023 में जब अत्यधिक शक्तिशाली एआई प्रणालियों के विकास को कुछ समय के लिए रोकने की अपील हुई, तब उसके जवाब में एआई नैतिकता के कई विद्वानों ने कहा कि भविष्य की काल्पनिक “मशीन-प्रलय” पर सारा ध्यान केंद्रित करना आज के वास्तविक नुकसान से ध्यान हटाता है। उनके लिए सवाल था कि अभी जो एआई बन रही है, वह किसके हित में बन रही है, किसका डेटा इस्तेमाल कर रही है, किस तरह की असमानताएँ बढ़ा रही है और उसके परिणामों की जिम्मेदारी कौन लेगा। इस बहस ने एआई नैतिकता के दो महत्वपूर्ण प्रश्नों को आमने-सामने ला दिया कि भविष्य में अत्यधिक शक्तिशाली मशीन से मनुष्य को कैसे बचाया जाए और आज की मशीनों से मनुष्यों को हो रहे नुकसान से कैसे बचाया जाए।
जनरेटिव एआई ने इस बहस में एक तीसरी और हमारे लिए अधिक दिलचस्प परत जोड़ दी है, और वो है रचना एवं लेखकत्व की। मशीन मनुष्य की चेतना को नुकसान पहुँचा सकती है या नहीं, जैसे जरूरी सवाल के साथ अब यह भी पूछा जा रहा है कि वह मनुष्य की रचनात्मक दुनिया में प्रवेश करके जब कविता, चित्र, संगीत, लेख या किताब तैयार करती है, तो उस रचना के साथ हमारा नैतिक व्यवहार क्या होना चाहिए? 2024 में जनरेटिव एआई की नैतिकता पर हुए एक व्यापक अध्ययन ने इस क्षेत्र में सैकड़ों अलग-अलग नैतिक प्रश्नों को खँगाला। यानी बहस अब किसी एक “एआई नैतिकता” भर की नहीं रह गई; इसमें सत्य, श्रेय, निजता, मौलिकता, पक्षपात, मानवीय नियंत्रण, रचनात्मक जिम्मेदारी और श्रम एक-दूसरे से जुड़ गए हैं।
जब कलम बदली थी, तो लेखक नहीं बदला
मनुष्य की रचनात्मक यात्रा को देखें तो हर नई तकनीक ने अपने समय में पुराने नैतिक और सांस्कृतिक विश्वासों को हिलाया है। मनुष्य ने पहले पत्थर पर लिखा। फिर मिट्टी, लकड़ी, धातु, कपड़े और भोजपत्र जैसे माध्यम आए। कागज आया। फिर छापाखाना आया और एक लेखक की बात हजारों लोगों तक पहुँचने लगी। टाइपराइटर ने हाथ की लिखावट को लगभग अप्रासंगिक कर दिया। कंप्यूटर ने टाइपराइटर को पीछे छोड़ दिया। इंटरनेट ने प्रकाशक और पाठक के बीच की दूरी मिटा दी। डिजिटल फोटोग्राफी ने फिल्म को लगभग संग्रहालय की वस्तु बना दिया। यानी हर बार माध्यम बदला, लेकिन हमने धीरे-धीरे अपनी नैतिक और कानूनी परिभाषाएँ भी बदल लीं। आज भी हम किसी उपन्यास को इसलिए “कम साहित्य” नहीं कहते कि वह हाथ से नहीं लिखा गया। हम कंप्यूटर से लिखे गए लेख को इसलिए अनैतिक नहीं मानते कि लेखक ने की-बोर्ड का इस्तेमाल किया। आज तस्वीर इसलिए कम असली नहीं हो जाती कि वह केमिकल फिल्म पर नहीं, पिक्सल्स में बनी है।
तो फिर एआई को ले कर अचानक हम इतने बेचैन क्यों हो उठे हैं? इसका एक उत्तर यह दिया जा सकता है कि एआई सिर्फ औजार होने की जगह स्वयं रचनात्मक निर्णय लेने लगी है। हालाँकि रचनात्मकता को ले कर यह बहस नई नहीं है। ब्रिटिश संज्ञानात्मक वैज्ञानिक मार्गरेट बॉडेन ने 1990 के दशक में ही यह सवाल उठाना शुरू कर दिया था कि क्या कंप्यूटर और एआई वास्तव में रचनात्मक हो सकते हैं। 1998 में उन्होंने लिखा कि एआई परिचित विचारों के नए संयोजन कर सकती है, किसी वैचारिक क्षेत्र में मौजूद संभावनाओं को तलाश सकती है और उस वैचारिक ढाँचे में ऐसे बदलाव कर सकती है जिनसे पहले असंभव लगने वाले विचार सामने आएँ। लेकिन उनकी बहस में एक महत्वपूर्ण फर्क था कि नए विचार पैदा करना और यह तय करना कि उनमें से कौन-सा विचार वास्तव में नया, सार्थक और मूल्यवान है, एक ही बात नहीं है। एआई के लिए पहला काम अपेक्षाकृत आसान हो सकता है, लेकिन दूसरे में मनुष्य के अनुभव, ज्ञान और मूल्यांकन की भूमिका कहीं अधिक महत्वपूर्ण हो जाती है। आज जनरेटिव एआई के सामने खड़े रचनात्मकता के सवाल को समझने में यही फर्क और महत्वपूर्ण हो गया है। यानी संभव है कि एआई हमारी रचनात्मकता को खत्म करने के बजाय उसके काम को दो हिस्सों में बाँट रही हो। मशीन संभावनाएँ पैदा करे और मनुष्य उनमें से अर्थपूर्ण संभावना चुने। अगर ऐसा है तो आने वाली लड़ाई इस बात पर नहीं होगी कि मशीन ने कितने शब्द या कितने पिक्सल बनाए, बल्कि इस बात पर होगी कि रचना के निर्णायक मोड़ पर रचनात्मक निर्णय किसने लिया।
असली संकट इसी बिंदु पर शुरू होता है। रचनाकार को शायद मशीन से कम, अपने विशेषाधिकार के खत्म होने से ज्यादा डर लग रहा है। हम देखते आ रहे हैं कि चित्रकार ब्रश का इस्तेमाल करता है। कैमरा फोटोग्राफ बनाता है। संगीतकार वाद्ययंत्रों से काम लेता है। लेखकगण प्रायः वर्तनी जाँचने और अनुवाद करने वाले सॉफ्टवेयर का सहारा लेते हैं। लेकिन कोई यह नहीं पूछता कि ब्रश ने कितने प्रतिशत पेंटिंग बनाई, या संगीतकार का योगदान कितने प्रतिशत रहा। लेकिन एआई के मामले में यह पूछना महत्वपूर्ण हो गया है क्योंकि मशीन को मात्र कुछ आदेश देने के बाद ऐसा परिणाम मिल सकता है जिसे बनाने की तकनीकी क्षमता उस व्यक्ति के पास शायद कभी थी ही नहीं जिसने प्रॉम्प्ट या आदेश दिए।
यहीं एक और फर्क दिखाई देता है। रचनात्मकता में केवल चीज पैदा करना ही सब कुछ नहीं है। किसी चीज को देख कर यह पहचानना कि उसमें क्या बचाना है, क्या हटाना है, क्या बदलना है और क्या अर्थ देना है, भी रचनात्मक काम है। नए विचार पैदा करने और उनका मूल्यांकन करने के बीच यह अंतर बेहद अहम है। एआई के दौर में भी मनुष्य की रचनात्मकता का एक बड़ा हिस्सा “बनाने” से हट कर “चुनने” की ओर जाएगा। क्योंकि ये सवाल कि “किसने बनाया?” और “किसका है?” जितने कानूनी हैं, उतने ही सांस्कृतिक चयन के भी हैं। हमें याद रखना होगा कि फ्रांसीसी विचारक मिशेल फूको ने कोई पाठ लिख देने वाले व्यक्ति को लेखक नहीं माना था। उन्होंने “ऑथर फंक्शन” की बात करते हुए दिखाया था कि समाज किसी नाम को लेखक के रूप में इस्तेमाल कर के किसी पाठ को एक खास सामाजिक, कानूनी और सांस्कृतिक दर्जा देता है। यानी “लेखक” केवल शब्द पैदा करने वाला व्यक्ति नहीं, एक सामाजिक भूमिका भी है। एआई के आने के बाद यही पुराना सवाल एक नए रूप में लौट
आया है कि अगर शब्द मशीन ने पैदा किए हैं तो उस नाम का क्या होगा जिसके साथ उन शब्दों की जिम्मेदारी और अधिकार जुड़ते हैं?
एआई युग में लेखक कौन कहलाएगा?
स्वाभाविक बात है कि कानून को स्वामित्व चाहिए। समाज को श्रेय चाहिए। बाजार को मालिक चाहिए। और मनुष्य को अपनी रचना से जुड़ी एक नैतिक पहचान चाहिए। एआई इन चारों को एक साथ चुनौती देती है। सवाल है कि क्या प्रॉम्प्ट लिख देने से ही कोई लेखक हो जाता है? क्योंकि प्रॉम्प्ट तो एआई भी लिख सकती है। इसलिए यह उतना ही खतरनाक निष्कर्ष होगा जितना कि जिसने प्रॉम्प्ट लिखा, वही लेखक है। मान लीजिए मैंने प्रॉम्प्ट दिया—“भारत के लोकतंत्र पर एक प्रभावशाली लेख लिखिए”, और एआई ने पूरा लेख तैयार कर दिया। तो क्या मैं इसका लेखक हो जाऊँगा? दूसरी तरफ, यदि मैंने 30 से अधिक वर्षों के अपने अनुभव, अपनी भाषा, अपने विचार और अपनी संरचना के आधार पर एआई से कुछ हिस्सों को विकसित कराया, दस बार पुनर्लेखन कराया, गलतियां सुधारीं और अंतिम लेख स्वयं तैयार किया, तो क्या मेरी भूमिका सिर्फ इसलिए शून्य हो जाएगी कि बीच में मशीन थी?
यही वह जगह है जहाँ पश्चिमी कानूनी बहस भी एक उपयोगी फर्क करती है। अमेरिकी कॉपीराइट कार्यालय ने 2025 में कहा कि केवल प्रॉम्प्ट देना सामान्यतः पर्याप्त मानवीय लेखकीय योगदान नहीं है, लेकिन एआई की सहायता लेना भी अपने आप किसी रचना को कॉपीराइट से बाहर नहीं कर देता। अगर मनुष्य ने रचना के पर्याप्त अभिव्यक्तिपूर्ण हिस्से तय किए हैं, या एआई से निकली सामग्री को रचनात्मक ढंग से व्यवस्थित, बदला या अपने काम में शामिल किया है, तो मानवीय ऑथरशिप का दावा संभव हो सकता है। यानी सवाल “एआई इस्तेमाल हुई या नहीं” का नहीं, बल्कि “मनुष्य ने रचना में रचनात्मक रूप से क्या किया” का है।
स्टीफन थालेर का मामला इसी बहस को एक दूसरी दिशा में ले जाता है। अमेरिकी अपीलीय अदालत ने भी 2025 में यही तर्क दिया था कि कॉपीराइट कानून के तहत किसी वरणीय रचना का ऑथर कोई मनुष्य होना चाहिए। लेकिन इस फैसले की दिलचस्प बात यह भी है कि अदालत ने यह नहीं कहा कि एआई की सहायता से बना हर काम कॉपीराइट से बाहर है। उसने सिर्फ उस स्थिति को अस्वीकार किया जिसमें मशीन को ही अकेला ऑथर बताया गया था। इसलिए भविष्य का सही सवाल यह नहीं होगा कि “एआई का इस्तेमाल हुआ?” इसके स्थान पर पूछा जाएगा कि “एआई ने वास्तव में क्या और कितना किया?” अर्थात् किसने विचार दिया? किसने दिशा तय की? किसने विकल्प चुने? किसने जनित सामग्री को स्वीकार या अस्वीकार किया? अंतिम रचना की अर्थवत्ता और संरचना पर निर्णायक नियंत्रण किसका था? और सबसे महत्वपूर्ण, उसके परिणाम की जिम्मेदारी किसने स्वीकार की?
यहाँ “निर्णायक नियंत्रण” शब्द खासा महत्वपूर्ण हो जाता है। साल 2025 में ह्यूमन-एआई कोलैबोरेटिव क्रिएशन पर प्रकाशित एक अध्ययन ने भी ऑथरशिप को “रचनात्मक नियंत्रण” से जोड़ कर देखने की कोशिश की। उसके अनुसार मनुष्य की लेखकीय भूमिका को सिर्फ इस बात से नहीं आँका जाना चाहिए कि अंतिम शब्द मशीन ने पैदा किया या मनुष्य ने लिखा। साथ में यह भी देखा जाना चाहिए कि पूरी रचनात्मक प्रक्रिया में मनुष्य ने कल्पना, दिशा और चयन के स्तर पर कितना नियंत्रण रखा। हाल के शोधों में भी यही कठिनाई सामने आई है कि एआई युग में समस्या “लेखक कौन है” की नहीं, बल्कि रचना में मानवीय योगदान को पहचाने और प्रमाणित करने के तरीकों की भी है।
एक नए नैतिक भेद की गुंजाइश
संभव है कि भविष्य में किताबों, फिल्मों, तस्वीरों और लेखों पर कुछ ऐसे टैग लगे दिखाई दें: मानव निर्मित, एआई सहायता प्राप्त, पूर्णतः एआई उत्पन्न आदि। पहली नजर में यह पारदर्शिता बहुत अच्छी लगती है। लेकिन इसमें एक नया खतरा छिपा है कि क्या हम फिर एक नई सामाजिक सीढ़ी बना देंगे? और पदानुक्रम कुछ इस तरह होगा— “यह पूरी तरह मनुष्य ने बनाया है, इसलिए महान।” “यह एआई सहायता प्राप्त है, इसलिए थोड़ा कम महान।” “यह पूर्णतः एआई ने बनाया है, इसलिए लगभग बेकार।” और फिर तकनीकी अंतर को नैतिक और सामाजिक श्रेष्ठता में बदल देने की वही पुरानी मनुष्य की आदत काम करने लगेगी। जिस तरह कभी हाथ से लिखा हुआ पत्र छपे हुए पत्र से अधिक “व्यक्तिगत” माना जाता था, उसी तरह हो सकता है कल मनुष्य द्वारा लिखी गई हर चीज को “प्रामाणिक” और एआई की सहायता से बनी हर चीज को “संदिग्ध” मानने की आदत लग जाए।
क्य यह सही होगा? क्योंकि किसी रचना का मूल्य केवल इस बात से तय नहीं होता कि उसे बनाने में कितनी हिकमतें लगानी पड़ीं। साथ में यह भी देखना पड़ता है कि उसमें विचार कितना है, अनुभव कितना है, संवेदना कितनी है और जिम्मेदारी किसकी है। यहीं एक और उलझन पैदा होगी। अगर कल कोई मशीन यह तय करने लगे कि किसी लेख में 60 प्रतिशत या 70 प्रतिशत एआई का इस्तेमाल हुआ है, तो क्या हम मशीन को मनुष्य की रचनात्मकता का नया नैतिक प्रहरी बना देंगे? एआई से बचने के लिए एआई डिटेक्टर और फिर डिटेक्टर की विश्वसनीयता जाँचने के लिए कोई दूसरी मशीन लाइए। यह सिलसिला हमें लेखक की स्वतंत्रता से ज्यादा मशीनों की आपसी निगरानी की दुनिया में ले जा सकता है। और इससे भी बड़ी समस्या यह है कि ऐसे डिटेक्टर हर मामले में विश्वसनीय नहीं होते और उनके गलत निष्कर्ष, खासकर उन लेखकों के लिए नुकसानदेह हो सकते हैं जिनकी भाषा डिटेक्टर की डिफॉल्ट भाषा से अलग है। इसलिए पारदर्शिता जरूरी है, लेकिन पारदर्शिता को ही नैतिक श्रेष्ठता का प्रमाण बना देना खतरनाक होगा। हमें यह जानने का अधिकार हो सकता है कि एआई ने रचना में किस तरह मदद की, लेकिन इससे यह अपने आप तय नहीं हो जाता कि वह रचना अच्छी है या खराब, ईमानदार है या बेईमान, मानवीय है या अमानवीय।
एक समय था जब किसी प्रसिद्ध व्यक्ति के नाम से प्रकाशित किताब का बड़ा हिस्सा किसी दूसरे मनुष्य ने लिखा होता था और फिर भी समाज उस प्रसिद्ध व्यक्ति को लेखक मानता था। इसे हम घोस्ट राइटिंग कहते हैं। यहाँ मशीन और मनुष्य में एक बुनियादी फर्क जरूर है। दूसरे मनुष्य के पास अपनी सामाजिक पहचान, इरादा और जिम्मेदारी होती है। मशीन के पास अभी ऐसी जवाबदेही नहीं है। इसलिए एआई को घोस्ट राइटर कहना है तो कह लीजिए, लेकिन यह पूरी तरह सही नहीं होगा। मशीन लेखक की जगह काम कर सकती है, लेकिन उसके परिणाम की जिम्मेदारी अभी भी मनुष्य पर ही लौटती है।
यही फर्क भविष्य की नैतिकता का आधार बन सकता है। लेखक वह नहीं जो हर शब्द अपने हाथ से लिखे। लेखक वह भी नहीं जो केवल एक आदेश दे कर हजारों शब्द पैदा करा दे। लेखक शायद वह है जो रचना की दिशा तय करता है, उसके निर्णायक चुनाव करता है और अंततः उसके अर्थ तथा परिणाम की जिम्मेदारी स्वीकार करता है।
मगर नैतिकता पत्थर की लकीर नहीं
हम नैतिकता को अक्सर स्थायी चीज मान लेते हैं। जैसे कि आज जो सही है, वह हमेशा सही था और हमेशा सही रहेगा। मानव इतिहास ऐसा नहीं है। जो कभी अस्वीकार्य था, वह बाद में सामान्य हुआ। जो कभी सामान्य था, वह बाद में अनैतिक माना गया। तकनीक, अर्थव्यवस्था, ज्ञान और सामाजिक संबंध बदलते हैं तो नैतिकता की सीमाएं भी पुनर्गठित होती हैं।
छापाखाने ने ज्ञान को अभिजात वर्ग के हाथ से निकाल कर बड़े समाज तक पहुंचाया। कैमरे ने चित्र बनाने की क्षमता का लोकतंत्रीकरण किया। इंटरनेट ने प्रकाशन की सत्ता को विकेंद्रित किया। लेकिन एआई अभूतपूर्व परिवर्तन है। अब मशीन सूचना को दोहरा भर नहीं रही; वह मनुष्य की तरह समाधान के विकल्प पैदा कर रही है, निर्णय ले रही है, गुणवत्ता एवं प्रामाणिकता तय कर रही है। इसलिए आज का प्रश्न पहले से अधिक कठिन है कि जब मनुष्य की रचनात्मक क्षमता का एक हिस्सा मशीन के साथ साझा हो जाएगा, तब हम “मनुष्य की रचना” की परिभाषा को कितना बदलेंगे? यहाँ हमें एक और सावधानी रखनी होगी। “एआई ने रचा” कहना भी उतना ही सरल निष्कर्ष है जितना “एआई कुछ रच ही नहीं सकती” कहना। बॉडेन की बहस से ले कर आज की कम्प्यूटेशनल क्रिएटीविटी की चर्चा तक यह साफ है कि रचनात्मकता को एक ही गुण मान कर उसका फैसला नहीं किया जा सकता। कोई प्रणाली नए संयोजन पैदा कर सकती है, अप्रत्याशित परिणाम दे सकती है और ऐसे विकल्प सामने ला सकती है जिन्हें मनुष्य उपयोगी समझे। लेकिन किसी परिणाम को रचनात्मक मानने के लिए अभिनवता के साथ मूल्य, मूल्याँकन, इरादा और संदर्भ जैसे प्रश्न भी सामने आते हैं। इसलिए असली बहस “मशीन रचनात्मक है या नहीं” से कहीं ज्यादा जटिल है।
डी-ए-बी-यू-एस का मामला तो सिर्फ एक शुरुआत है। आज कॉपीराइट कार्यालय कह रहा है कि एआई लेखक नहीं हो सकती। यह मौजूदा कानून के भीतर तार्किक स्थिति है। लेकिन कल ऐसी मशीनें होंगी जिनमें मानव का योगदान इतना कम और मशीन की स्वायत्तता इतनी अधिक होगी कि वर्तमान कानूनी श्रेणियां अपर्याप्त लग सकती हैं। यहाँ एक दिलचस्प विरोधाभास भी है। हम एआई से चाहते हैं कि वह हमारी भाषा समझे, हमारे सवालों के जवाब दे, हमारी कल्पनाओं को विस्तार दे और कभी-कभी हमसे बेहतर विकल्प भी सुझाए। लेकिन जब वही मशीन किसी रचना के निर्माण में इतनी आगे बढ़ती है कि उसका योगदान दिखाई देने लगता है, तब हम अचानक पूछने लगते हैं कि आखिर इसका लेखक कौन है। यानी हम मशीन की उपयोगिता जितनी तेजी से स्वीकार कर रहे हैं, उसकी रचनात्मक उपस्थिति को स्वीकार करने में उतने ही असहज हैं।
फिर भी एआई को “लेखक” बना देना समाधान नहीं है। क्योंकि लेखक होने के साथ सिर्फ कॉपीराइट नहीं आता। उसके साथ लेखकीय जिम्मेदारी भी आती है। ऐसे में अगर एआई को लेखक मान लेंगे तो साहित्यिक चोरी का दोषी किसे ठहराया जाएगा? मानहानि के लिए कौन जिम्मेदार होगा? किसी की शैली की नकल करने पर किसके खिलाफ दावा होगा? नैतिक अधिकार किसके होंगे? मृत्यु के बाद कॉपीराइट किसे मिलेगा? और सबसे बुनियादी सवाल कि क्या कोई मशीन किसी रचना पर अपना नैतिक अधिकार महसूस कर सकती है? ये प्रश्न कॉपीराइट और ऑथरशिप को अलग-अलग समझने की जरूरत पैदा करते हैं। किसी रचना पर आर्थिक अधिकार किसका है, यह एक सवाल है। रचना का लेखक कौन है, यह दूसरा। और उस रचना के लिए जवाबदेह कौन है, यह तीसरा। हो सकता है भविष्य का कानून इन तीनों सवालों को एक ही व्यक्ति या एक ही इकाई से जोड़ने के बजाय अलग-अलग देखे।
इतना तो स्पष्ट है कि कानून अभी इन प्रश्नों के लिए तैयार नहीं है। एआई-उत्पन्न सामग्री पर नैतिक अधिकारों की बहस भी इसी कारण कठिन है, क्योंकि पारंपरिक नैतिक अधिकार लेखक की व्यक्तिगत पहचान और गरिमा से जुड़े रहे हैं। शायद इसीलिए एआई को “लेखक” बना देना आज बड़ा आसान रास्ता दिखाई देता है, लेकिन वह भविष्य की कई बड़ी उलझनों को हल करने के बजाय और बढ़ा सकता है।
भविष्य का लेखक अकेला मनुष्य नहीं, पूरी प्रक्रिया होगी
हम लेखक को आज एक व्यक्ति के रूप में देखते हैं। कल शायद हमें रचना को एक रचनात्मक प्रक्रिया के रूप में देखना पड़े। कुछ इस तरह कि एक मनुष्य ने विचार दिया। दूसरे ने शोध किया। किसी एआई ने विकल्प पैदा किए। मनुष्य ने उनमें से कुछ विकल्प चुने। एआई ने भाषा बदली। मनुष्य ने फिर उसे अपने अनुभव से संशोधित किया। और अंततः जो रचना बनी, वह न पूरी तरह मशीन की थी, न उस पुराने अर्थ में पूरी तरह अकेले मनुष्य की। तब कॉपीराइट को भी शायद यह पूछना पड़ेगा कि निर्णायक रचनात्मक नियंत्रण किसके पास था।
इसका अर्थ यह नहीं कि हर वह व्यक्ति जो एआई का इस्तेमाल करता है, लेखक बन जाएगा। केवल प्रॉम्प्ट लिखना उतना ही अपर्याप्त हो सकता है जितना कैमरे का शटर दबा देना किसी भी तस्वीर को अपने आप महान कला नहीं बना देता। लेकिन दूसरी तरफ यह भी सही नहीं होगा कि मशीन ने कुछ शब्द पैदा कर दिए इसलिए मनुष्य की पूरी रचनात्मक भूमिका ही खत्म हो गई। लेखकत्व को प्रतिशत के हिसाब से नहीं, निर्णयों की प्रकृति के हिसाब से देखना होगा।
यह सोच भारतीय कॉपीराइट न्यायशास्त्र के लिए बिल्कुल अपरिचित नहीं है। भारतीय कॉपीराइट कानून में मौलिकता को केवल “नई चीज” होने के बजाय स्वतंत्र कौशल और निर्णय से जोड़ कर देखा गया है। एआई के मामले में चुनौती यही है कि इस मानवीय कौशल और निर्णय की सीमा कहाँ तक मानी जाए। और यहीं से एक नया सवाल निकलता है। यदि भविष्य में एआई किसी लेखक को हजार संभावित अनुच्छेद दे और लेखक उनमें से एक चुन कर बाकी नौ सौ निन्यानबे को खारिज कर दे, तो क्या उसका रचनात्मक श्रम केवल इसलिए छोटा हो जाएगा कि अंतिम शब्द मशीन ने सुझाए थे? दूसरी तरफ अगर लेखक ने कोई विचार ही नहीं दिया, कोई चयन नहीं किया और केवल मशीन के ऑउटपुट को अपने नाम से प्रकाशित कर दिया, तो क्या केवल नाम लगा देने से वह लेखक हो जाएगा? शायद नहीं। क्योंकि लेखकत्व का संबंध शब्दों की गिनती से कम और निर्णय की जिम्मेदारी से ज्यादा है।
यही बात एआई और मनुष्य की सहभागिता को एक नए ढंग से देखने की मांग करती है। मशीन जितनी सक्षम होगी, मनुष्य की भूमिका उतनी ही “निर्माता” से “निर्देशक, चयनकर्ता और संपादक” की ओर जा सकती है। हालाँकि यह भूमिका कम रचनात्मक नहीं होगी। कई बार दस हजार संभावनाओं में से एक सही संभावना चुनना, दस हजार शब्द लिख देने से ज्यादा कठिन काम हो सकता है। और बड़ा नैतिक प्रश्न है कि हम एआई से यह अपेक्षा तो कर रहे हैं कि वह हमारी तरह रचे, पर हम उसे यह अधिकार देने से डर रहे हैं कि उसकी रचना को हमारी रचना जैसा दर्जा मिले। यह विरोधाभास समझना जरूरी है। क्योंकि संभव है कि आने वाले वर्षों में एआई बहुत अच्छी कविता लिखे, बहुत सुंदर चित्र बनाए, बहुत प्रभावशाली संगीत रचे और ऐसे विचार सामने रखे जिन्हें उपयोगकर्ता स्वयं शायद कभी न सोच पाता।
लेकिन यहाँ भी हमें “अच्छी रचना” और “लेखक” को एक ही चीज मानने से बचना होगा। कोई मशीन ऐसी कविता पैदा कर सकती है जिसे पढ़ डीकर मनुष्य प्रभावित हो जाए। इससे यह जरूरी नहीं हो जाता कि मशीन को वही कानूनी, नैतिक और सामाजिक दर्जा भी दे दिया जाए जो किसी मनुष्य लेखक को मिलता है। किसी रचना की गुणवत्ता और उसके रचयिता की कानूनी स्थिति दो अलग प्रश्न हो सकते हैं। तब हमारे सामने दो रास्ते होंगे। या तो हम हर बार कहेंगे कि “यह मशीन ने बनाया है, इसलिए यह कला नहीं है।” या फिर हमें अपने पुराने प्रश्न को “इस रचना में रचनात्मक निर्णय, अर्थ और जिम्मेदारी किसकी है?” में बदलना पड़ेगा।
संभव है कि इसके साथ एक और सवाल भी जोड़ना पड़े कि “इस रचना के परिणाम की जिम्मेदारी कौन लेगा?” क्योंकि लेखकत्व का सबसे कठिन हिस्सा रचना पैदा करना नहीं, रचना के साथ खड़ा होना है। अगर कोई लेख गलत सूचना फैलाता है, किसी व्यक्ति की प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंचाता है, किसी समुदाय के बारे में झूठा दावा करता है या किसी दूसरे की रचना की नकल करता है, तो हमारे लिए यह जानना पर्याप्त नहीं होगा कि वह ऑउटपुट किस प्रणाली से निकला था। हमें यह भी पता करना होगा कि उसे प्रकाशित करने का अंतिम निर्णय किसने लिया था। यहीं एआई युग के लेखक की पहचान सामने आती है। वह व्यक्ति जिसने सबसे अधिक शब्द लिखे हों, जरूरी नहीं कि वही लेखक हो। वह व्यक्ति जिसने सबसे अधिक रचनात्मक निर्णय लिए हों और उन निर्णयों की जिम्मेदारी स्वीकार की हो, उसके लेखक होने का दावा कहीं ज्यादा मजबूत हो सकता है।
डी-ए-यू-एस को आज लेखक न मानना संभवतः सही कानूनी निर्णय है। फैसले में थालेर को “कारण बनने वाला व्यक्ति” माना गया था, लेकिन आवेदन इसलिए खारिज हुआ कि उन्होंने डी-ए-यू-एस को ही लेखक बनाए रखने पर जोर दिया। फिर भी इस फैसले को अंतिम सत्य समझ लेना भूल होगी। क्योंकि तकनीक के इतिहास में “असंभव” शब्द की उम्र बहुत छोटी होती है। कभी मनुष्य ने पत्थरों पर चित्र उकेरे थे। आज पिक्सल्स के भीतर एक ऐसी मशीन बैठी है जो हमारे लिए शब्द और रेखाएँ चुन सकती है। इसलिए अगला प्रश्न यह पूछा जाएगा कि जब रचना करने की हमारी परिभाषा बदल जाएगी, तब “मनुष्य होने” की परिभाषा कितनी बदलेगी। और एआई की सबसे बड़ी चुनौती कॉपीराइट कानून के लिए नहीं, हमारी अपनी नैतिक कल्पना के लिए होगी।





टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें